महेंद्रगढ़। एक ट्विट के जरिये सूचना पाकर पूर्व शिक्षामंत्री रामबिलास शर्मा ने गांव स्याणा में अपने मवेशियों के साथ फंसे राजस्थान के उन 12 पशुपालक परिवारों की तुरंत सहायता की। प्रभावितों को राहत पहुंचाई। ये परिवार लॉकडाउन के दौरान जिले के गांव स्याणा में फंसे हुए हैं। पशुओं को चराने के लिए महेंद्रगढ़ आये थे। पशुपालक अपने दुधारू पशुओं का दूध बेच कर अपनी आजीविका चलाते थे। लॉकडाउन के चलते उनका दूध बेचने का धंधा बंद हो गया। जिसके कारण उनके भूखा मरने और पशुओं के लिए चारे का संकट आ खड़ा हुआ। जोगेश्वर गर्ग नामक एक व्यक्ति ने ट्विट के जरिये मंगलवार को हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर, हरियाणा के पूर्व शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट को इन पशुपालकों की सहायता करने की गुहार लगाई। ट्विट पर पूर्व शिक्षामंत्री ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पशुपालकों के लिए भोजन और मवेशियों के लिए चारे की व्यस्था करके उन्हें राहत पहुंचाई। पूर्व शिक्षामंत्री प्रो. रामबिलास शर्मा ने कहा कि लॉकडाउन के दौरान किसी भी व्यक्ति को भूखा नहीं रहने दिया जाएगा। उन्होंने कहा जरूरतमंद की हर संभव सहायता की जाएगी।