सीतापुर। भाजपा विधायक महेंद्र यादव ने ज्योतिशाह आलमपुर गांव में चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का बखान भी किया। ब्लॉक कसमंडा के ज्योतिशाह आलमपुर गांव में चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने बैंकुठपुर से ज्योतिशाह आलमपुर और कसमंडा से गोलामऊ गांव तक डामरीकृत संपर्क मार्ग बनवाए जाने तथा गोलामऊ व भेलाहार का विद्युतीकरण कराने की मांग की। विधायक ने जल्द ही समस्याओं के निस्तारण का आश्वासन दिया। साथ ही केंद्र सरकार की उज्जवला, सौभाग्य, प्रधानमंत्री इंदिरा आवास इत्यादि योजनाओं का बखान करते हुए समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक लाभ पहुंचाने के लिए जन सहयोग मांगा। इसके अलावा महोली गांव में भाजपा जिलाध्यक्ष अजय गुप्ता ने चौपाल लगाकर सरकारी की योजनाओं की ग्रामीणों को जानकारी दी। इस मौके पर मनोज यादव, नंदू पांडेय, अमर बाजपेई, गोकरन प्रसाद, अनुराग, शिवेंद्र कश्यप आदि मौजूद थे। उधर, मिश्रिख विधायक राम कृष्ण भार्गव ने अपने विधान सभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत अशोकापुर गांव में चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। बाद में उन्होंने मोदी व योगी सरकार की उपलब्धियों का बखान करते हुए जनता से सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की। इसके अलावा सदर विधायक राकेश राठौर ने मोहददीनपुर गांव में चौपाल लगाकर लोगों की समस्याओं को सुना। इस दौरान ग्रामीणों ने सड़क, बिजली व पानी आदि मूलभूत समस्याएं गिनाई। इस पर उन्होंने शीघ्र ही समस्या का निदान कराने का आश्वासन दिया।