इलेक्ट्रिक एंबुलेंस सेवा के लिए एप की जल्द हो सकती है शुरुआत
नई दिल्ली।
राष्ट्रीय राजधानी में कोविड-19 मामलों में लगातार हो रही बढ़ोतरी को देखते हुए दिल्ली सरकार जल्द इलेक्ट्रिक एंबुलेंस सेवा की शुरुआत कर सकती है।इसके लिए एक खास मोबाइल एंबुलेंस को लांच किए जाने की संभावना जताई जा रही है। ऐसे इलेक्ट्रिक एंबुलेंस का इस्तेमाल उन मरीजों के लिए किया जाएगा, जिनकी हालत गंभीर नहीं है। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक राष्ट्रीय राजधानी में मंगलवार तक 24,000 से अधिक कोरोना मरीज होम आइसोलेशन में है। ऐसे मरीज जिनमें संक्रमण के लक्षण कम या नहीं हैं, लेकिन घर में बचाव के लिए सभी इंतजाम होने पर उन्हें घरों में ही रहने का सुझाव दिया जा रहा है।
सूत्रों के मुताबिक एप आधारित इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) टैक्सी सेवा प्रदाता कंपनी प्राकृत ई-मोबिलिटी प्राइवेट लिमिटेड के सहयोग से दिल्ली सरकार इसी सप्ताह इलेक्ट्रिक एंबुलेंस सुविधा की शुरुआत कर सकती है। इससे होम आइसोलेशन में रह रहे कम गंभीर मरीजों को समय पर इलाज की सुविधा उपलब्ध् हो सकेगी।
मंगलवार को दिल्ली में कोविड-19 संक्रमितों का आंकड़ा अचानक एक दिन में 7830 मामले सामने आए। दिल्ली में संक्रमितों की संख्या 4.5 लाख पहुंचने के साथ साथ 16 जून के बाद अब तक सर्वाधिक 83 मौतें भी हुईं।
-------------
सर्वेश कुमार