अलीगढ़। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कस्बा खैर के लोधा में होने वाले कार्यक्रम को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने सुरक्षा इंतजाम की तैयारी शुरू कर दी है। इसके लिए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी प्रधानमंत्री की सुरक्षा में शामिल अधिकारियों से संपर्क कर रहे हैं। उनके साथ मिलकर सुरक्षा घेरे के संबंध में योजना तय की जा रही है।
पुलिस विभाग की ओर से जो अब तक संकेत मिले हैं उसके मुताबिक प्रधानमंत्री की सुरक्षा में एडीजी पीएसी सुरक्षा, 10 आईपीएस अधिकारी, 20 अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, 50 क्षेत्राधिकारी, 100 निरीक्षक, 500 उप निरीक्षक, 1000 सिपाही सुरक्षा में तैनात किए जाने की तैयारी की जा रही है।
इसके अलावा पांच कंपनी पीएसी, तीन कंपनी पैरामिलिट्री फोर्स भी बुलाया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक अलीगढ़ मंडल के अन्य जिलों से भी पुलिस फोर्स अलीगढ़ में बुलाया जा रहा है।
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में जमीन से लेकर आसमान तक पूरी तरह निगरानी रखी जाएगी। कार्यक्रम स्थल पर श्वान दस्ता तैनात रहेगा जो जमीन के अंदर किसी भी प्रकार की विस्फोटक सामग्री का पता लगाने में सक्षम होगा। इसके अलावा कार्यक्रम स्थल के ऊपर ड्रोन विमानों से निगरानी रखी जाएगी।
इन विमानों के कैमरे की मॉनिटरिंग एक कंट्रोल रूम के माध्यम से की जाएगी। प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में मंच के नजदीक सबसे पहले स्पेशल प्रोटक्शन ग्रुप का घेरा होगा। इसके बाद कमांडो यूनिट कार्यक्रम स्थल को अपने सुरक्षा घेरे में ले लेगी। स्थानीय पुलिस बल और पैरामिलिट्री फोर्स आयोजन स्थल के आसपास सुरक्षा में मुस्तैद रहेगा।