फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जिंदगी जंग हारी पीड़िता तो दिल्ली में जगह जगह होने लगे प्रदर्शन

विज्ञापन
विज्ञापन
जिंदगी जंग हारी पीड़िता तो दिल्ली में जगह जगह होने लगे प्रदर्शन नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में दुष्कर्म की शिकार पीड़िता ने आखिरकार मंगलवार को सफदरजंग अस्पताल में दम तोड़ दिया। पिछले कई दिनों से उपचार के लिए इधर उधर अस्पतालों में भटकने के बाद दिल्ली पहुंची पीड़िता की हालत काफी कमजोर थी। शरीर में हर तरफ चोट के निशान और हड्डियां टूटी थी। घायल जीभ और बेहोशी के चलते पीड़िता अपना दर्द भी बयां करने में असमर्थ थी लेकिन वह लड़ रही थी क्योंकि उसे दरिंदों को फांसी पर लटकते हुए देखना था। तभी वह 15 दिन तक मौत से जंग लड़ती रही लेकिन सफदरजंग अस्पताल में जब उसकी हिम्मत टूट गई तो एक बार फिर देश की राजधानी में उसके लिए इंसाफ की मांग होने लगी। सड़कों पर प्रदर्शन, लोगों की चीखें, सरकार के खिलाफ नारेबाजी, यह दृश्य साल 2012 की निर्भया घटना को याद दिला जैसा था। भारी पुलिसबल के बीच सफदरजंग अस्पताल के बाहर रिंग रोड और राजपथ पर तमाम सियासी कार्यकर्ताओं का विरोध प्रदर्शन देखने को मिला।  --------- पीड़िता की मौत के बाद एकत्रित हुए नेता पीड़िता की मौत के बाद सफदरजंग अस्पताल में एक के बाद एक विपक्षी नेता एकत्रित होने लगे। आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के साथ साथ भीम आर्मी के कार्यकर्ता और समर्थक भी अस्पताल पहुंच चुके थे। पीड़ित परिजनों से मुलाकात के कुछ ही देर बाद अस्पताल में विरोध प्रदर्शन शुरू होने लगा। धीरे धीरे यह प्रदर्शन अस्पताल से बाहर रिंग रोड तक जा पहुंचा जिसके चलते जाम के हालात बन गए। इससे निपटने के लिए दिल्ली पुलिस के साथ प्रदर्शनकारियों की धक्का मुक्की भी हुई। करीब एक घंटे तक चले प्रदर्शन के बाद प्रदर्शनकारियों को अस्पताल में अंदर ले जाने की कामयाबी पुलिस को मिली और यातायात को बहाल कराया। इस बीच देर शाम तक प्रदर्शन चलता रहा।  ------ प्रियंका गांधी ने फोन पर की बात  कांग्रेस महासचिव एवं यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी ने सफदरजंग अस्पताल में मौजूद पीड़िता के परिजनों से फोन पर बातचीत की। इस दौरान उन्होंने पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए हर संभव मदद करने का आश्वासन दिया। साथ ही घर आकर परिवार से मुलाकात करने की बात भी कही। वहीं प्रियंका ने सोशल मीडिया पर भी आक्रोश व्यक्त करते हुए इस घटना में संलिप्त दोषियों को सख्त सजा दिलाने की मांग की।  -------- अस्पताल में होती रही नारेबाजी दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में जब दोपहर के वक्त पीड़िता के शव का पोस्टमार्टम चल रहा था। उस वक्त मोर्चरी के आसपास सैंकड़ों की तादाद में लोग एकजुट थे। इस बीच भीम आर्मी के कार्यकर्ता लगातार नारेबाजी करते हुए इस घटना के खिलाफ आक्रोश व्यक्त कर रहे थे। साथ ही उत्तर प्रदेश सरकार पर गंभीर आरोप भी लगाए। धीरे धीरे वक्त गुजरने के साथ अस्पताल में प्रदर्शनकारियों की संख्या और भी ज्यादा बढ़ती चली गई।   ----------  प्रदर्शनकारियों को गाड़ी में बैठा ले गई पुलिस नई दिल्ली के विजय चौक पर पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस ने 25 पुरूष और 11 महिला कार्यकर्ताओं को हिरासत में भी लिया। दोषियों को कड़ी सजा दिलाने के लिए कांग्रेस पार्टी की ओर से मंगलवार को प्रदर्शन किया गया। दिल्ली महिला कांग्रेस की कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को विजय चौक के पास प्रदर्शन किया और न्याय की मांग की। इस दौरान दिल्ली पुलिस ने कई महिला प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया। साथ ही दिल्ली महिला प्रदेश अध्यक्ष की अध्यक्ष अमृता धवन को भी गाड़ी में बैठाकर ले गए। ------ सोशल मीडिया पर निकाला गुस्सा सफदरजंग अस्पताल में पीड़िता की मौत होने की खबर सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल गई। हर कोई इस घटना पर शर्मिंदगी व्यक्त करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहा है। फेसबुक, ट्विटर और वॉटसएप इत्यादि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग कर रहा है।  ------ परीक्षित निर्भय  
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें