संवाद न्यूज़ एजेंसी हिसार। जिले में पहला करोना संक्रमित केस मिलने पर जिला अस्पताल प्रशासन ने कड़ा संज्ञान लिया है। देर रात तत्काल ही अस्पताल प्रशासन ने आइसोलेशन वार्ड और एंबुलेंस व अस्पताल परिसर को पूरी तरह सैनिटाइज किया गया, वहीं पीड़ित महिला के पति को एंबुलेंस के जरिए अस्पताल लाया गया और जांच के बाद उसका सैंपल जांच के लिए भेज दिया गया। फिलहाल पीड़िता के पति को अस्पताल परिसर के अंदर बनाए गए नए आइसोलेशन वार्ड में दाखिल कर लिया गया है। हालांकि कोरोना संक्रमित महिला को नागरिक अस्पताल से अग्रोहा मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया गया था। बता दें कि उक्त महिला हिसार की एक कॉलोनी निवासी है, जो अपने पति सहित 20 मार्च को यूएसए से लौटी थी। महिला का पति भारतीय सेना से रिटायरमेंट है और फिलहाल वह दोनों यूएसए में रह रहे थे। कोरोना के चलते महिला हिसार अपने घर लौटी थी। स्वास्थ्य विभाग द्वारा दंपति को होम क्वारंटीन के लिए रखा गया था। इस दौरान महिला को 2 दिन पहले ही हल्का सा फीवर हुआ था। इसकी सूचना महिला ने खुद ही स्वास्थ्य विभाग को दी थी। सूचना के बाद विभाग द्वारा तत्काल महिला को लाने के लिए एंबुलेंस भेजी गई।