यूपी बोर्ड की परीक्षा के लिए शुरू हो गई कवायद
संवाद न्यूज एजेंसी
रायबरेली। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा को लेकर कवायद शुरू हो गई है। कक्षा 9-11 के पंजीकरण हों या फिर 10-12 के परीक्षा फाॅर्म भराना, इसके लिए सभी माध्यमिक विद्यालयों में प्रक्रिया चल रही है। इसके साथ ही व्यक्तिगत परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए 15 अग्रसारण केंद्र भी नामित कर दिए गए हैं, जहां हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट के व्यक्तिगत परीक्षार्थी के रूप में आवेदन किए जा सकेंगे।
व्यक्तिगत परीक्षार्थियों के लिए बनाए गए अग्रसारण केंद्रों में जीजीआईसी बछरावां, जीआईसी हलोर, जीआईसी रायबरेली, जीजीआईसी रायबरेली, जीजीआईसी देवानंदपुर, जवाहर राजकीय इंटर काॅलेज सेमरी, जीआईसी डीह, जीजीआईसी गुरगुजपुर, जीआईसी टेराबरौला, जीआईसी अटौरा बुजुर्ग, राजकीय हाईस्कूल रोहनिया, राजकीय हाईस्कूल जलालपुर धई, राजकीय हाईस्कूल सूची, पं. दीनदयाल उपाध्याय राजकीय मॉडल इंटर काॅलेज कुंवरऊ और राजकीय हाईस्कूल रोझइया भीखमशाह शामिल हैं। प्रत्येक केंद्र पर हाईस्कूल के 600 और इंटर के 400 परीक्षार्थी संख्या आवंटित की गई है। जीआईसी रायबरेली में केवल बालक एवं जीजीआईसी रायबरेली व देवानंदपुर में केवल बालिका, जबकि बाकी केंद्रों पर बालक व बालिका दोनों को सुविधा मिल सकेगी।
इनसेट
पत्राचार परीक्षार्थियों के लिए सात केंद्र बनाए
पत्राचार परीक्षार्थियों के लिए सात अग्रसारण केंद्र बनाए गए हैं। इनमें भागीरथी इंटर काॅलेज मुराईबाग, जीआईसी रायबरेली, जीजीआईसी रायबरेली, बैसवारा इंटर काॅलेज लालगंज, सर्वोदय इंटर काॅलेज सलोन, हरनारायण इंटर काॅलेज ऊंचाहार, राजा चंद्रचूड़ विद्यापीठ इंटर काॅलेज महराजगंज शामिल हैं। प्रत्येक केंद्र पर आवंटित परीक्षार्थियों की संख्या 800 रहेगी। इनमें भी जीआईसी में केवल बालक व जीजीआईसी में केवल बालिकाएं, जबकि बाकी केंद्रों पर बालक-बालिका दोनों को सुविधा मिलेगी।
इनसेट
प्रवेश और शुल्क पांच अगस्त तक होंगे जमा
कक्षा 10 एवं 12 में प्रवेश लेने तथा परीक्षा शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 5 अगस्त निर्धारित की गई है। कक्षा 9 एवं 11 में प्रवेश की अंतिम तिथि भी 5 अगस्त है। इस संबंध में यूपी बोर्ड के सचिव दिव्यकांत शुक्ल ने समय सारिणी जारी की है।