ग्रेटर नोएडा। तकनीकी खामियों के चलते शुक्रवार को उत्तर प्रदेश कंबाइंड एंट्रेस टेस्ट (यूपीसीईटी) काउंसलिंग के पहले दौर का आने वाले परिणाम का विद्यार्थी इंतजार करते रह गए। हालांकि, सुबह एकेटीयू विश्वविद्यालय की ओर से वेबसाइट पर काउंसलिंग की लिस्ट जारी की गई थी लेकिन तकनीकी खामियों के चलते कुछ देर बाद इसे वापस ले लिया गया। शहर के कॉलेजों में लिस्ट की जानकारी के लिए लगातार विद्यार्थियों के फोन आते रहे।
डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय की ओर से जेईई परीक्षाओं के आधार पर उत्तर प्रदेश कंबाइंड एंट्रेस टेस्ट की ओर से काउंसलिंग कराई जा रही है। काउंसलिंग में हिस्सा लेने वाले विद्यार्थियों ने अपनी च्वाइस को लॉक किया था। इसके बाद तीन दिनों तक विद्यार्थियों के अपलोड किए प्रमाण पत्रों की जांच की गई थी। शुक्रवार को पहले दौर की काउंसलिंग की लिस्ट जारी की जाने वाली थी। सुबह यूपीसीईटी की वेबसाइट पर काउंसलिंग की लिस्ट जारी की गई। इस दौरान बहुत से विद्यार्थियों के एक से अधिक बार नाम लिस्ट में आ रहे थे। इससे विद्यार्थी परेशान हो रहे थे। विद्यार्थियों ने लगातार विश्वविद्यालय और कॉलेजों से संपर्क करना शुरू किया। तकनीकी खामी की वजह से बाद में यूपीसीईटी ने वेबसाइट से लिस्ट को हटा लिया। देर शाम तक विद्यार्थी लिस्ट का इंतजार करते रहे। वहीं, जानकारी के लिए कॉलेज प्रबंधनों के पास भी आवेदक विद्यार्थियों के फोन आते रहे। वहीं, जानकारी के लिए एकेटीयू के कार्यवाहक कुलपति डॉ. विनीत कंसल को कॉल की गई लेकिन कॉल नहीं उठी।
---
संदीप वर्मा