लखनऊ। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), अलीगंज में सोमवार को रोजगार मेला आयोजित किया गया। इसमें 131 अभ्यर्थियों का चयन किया गया है। मुख्यमंत्री मिशन रोजगार योजना के तहत कुल 240 युवाओं ने इसमें भाग लिया। इन्हें निजी क्षेत्र में रोजगार और अप्रेंटिसशिप के अवसर मिलेंगे। मेले में सुबरोस लिमिटेड, ओमैक्स ऑटो लिमिटेड और एयरटेल जैसी कंपनियों ने हिस्सा लिया। इन कंपनियों ने युवाओं को विभिन्न पदों पर चुना। संस्थान के प्रधानाचार्य राज कुमार यादव ने मेले का उद्देश्य बताया। उन्होंने कहा कि लक्ष्य आईटीआई और तकनीकी योग्यता वाले युवाओं को बेहतर अवसर देना है। प्लेसमेंट अधिकारी एमए खान ने बताया कि साक्षात्कार के बाद चयन हुआ। चयनित अभ्यर्थियों को 15,000 रुपये से 24,500 रुपये प्रतिमाह तक वेतन या मानदेय मिलेगा।