रायबरेली। राष्ट्रीय फैशन प्रौद्योगिकी संस्थान (निफ्ट) का दो दिवसीय ग्रेजुएशन शो 1 व 2 जून को लखनऊ में आयोजित होगा। पहले दिन निफ्ट के पांच विभागों के लगभग 140 विद्यार्थी ग्रेजुएशन प्रोजेक्ट के दौरान किए अपने कार्यों को प्रदर्शित करेंगे, जबकि दूसरे दिन डिजाइन की प्रदर्शनी और फैशन शो के साथ अवार्ड का वितरण किया जाएगा।
निफ्ट के निदेशक डॉ. भरत साह ने बताया कि एक जून को लखनऊ एयरपोर्ट के पास स्थित एक होटल में सुबह 11 बजे से ग्रेजुएशन शो आयोजित होगा। इसमें फैशन कम्यूनिकेशन एवं फैशन मैनेजमेंट स्टडीज के विद्यार्थी अपने कार्यों का प्रदर्शन करेंगे। दूसरे दिन दो जून को लखनऊ में एक होटल में शाम 6 बजे कार्यक्रम होगा, जिसमें फैशन डिजाइन, लेदर डिजाइन एवं एक्सेसरी डिजाइन विभाग के छात्र-छात्राएं अपनी डिजाइन की गई वस्तुओं की प्रदर्शनी लगाएंगे। इस दौरान फैशन डिजाइन विभाग का फैशन शो भी होगा। दोनों दिन के कार्यक्रमों में कई गणमान्य अतिथियों को आमंत्रित किया गया है। साथ ही संस्थान के पूर्व छात्र-छात्राएं भी हिस्सा लेंगे।
इनसेट
निफ्ट के संयुक्त निदेशक एनएस बोरा ने बताया कि निफ्ट के पांच विभागों की तीन-तीन प्रतिभाओं को अलग-अलग अवार्ड बांटे जाएंगे। फैशन मैनेजमेंट स्टडी, फैशन कम्यूनिकेशन, फैशन एवं लाइफस्टाइल एक्सेसरी, लेदर डिजाइन और फैशन डिजाइन विभाग में बेस्ट पोस्ट ग्रेजुएशन प्रोजेक्ट अवॉर्ड, बेस्ट ग्रेजुएशन प्रोजेक्ट अवॉर्ड, मोस्ट क्रिएटिव एंड इनोवेटिव डिजाइन कलेक्शन, अवॉर्ड फॉर बेस्ट इनोवेटिव ग्रेजुएशन प्रोजेक्ट समेत कुल 15 अवार्ड बांटे जाएंगे। उन्होंने बताया कि निफ्ट रायबरेली की शुरूआत 2007 में हुई थी। कैंपस में प्रशासनिक एवं अकादमिक शाखाएं बहुमंजिली भवनों में चल रही हैं। अकादमिक ब्लॉक में क्लासरूम, स्टूडियो, लैब, संसाधन केंद्र, लाइब्रेरी, प्रदर्शन गैलरी शामिल है। संवाद