महिलाओं व बच्चों के प्रति अपराध करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का सिलसिला जारी है। प्रदेश में चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान के तहत अभियोजन विभाग को पिछले 24 घंटे में 12 अभियुक्तों को आजीवन कारावास की सजा दिलवाने में कामयाबी मिली। इसके अलावा आठ अभियुक्तों को 10 वर्ष व उससे अधिक के कठोर कारावास की सजा दिलाई गई।
अपर मुख्य सचिव अवनीश कुमार अवस्थी ने कहा कि मिशन शक्ति के सकारात्मक परिणाम हासिल हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि इसमें बरेली के फतेहगंज थाना क्षेत्र की एक घटना के अभियुक्त सोनू, गोरखपुर के पीपीगंज थाना क्षेत्र की घटना में आरोपी कमलेश, महराजगंज के कोल्हुई थाना क्षेत्र की वारदात में अभियुक्त उमेश, संत कबीरनगर के खलीलाबाद थाना क्षेत्र की आपराधिक घटना के अभियुक्त सुभाष, अयोध्या की कोतवाली अयोध्या क्षेत्र की घटना के अभियुक्त एस अंसारी, आजमगढ़ के फूलपुर थाना क्षेत्र की घटना के अभियुक्त आदिल, आगरा के जगदीशपुरा थाना क्षेत्र की घटना के अभियुक्त रहीसो व गोरखपुर के चौरीचौरा थाना क्षेत्र की घटना के पांच अभियुक्तों दुर्गेश, विवेक, कृष्णा, कवीन्द्र और आशुतोष को आजीवन कारावास की सजा से दंडित कराने में कामयाबी मिली है।