दिल्लीः 700 सैंपल की जांच बढ़ी तो 163 संक्रमित मरीजों में भी हुआ इजाफा
नई दिल्ली।
दिल्ली में भले ही कोरोना वायरस का दूसरा पीक हो लेकिन फिलहाल की स्थिति यह है कि बीते एक दिन में 700 सैंपल की जांच बढ़ी तो 163 संक्रमित मरीजों में भी इजाफा हुआ है। बुधवार को दिल्ली सरकार ने एक दिन में 3390 संक्रमित मरीज मिलने की पुष्टि की है। साथ ही कोरोना संक्रमण से 41 लोगों की मौत होने की जानकारी भी दी है। हालांकि इस दौरान 3965 मरीजों को डिस्चॉर्ज भी किया गया है। फिलहाल स्थिति यह है कि दिल्ली में कोरोना वायरस की मृत्युदर एक बार फिर बढ़ती नजर आ रही है। बीते 10 दिन की स्थिति पर गौर करें तो दिल्ली में कोरोना वायरस की मृत्युदर 1.12 से बढ़कर 1.15 फीसदी तक पहुंच चुकी है।
स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि पिछले एक दिन में 59,807 सैंपल की जांच हुई जिनमें 5.67 फीसदी कोरोना संक्रमित मिले हैं। इसी के साथ ही दिल्ली में कुल संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 2,79,715 हो चुकी है जिसमें से 2,47,446 मरीज अब तक ठीक हो चुके हैं। वहीं राजधानी में कोरोना वायरस से 5361 लोगों की मौत हो चुकी है। शुरूआत से लेकर अब तक कोरोना वायरस की मृत्युदर देखें तो 1.95 फीसदी दर्ज की गई है। राजधानी में 26,908 सक्रिय मामले हैं। जिनमें से 15,657 होम आइसोलेशन में हैं।
जानकारी के अनुसार दिल्ली में अब तक कोरोना वायरस को लेकर 30,79,965 सैंपल की जांच हो चुकी है। 10 लाख की आबादी पर 1,62,103 लोगों की जांच हो चुकी है। पिछले 24 घंटे में 11,184 सैंपल की आरटी पीसीआर तकनीक के जरिए जांच हुई है। जबकि अन्य जांच एंटीजन किट्स के जरिए की गई हैं। दिल्ली में अभी कुल कंटेनमेंट जोन की संख्या 2570 हो चुकी है।
-----
परीक्षित निर्भय