- सिरसा, जयपुर, गुरुग्राम के बैंक खातों में ट्रांसफर किए पैसे
अमर उजाला ब्यूरो
महेंद्रगढ़। फोन पे के जरिए 20 हजार रुपये खाते में डालने के नाम पर साइबर ठगों ने गांव पाथेड़ा के खोया कारोबारी से एक लाख रुपये ठग लिए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कारोबारी दिनेश के खाते से निकाला गया पैसा सिरसा, जयपुर, गुरुग्राम के तीन बैंक खातों में डाला गया है।
गांव पाथेड़ा निवासी दिनेश खोया बनाने का कारोबार करते हैं।उन्होंने गांव में ही अगिहार रोड पर खोया प्लांट लगाया हुआ है। उनकी मिठाई की दुकान भी है। दिनेश ने बताया कि उनके पास एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया। जिसमें फोन करने वाले कहा कि वह उसके दोस्त अमीर का परिचित है। पहले काफी देर तक घर परिवार, कारोबार के बारे में बातचीत करता रहा। फोन करने वाले ने कहा कि उसका बैंक खाता बंद हो गया है। वह 20 हजार रुपये खाते में ट्रांसफर करना चाहता है।फोन करने वाले ने कहा कि मैं आपको व्हाट्स एप पर एक बार कोड भेज रहा हूं।इसे स्कैन करोगे तो पेमेंट आ जाएगी।दिनेश ने अपनी शिकायत में बताया कि जब उन्होंने बार कोड को स्कैन किया तो उनके खाते से एक लाख रुपये की राशि निकाल ली। बैंक खाते में कुल 474 रुपये ही छोड़े। दिनेश ने इस बारे में बैंक से डिटेल निकाली। जिसमें पता लगा कि तीन बैंक खातों में यह पैसा ट्रांसफर कराया गया है। जिसमें गुरुग्राम, सिरसा तथा जयपुर के अलग अलग बैंक खाते हैं। दिनेश ने बताया कि उन्होंने इस बारे में सीएम, पीएम तथा आरबीआई को ट्विट कर अपनी शिकायत पहुंचाई है। महेंद्रगढ़ थाना पुलिस ने अज्ञात साइबर ठगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।