नई दिल्लीः बुराड़ी थाना पुलिस ने व्हीकल स्कैन ऐप की मदद से एक नाबालिग वाहन चोर को दबोचा है। आरोपी के पास से दो बाइक, एक स्कूटी व एक कार बरामद हुई है। काउंसलिंग के दौरान नाबालिग ने बताया कि वह रोहित उर्फ हड्डी के साथ मिलकर वाहन चोरी करता था। चोरी की स्पोर्ट्स बाइक पर घूमते समय पुलिस ने नाबालिग को पकड़ा था। पुलिस उससे पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।
उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त ने बताया कि मंगलवार शाम को बुराड़ी थाने की टीम पेट्रोलिंग पर थी। उसी दौरान पुलिस ने100 फुटा रोड, बंगाली कालोनी, बुराड़ी के पास बगैर हेल्मेट के एक किशोर को यामाहा की स्पोर्ट्स बाइक पर रोकने का इशारा किया। पुलिस को देखते ही किशोर ने भागने का प्रयास किया। पुलिस ने किशोर को काबू कर बाइक की डिटेल व्हीकल स्कैन ऐप पर डाली तो वह बुराड़ी से चोरी की मिली। पूछताछ में किशोर ने मान लिया कि उसने अपने साथी रोहित के साथ मिलकर बाइक को चोरी किया था। पुलिस ने बाद में किशोर की निशानदेही पर एक स्कूटी, बाइक व कार बरामद की। पुलिस किशोर से पूछताछ कर रोहित का पता लगाने का प्रयास कर रही है।