फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

West Asia Live: हाइफा में तेल रिफाइनरी पर मिसाइल हमला; ईरान का दावा- अमेरिकी F-35 विमान को नुकसान पहुंचाया

Thu, 19 Mar 2026 10:42 PM IST
Shivam Garg वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला

खास बातें

Israel Iran War News in Hindi Live: पश्चिम एशिया में तनाव चरम पर है। अमेरिका-इस्राइल और ईरान के बीच जारी संघर्ष 20वें दिन में और खतरनाक हो गया है। मिसाइल और ड्रोन हमले तेज हो चुके हैं, वहीं होर्मुज जलडमरूमध्य में जहाज भी निशाने पर हैं। अमर उजाला के इस लाइव ब्लॉग में पढ़ें पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष से जुड़े तमाम पल-पल अपडेट्स...
विज्ञापन
पश्चिम एशिया में संघर्ष - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विज्ञापन

लाइव अपडेट

10:42 PM, 19-Mar-2026

हाइफा में तेल रिफाइनरी पर मिसाइल हमला

हाइफा में तेल रिफाइनरी पर मिसाइल हमला
इस्राइल की राष्ट्रीय एंबुलेंस सेवा मैगन डेविड एडोम ने बताया हाइफा की बाजान समूह तेल रिफाइनरी पर मिसाइल हमला किया गया है। एक व्यक्ति मामूली चोटों के साथ घायल हुआ है।

वहीं, इस्राइली उर्जा मंत्री एली कोहेन ने कहा कि बुनियादी ढांचे को कई बड़ा नुकसान नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि अधिकांश क्षेत्रों में बिजली को बहाल कर दिया गया है और बाकी प्रभावित क्षेत्रों में भी जल्द बहाल कर दी जाएगी। ईरान ने खाड़ी के आसपास तेल और प्राकृतिक गैस सुविधाओं पर अपने हमले तेज कर दिए हैं।

 

10:36 PM, 19-Mar-2026

ईरान रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स का दावा- अमेरिकी लड़ाकू विमान को नुकसान पहुंचाया

ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) ने गुरुवार को दावा किया कि उसने एक अमेरिकी एफ-35 लड़ाकू विमान पर हमला किया और उसे 'नुकसान' पहुंचाया। वहीं, अमेरिकी सेना की मध्य कमान (सेंटकॉम) के प्रवक्ता कैप्टन टिम हॉकिंस ने सीएनएन से बात करते हुए कहा कि विमान युद्ध मिशन के तहत ईरान के ऊपर उड़ रहा था। उसे आपात लैंडिंग करनी पड़ी। हॉकिंस ने बताया कि विमान को सुरक्षित रूप से लैंड कराया गया और पायलट की हालत स्थिर है।

09:38 PM, 19-Mar-2026

विदेश मंत्री जयशंकर ने इस्राइली समकक्ष से की बात

विदेश मंत्री एस जयशंकर ने गुरुवार को अपने इस्राइली समकक्ष गिदोन सार से फोन पर बातचीत की। जयशंकर ने एक्स पर बताया कि उन्होंने पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष और उनके परिणामों पर अपने विचारों का आदान-प्रदान किया। 

विज्ञापन
08:10 PM, 19-Mar-2026

ईरानी हमलों के बावजूद वायु गुणवत्ता सामान्य: कतर

ईरान-इस्रािल जंग के बीच कतर पर हुए हमलों के बाद वहां की सरकार ने स्थिति पर अपडेट दिया है। कतर के गृह मंत्रालय ने कहा कि रास लफ्फान इंडस्ट्रियल सिटी, अल धखीरा और अल खोर इलाकों में एयर क्वालिटी सामान्य स्तर पर बनी हुई है। मंत्रालय के मुताबिक, इन इलाकों में हवा की गुणवत्ता की जांच सिविल डिफेंस काउंसिल द्वारा की गई और सभी संकेतक सुरक्षित पाए गए। दरअसल, हाल ही में ईरान ने कतर के सबसे बड़े गैस हब रास लफ्फान इंडस्ट्रियल सिटी पर मिसाइल हमले किए थे, जिससे वहां ‘भारी नुकसान’ होने की खबरें सामने आई थीं।

