बहादुरगढ़। शहर के जटवाड़ा मोहल्ला में रहने वाले एक व्यक्ति को ऑनलाइन तरीके से किसी ने एक लाख 10 हजार रुपये की चपत लगा दी। यह सब मोबाइल सिम की केवाइसी अपडेट करने के बहाने किया गया। आरोपी ने व्यक्ति के मोबाइल पर एनी डिश एप डाउनलोड करवाई। इसके बाद 10 रुपये का रिचार्ज करवाया और फिर तीन बार करके खाते से एक लाख 10 हजार रुपये उड़ा लिए। ठगी के शिकार हुए व्यक्ति ने पुलिस को शिकायत दी है। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में जटवाड़ा मोहल्ला निवासी संजय सैनी ने बताया कि 28 नवंबर 2021 को वह अपने घर में थे। दोपहर बाद उनके मोबाइल पर एक मोबाइल फोन नंबर से कई बार कॉल आई। उन्होंने बातचीत की तो कॉल करने वाले ने कहा कि आपने अपने मोबाइल फोन के सिम की केवाइसी अपडेट नहीं करवाई है। इसे आप अभी अपडेट करवा लें, अन्यथा आपकी सिम अभी बंद हो जाएगी। इसके लिए आरोपी ने संजय को अपने मोबाइल फोन में प्ले स्टोर के माघ्यम से एनी डिश एप डाउनलोड करने को कहा। साथ ही कहा कि मेरे नंबर में पहले 10 रुपये का रिचार्ज करना पड़ेगा। संजय ने बताया कि सिम बंद होने के डर से उन्होंने आरोपी के कहे अनुसार एनी डिश एप डाउनलोड कर लिया अपने दूसरे मोबाइल फोन से एप द्वारा मांगा गया डेबिट कार्ड का विवरण भी भर दिया। यह विवरण भरते ही संजय के बैंक खाते से बारी-बारी 49 हजार, 59 हजार और 2 हजार रुपये कट गए। तीन बार में कुल एक लाख 10 हजार रुपये की राशि कट गई।
संजय सैनी का बचत खाता पंजाब नेशनल बैंक की गोखले मार्केट शाखा में है। ठगी होने पर उन्होंने बैंक की शाखा से भी संपर्क किया और बाद में बहादुरगढ़ शहर थाना पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने प्राथमिक जांच करके मामला दर्ज कर लिया है। छानबीन शुरू कर दी है। मोबाइल पर कॉल करके ऑनलाइन माध्यम से धोखाधड़ी कर पैसे उड़ाने लेने के मामले आज लगातार हो रहे हैं। कई लोग लालच में आकर अपने बैंक खाते और आधार नंबर आदि का विवरण दे बैठते हंै और ठगी के शिकार हो जाते हैं।