रायबरेली। दीपावली पर धनतेरस से लगने वाली पटाखा दुकानों के अस्थायी लाइसेंस के लिए बृहस्पतिवार को कलेक्ट्रेट स्थित सिटी मजिस्ट्रेट के न्यायालय में 284 आवेदनपत्र बांटे गए। इसके एवज में जिला रायफल क्लब में दो-दो रुपये की रसीद दी गई। सभी आवेदनों को शुक्रवार शाम तक जमा कराने के आदेश दिए गए हैं। लॉटरी के माध्यम से दुकानों का आवंटन होगा।
बृहस्पतिवार सुबह से ही सिटी मजिस्ट्रेट के न्यायालय के बाहर लोगों की भीड़ लग गई। सिटी मजिस्ट्रेट धीरेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने अपनी मौजूदगी में आवेदनपत्रों का वितरण शुरू कराया। शाम तक 284 लोगों ने आवेदन पत्र लिया। आवेदनपत्रों के माध्यम से 56,800 रुपये का राजस्व जुटाया गया। यह धनराशि जिला रायफल क्लब के खाते में जमा कराई गई। सभी आवेदकों को शुक्रवार शाम तक आवेदनों को जमा कराने के आदेश दिए गए हैं, जिससे समय से लॉटरी कराकर दुकानें आवंटित कराई जा सके।
सिटी मजिस्ट्रेट धीरेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि बृहस्पतिवार को 284 आवेदनपत्रों का वितरण कराया गया। शुक्रवार को सभी को आवेदन जमा करना होगा। इसके बाद लॉटरी होगी। उन्होंने बताया कि जीआईसी, गोराबाजार, आईटीआई के लिए 50-50 और मुंशीगंज में पटाखे की 25 दुकानें आवंटित की जाएंगी। दीपावली पर तीन दिनों के लिए अस्थायी लाइसेंस दिया जाएगा। पटाखा दुकानों पर सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध रखने होंगे।