जींद। बाजार में खरीददारी कर लौट रही महिला का दखनिया मंदिर की गली में घर के बाहर से पर्स छीनकर फरार होने के आरोप में अज्ञात दो स्कूटी सवार युवकों के खिलाफ शहर थाना पुलिस ने मामला दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत में दखनिया मोहल्ला निवासी ज्योति शर्मा ने बताया कि वह अपनी बहन के साथ शनिवार सायं को बाजार से खरीददारी कर वापस लौट रही थी। जब वह अपने घर के बाहर गली में पहुंची तो दो युवक स्कूटी पर सवार होकर आए और उसके हाथ से पर्स छीनकर फरार हो गए। उसने बताया कि उसके पर्स में मोबाइल, आधार कार्ड, वोटर कार्ड, पैन कार्ड समेत अन्य जरूरी कागजात व ४०० रुपये की नकदी थी। शहर थाना प्रभारी दिनेश कुमार ने बताया कि महिला का पर्स छीनकर फरार होने के आरोप में अज्ञात स्कूटी सवार दो युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।