गोंडा। मनकापुर तहसील के टिकरी जंगल में बसे तीन वन टांगिया गांवों को आज तक विकास की किरण से दूर रखा गया है। गौरा विधानसभा क्षेत्र के छपिया व मनकापुर में पड़ने वाले तीन वन टांगिया गांवों के दिन बहुरने वाले हैं। क्षेत्रीय विधायक के प्रयास से सीएम आदित्यनाथ का कार्यक्रम प्रस्तावित है। अभी तिथि तय नहीं है, पर उसी परिप्रेक्ष्य में विधायक प्रभात वर्मा, डीएम जेबी सिंह, एसपी लल्लन सिंह ने अन्य अधिकारियों के साथ गुरुवार को तीनों वन टांगिया गांवों का निरीक्षण किया। विधायक प्रभात वर्मा ने बताया कि सीएम के निजी सचिव से बात हो गई है। सीएम का कार्यक्रम प्रस्तावित है। कर्नाटक चुनाव की वजह से तिथि तय नहीं हो पाई है। उन्होंने बताया कि मनकापुर तहसील क्षेत्र में अशरफाबाद, रामगढ़ भूटानी तथा मनीपुर तीन वन टांगिया गांव हैं। यहां के ग्रामीणों की गिनती अभी तक जिले के नागरिकों में नहीं हो पाती थी। इन गांवों को राजस्व गांव घोषित किया जाएगा। यहां के लोगों को प्रमाण पत्र दिए जाएंगे। इन तीनों वन टांगिया गांव के विकास के लिए भारत व उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से चलाई जा रही सभी योजनाओं का लाभ दिया जाएगा। डीएम जेबी सिंह ने बताया कि गांव का निरीक्षण कर पूरी तैयारी कर ली गई है। इन गांवों के विकास के लिए शासन से जो भी मुनासिब होगा, किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान पूर्व ब्लाक प्रमुख यूपी सिंह, बाबू राम यादव आदि मौजूद रहे।