कानून के छात्रों ने एनएलयू दिल्ली पर लगाया मूट कोर्ट प्रतियोगिता के नतीजों में गड़बड़ी का आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
यूनिवर्सिटी लाॅ काॅलेज (यूएलसी), उत्कल यूनिवर्सिटी भुबनेश्वर के कानून के तीन छात्रों ने दिल्ली हाईकोर्ट में याचिका दायर करके नेशनल लाॅ यूनिवर्सिटी (एनएलयू) दिल्ली द्वारा आयोजित नेशनल मूट कोर्ट प्रतियोगिता (माॅक प्रतियोगिता) के नतीजों में गड़बड़ी करने का आरोप लगाया है। याचिकाकर्ता छात्रों ने इस प्रतियोगिता के नतीजों में हासिल हुए अंक बताने का अनुरोध किया है।
याचिकाकर्ता छात्रों देबाशीश कुमार पांडा, दीप कुमार मोहंती और दिनेश कुमार सामंता ने वकील सत्या रंजन स्वैन के जरिए याचिका दायर की है। उन्होंने कहा कि मूट कोर्ट प्रतियोगिता में पहले उनकी टीम को ओरल राउंड के लिए विजेता घोषित किया गया था, लेकिन बाद में एनएलयू ने इसे तकनीकी कारण की वजह से गलत बताकर उन्हें डिस्क्वालीफाई कर दिया। इसी फैसले के विरोध में छात्रों ने हाईकोर्ट से मांग की है कि एनएलयू को निर्देश दिया जाए कि उनकी टीम को इस प्रतियोगिता में कितने अंक मिले और पहले उन्हें अगले राउंड के लिए विजेता बताने के बाद बाहर क्यों निकाला गया।
छात्रों की मांग है कि मूट कोर्ट प्रतियोगिता आयोजित करने वाली कमेटी को निर्देश दिया जाए कि वह प्रतियोगिता में पारदर्शिता रखने के लिए उनके प्राप्तांक का विवरण दे। छात्रों ने दावा किया कि एनएलयू ने छात्रों को इस संबंध में कोई ठोस कारण नहीं बताया।
------
अरुण कुमार