एसी में शॉर्ट सर्किट से एचडीएफसी बैंक में लगी आग
लालगंज (रायबरेली)। कस्बे के नई बाजार मोहल्ला स्थित एचडीएफसी बैंक में बुधवार को एसी में शार्ट सर्किट से चलते आग लग गई।
लपटों में बैंक का सर्वर रूम भी राख हो गया। दमकल कर्मियों ने किसी तरह लपटों पर काबू पाया। हादसे के कारण दिनभर बैंक में कामकाज ठप रहा।
बैंक के गार्ड गणेश प्रसाद ने सुबह आठ बजे बैंक के बाहर लगे जेनरेटर को जैसे ही चलाया एसी में शार्ट सर्किट के चलते आग लग गई।
एसी में लगी आग सर्वर रूम तक पहुंच गई। इसी बीच दमकल टीम को सूचना दी गई। बैंक के गार्ड और फायर ब्रिगेड के लोगों ने मिलकर किसी तरह आग पर काबू पाया।
इस दौरान सर्वर पूरी तरह राख हो गया। वहीं बैंक में रखे कई कागजात भी जल गए। हादसे के कारण दिनभर कामकाज नहीं हो सका।
बैंक की तकनीकी टीम नुकसान का आकलन कर रही है। दमकल अधिकारी रामनारायण यादव ने बताया कि शार्ट सर्किट के चलते बैंक में आग लगी थी। वहीं बैंक के प्रबंधक अजय प्रताप सिंह ने हादसे में हुए नुकसान की जानकारी देने से इन्कार कर दिया।