कहीं ऑन लाइन बाइक बेचने के नाम पर तो कहीं डॉलर देने के नाम पर ठगी, मामला दर्ज
नई दिल्लीः राजधानी में ठगी का सिलसिला लगातार जारी है। कभी खुद को सेना का अधिकारी बताकर ऑन लाइन बाइक बेचने के नाम पर ठगी की जाती है तो कभी डॉलर देने के नाम पर भोले-भाले लोगों को अपने जाल में फंसाकर उनकी गाढ़ी कमाई पर हाथ साफ किया जाता है। ऐसे ही मामले में पूर्वी दिल्ली के शकरपुर और उत्तरी दिल्ली के सराय रोहिल्ला इलाके में हुए। पीड़ितों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस टेक्नीकल सर्विलांस और सीसीटीवी फुटेज की मदद से पूरे मामले की छानबीन कर रही है।
----
वारदात नंबर-1
कमलेश शुक्ला परिवार के साथ स्कूल ब्लॉक, शकरपुर में रहता है। उन्हें पुरानी बाइक की जरूरत थी। कमलेेेश ने फेसबुक पर एक पुरानी बाइक का विज्ञापन देखा। दिए गए नंबर पर कॉल करने पर बाइक के मालिक ने खुद को सेना में और आगरा एयरपोर्ट पर तैनात बताया। आरोपी ने विश्वास जितने के लिए पीड़ित को अपना आईकार्ड और कैंटीन कार्ड की कॉपी भेज दी। फोन पर ही सौदा तय होने के बाद आरोपी ने सेना के नियम कानून होने की बात कर पीड़ित से धोखे से 74533 रुपये अपने खाते में ट्रांसफर कर लिये। इसके बाद आरोपी ने अपना फोन बंद कर लिया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया।
----
वारदात नंबर-2
धर्मेंद्र परिवार के साथ रोहिणी गांव में रहता है। वह सेक्टर-24 के पास पान-गुटखे की दुकान चलाता है। करीब एक सप्ताह पूर्व उसकी दुकान पर एक महिला सामान खरीदने आई। उसने धर्मेंद्र को 20 डॉलर का नोट देकर कहा कि वह 400 रुपये वापस कर दे। अगले दिन दोबारा महिला पहुंची। उसने कहा कि उसके पास ऐसे 200 नोट हैं। वह चाहे तो एक लाख रुपये में सारे नोट दे सकती है। महिला ने धर्मेंद्र को जखीरा के पास एक शख्स से मिलवाया। पीड़ित 20 डॉलर के 200 नोट लेने के लिए इंद्रलोक पानी की टंकी के पास पहुंचा। वहां आरोपी एक कपड़े में बांधकर पीड़ित को अखबार की कतरन थमाकर फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर सराय रोहिल्ला थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
----
(शुजात आलम)