लखनऊ। खाद्य विभाग की टीम ने आगरा से लाए जा रहे 18 क्विंटल खराब पनीर नष्ट कराया है। आठ क्विंटल पनीर पर जीएसटी भी नहीं चुकाई गई थी।
लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे के टोल प्लाजा पर शुक्रवार रात आगरा की तरफ से आ रही पिकअप को रोका गया तो उसमें 3.61 लाख रुपये का 18 क्विंटल पनीर पकड़ा गया। पनीर मिल्क डेयरी हसनपुर, पलवल हरियाणा में बना था और बाराबंकी के दरियाबाद ले जाया जा रहा था। मामले में बिल पर सिर्फ 10 क्विंटल के पनीर की ही जीएसटी चुकाई गई थी। अफसरों ने रात को ही मय माल गाड़ी को थाने के सुपुर्द किया और पनीर का नमूना लेकर जांच के लिए भेजा गया, जिसमें पनीर खराब निकला। इसके बाद उसे पारा क्षेत्र में नष्ट करा दिया गया। सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय विजय प्रताप सिंह ने बताया कि कारोबारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई शुरू की गई है।