लखनऊ। काकोरी के हलवापुर गांव के बाहर स्थित कंपोजिट शराब की दुकान का ताला तोड़कर चोर शनिवार रात 13 पेटी अंग्रेजी शराब और सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर चोरी कर ले गए। चोरी गई शराब की कीमत करीब 60 हजार रुपये बताई गई है। इंस्पेक्टर काकोरी सतीश चंद्र राठौर के मुताबिक, दुकान दुबग्गा के फरीदीपुर निवासी अखिलेश तिवारी की है। रविवार सुबह ग्रामीणों ने दुकान का ताला टूटा देखा और दुकानदार को सूचना दी। इसके बाद पुलिस को जानकारी दी गई। इंस्पेक्टर ने बताया कि एफआईआर दर्ज कर ली गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर चोरों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।