महिला को लाने के बाद मकान के बाहर खड़ी पुलिस।
- फोटो : AMAR UJALA
महिला के पति की रिपोर्ट आई निगेटिव, महिला को अग्रोहा मेडिकल कॉलेज से मिली छुट्टी
- स्वास्थ्य विभाग की ओर से महिला व उसके पति दोनों को होम क्वारंटीन के लिए रखा जाएगा
- जिला अस्पताल की ओर से भेजे गए 11 सैंपल की रिपोर्ट देर शाम तक आने की उम्मीद
- फिलहाल जिले में कोई भी कोरोना पॉजीटिव केस नहीं
संवाद न्यूज़ एजेंसी
हिसार।
जिलेवासियों के लिए राहत की खबर यह कि जिले में एक भी कोरोना पॉजिटिव केस नहीं है। महिला के पति की दूसरी रिपोर्ट भी निगेटिव आ चुकी है। सोमवार दोपहर को शहर की कालोनी निवासी महिला को अग्रोहा मेडिकल कॉलेज सेे छुट्टी मिल गई है। रविवार देर शाम को ही स्वास्थ्य विभाग की ओर से महिला को घर लाने से पहले उसका घर पूरी तरह से सैनिटाइज करवाया गया। अब महिला और उसके पति को होम क्वारन्टीन कर दिया जाएगा। वहीं जिला अस्पताल की ओर से रविवार को 11कोरोना संदिग्ध सैंपल जांच के लिए भेजा गया है ।इनमें से 9 सैंपल जिला नागरिक अस्पताल से भेजे गए हैं और 2 सैंपल अग्रोहा मेडिकल कॉलेज से भेजे गए हैं। जानकारी के अनुसार शनिवार को जिला अस्पताल की ओर से भेजे गए सभी सैंपल की रिपोर्ट निगेटिव आ चुकी है। जमात से आए लोगों की सूचना मिलने पर स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह से अलर्ट हो गया है और इस बारे में जिले में सभी जगह जांच की जा रही है। जानकारी के अनुसार महिला को घर लाने के बाद काफी देर तक स्वास्थ्य विभाग की टीम और पुलिस स्टाफ वहीं मौजूद रही। इसका कारण था कि आस-पड़ोस के लोग कोरोना के चलते महिला और उसके पति केेे साथ भेदभाव या घृणा की भावना से परेशान न कर सके।