शहीद पथ पर कोहरे के चलते हुए हादसे के बाद बृहस्पतिवार सुबह नौ बजे से रात नौ बजे तक यातायात रेंगता रहा।
बीबीएयू के सामने कानपुर रोड जाने वाले मार्ग पर खड़े ट्रक में पीछे से ट्रेलर ने टक्कर मार दी। इसके बाद ट्रेलर डिवाइडर तोड़ते हुए दूसरी तरफ आ गया। इसके चलते एक तरफ का ट्रैफिक जाम हो गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने चार क्रेनें मंगवाईं, लेकिन 12 घंटे की मशक्कत के बावजूद ट्रेलर को पूरी तरह से नहीं हटाया जा सका।
इस दौरान आधा-आधा घंटे के लिए दोनों तरफ रास्ता बंद कर यातायात चलाया गया। हादसे में जख्मी दोनों वाहनों के चालक और परिचालकों को लोकबंधु अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानिए कहां-कितनी देर तक यातायात रहा बाधित
- कानपुर से आने वाले वाहनों को दिनभर रमाबाई चौकी से सर्विस लाइन होते हुए रायबरेली रोड की तरफ उतार दिया गया। इसके चलते रायबरेली रोड पर भी यातायात रेंगता रहा।
- रमाबाई चौकी से रायबरेली रोड की सर्विस लाइन और साउथ सिटी के रास्ते में भी वाहनों के पहिये थमे रहे।
- शहीद पथ के नीचे उतरेठिया चौराहे पर और एसजीपीजीआई के गेट पर दिनभर वाहन रेंगते रहे। तेलीबाग चौराहे भी दिनभर वाहन सवार जाम के झाम से परेशान रहे।