नई दिल्ली, 13 जनवरी
नशे की लत को पूरा करने के लिए बदमाशों ने भारत नगर में दुकानदार से लूटपाट की थी। वारदात के दौरान बदमाश हवा में गोली चलाकर फरार हो गए थे। पुलिस घटना स्थल ले लेकर आस पास इलाके मेंं सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगालकर वारदात में शामिल बदमाशों की पहचान की और दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। बदमाशों के कब्जे से पुलिस ने पिस्टल और दो हजार रुपये बरामद कर लिए हैं।
जिला पुलिस उपायुक्त उषा रंगनानी ने बताया कि गिरफ्तार बदमाशों की पहचान आजादपुर गांव निवासी मोहम्मद मिराज और आदर्श नगर निवासी मोहित सोनी के रूप में हुई है। भारत नगर इलाके में जेनरल स्टोर चलाने वाल सुनील ने 9 जनवरी की रात दुकान में लूटपाट की शिकायत की। उन्होंने बताया कि तीन बदमाश दुकान में घुस गए और लूटपाट करने लगे। विरोध करने पर एक बदमाश ने हवा में गोली चलाकर गल्ले से 25 सौ रुपये लेकर फरार हो गए।
भारत नगर थाना पुलिस ने मामले जांच शुरू की। पुलिस टीम ने बदमाशों के भागने की दिशा में लगे सीसीटीवी कैमरे को खंगाला और एक रूट मैप बनाकर बदमाशों की पहचान में जुट गई। जांच में पता चला कि वारदात में शामिल बदमाश आजादपुर गांव के रहने वाले हैं। बुधवार को पुलिस को इनके इलाके में आने की जानकारी मिली और पुलिस टीम ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। बदमाशों ने पूछताछ मेंं बताया कि नशे की लत को पूरा करने के लिए पहली बार वारदात को अंजाम दिया। हालांकि जांच में यह बात सामने आई कि लत को पूरा करने के लिए बदमाश कई वारदातों में शामिल रहे हैं। पुलिस लगातार पूछताछ कर आपराधिक वारदातों की जानकारी हासिल कर रही है। साथ ही पिस्टल मुहैया करने वाले की तलाश की जा रही है।
--------
राजीव कुमार