शहर में जांच के लिए पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम।
- फोटो : AMAR UJALA
संवाद न्यूज एजेंसी
हिसार। पीड़ित महिला की दूसरी रिपोर्ट निगेटिव आ चुकी है। फिलहाल पीड़ित महिला अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में उपचाराधीन है। अभी उक्त महिला की 48-48 घंटों के अंतराल में दो बार और जांच की जाएगी। यदि वह दोनों रिपोर्ट निगेटिव आती हैं तो उसके बाद महिला को घर में सेल्फ क्वारन्टीन के लिए अस्पताल से छुट्टी दे दी जाएगी। पिछले 2 दिनों में जिले की ओर से 8 कोरोना संदिग्ध के सैंपल जांच के लिए भेजे जा चुके हैं। इनमें से अभी तक किसी की रिपोर्ट नहीं आई है। शायद वीरवार देर शाम तक सभी सैंपल की रिपोर्ट आ सकती है। बता दें कि पीड़ित महिला के पति की रिपोर्ट निगेटिव आने के कारण उसे होम क्वॉरेंटाइन के लिए जीजेयू में रखा गया है। वहीं पीड़िता के संपर्क में आए अन्य सभी लोगों को भी जीजेयू में होम क्वॉरेंटाइन के लिए रखा गया है। इधर, स्वास्थ्य विभाग की टीम विदेशी या बाहर से आए लोगों की जांच में जुटी हुई है। जिले में जमात से आए लोगों की सूचना मिलने पर स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह अलर्ट हो गया और बुधवार से ही विभाग की टीम ऐसे लोगों की जांच में जुटी हुई है, लेकिन अभी तक जिले में ऐसा कोई व्यक्ति नहीं मिला है जो जमात से आया हो। पीड़िता के घर के आसपास के सभी लोग खुद ही क्वारंटीन का पालन कर रहे हैं।