अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
गंगवा गांव में शनिवार शाम श्मशान घाट के चौकीदार लक्ष्मण दास की हत्या कर दी गई। जिसके बाद संबंधित थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल के शव गृह में रखवा दिया। मामले के संबंध में पुलिस ने मृतक लक्ष्मण दास के दामाद अशोक कुमार की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है। पुलिस को दिए बयान में अशोक कुमार ने बताया कि उसे कल शाम किसी ने सूचित किया कि उसके ससुर लक्ष्मण दास श्मशान घाट के कमरे में खून से लथपथ पड़े हैं। अशोक ने बताया कि मौके पर पहुंचकर देखा तो लक्ष्मण दास की गर्दन पर तेजधार हथियार से वार के निशान थे। जिसे तुरंत वह दो अलग-अलग निजी अस्पताल में ले गए जहां से हिसार नागरिक अस्पताल रेफर कर दिया गया। यहां डॉक्टरों ने लक्ष्मण दास को मृत घोषित कर दिया। अशोक ने बताया कि लक्ष्मण दास के पास से मोबाइल और उसके पास से रुपए भी गायब है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।