डीह (रायबरेली)। ब्लॉक क्षेत्र डीह की दो ग्राम पंचायतों में शुक्रवार को चौपाल का आयोजन किया गया। परियोजना निदेशक और खंड विकास अधिकारी ने ग्रामीणों की समस्याओं को सुना। इसके साथ ही कुल 11 शिकायतों का निस्तारण भी किया गया।
ग्राम पंचायत सादीपुर कोटवा के पंचायत भवन में लगी ग्राम चौपाल में परियोजना निदेशक राजेश मिश्रा और खंड विकास अधिकारी धीरेंद्र कुमार त्रिपाठी ने ग्रामीणों की समस्याओं को सुना। ग्रामीण राकेश कुमार ने आवास की मांग की तो सोनू ने शौचालय के लिए आवेदन किया।
राजेश ने इंटरलाकिंग सड़क बनवाने को कहा। प्राथमिक विद्यालय के पास से कचनावा तक खड़ंजा बिछवाने की मांग की गई। चौपाल में नौ शिकायतें आईं जिनका मौके पर ग्राम विकास अधिकारी अजय कुमार ने निस्तारण किया। चौपाल में ग्राम प्रधान सीता पती, रामकुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
इसी तरह सुरैया मुवक्किलपुर में आयोजित चौपाल में सचिव पप्पू लाल निर्मल ने शिकायत सुनीं। वहां दो शिकायतें मिलीं जिनका निस्तारण किया गया।