08:09 PM, 19-Mar-2026

होर्मुज से गुजरने वाले जहाजों पर टैक्स लगाने पर विचार कर रहा ईरान

ईरान होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले जहाजों पर टैक्स लगाने पर विचार कर रहा है। एक ईरानी सांसद ने गुरुवार को न्यूज एजेंसी रॉयटर्स को यह जानकारी दी। होर्मुज से दुनिया का करीब पांचवां हिस्सा तेल और लिक्विफाइड नैचुरल गैस गुजरती है।

अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच युद्ध शुरू होने के बाद से तेहरान ने उन जहाजों की आवाजाही में रुकावट डाली है, जिन्हें वह अपने दुश्मनों या उनके सहयोगियों से जुड़ा मानता है। रिपोर्ट के मुताबिक संसद में एक ऐसा बिल लाने पर विचार हो रहा है, जिसके तहत इस रास्ते से व्यापार, ऊर्जा सप्लाई या खाद्य सामान ले जाने वाले देशों से टैक्स या शुल्क लिया जाएगा।

विज्ञापन
02:49 PM, 19-Mar-2026

पश्चिम एशिया संकट बढ़ने का खतरा, सऊदी अरब की समरेफ रिफाइनरी पर ड्रोन हमला

पश्चिम एशिया में जारी संकट थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब इस लड़ाई में तेल ठिकानों को निशाना बनाया जा रहा है, जिससे वैश्विक तेल संकट बढ़ने का खतरा है। ऊर्जा संकट की आहट से ही वैश्विक तेल बाजार की कीमतें बढ़ गई हैं। ताजा मामले में सऊदी अरब की समरेफ रिफाइनरी पर ड्रोन हमला हुआ है। इससे पहले इस्राइल की तरफ से ईरान के गैस भंडार पर हमला किया गया था। जिसके जवाब में ईरान ने कतर के गैस भंडार पर हमला किया। अब सऊदी अरब की तेल रिफाइनरी पर हमले से हालात और विकट हो गए हैं। सऊदी अरब पहले ही संकेत दे चुका है कि वह ईरान के हमलों का जवाब दे सकता है। 

01:15 PM, 19-Mar-2026

इस्राइल के हमले में हिजबुल्ला के 20 लड़ाके ढेर

इस्राइली सेना ने कहा है कि बुधवार को उनके हमलों में 20 से ज्यादा हिजबुल्ला लड़ाके मारे गए हैं। ये हमले दक्षिणी लेबनान में किए गए। बयान में कहा गया है कि इस्राइली सेना की 36वीं डिविजन ने हवाई हमले किए। 

01:12 PM, 19-Mar-2026

कुवैत की तेल रिफाइनरी में ड्रोन हमले के बाद लगी आग

कुवैत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन ने एक बयान में कहा है कि मिना अल अहमदी रिफाइनरी में हुए एक ड्रोन हमले के बाद आग लग गई है। हालांकि अभी आग सीमित क्षेत्र में है। इस घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है।  

11:05 AM, 19-Mar-2026

ईरान युद्ध की फंडिंग पर अमेरिकी संसद में हंगामा

अमेरिकी रक्षा विभाग पेंटागन ईरान युद्ध के लिए अमेरिकी संसद से 200 अरब डॉलर मांगने की योजना बना रहा है। इसका कई डेमोक्रेट सांसदों द्वारा विरोध किया जा रहा है। डेमोक्रेटिक पार्टी के वरिष्ठ सांसद क्रिस वान होलेन का कहना है कि 200 अरब डॉलर, उस युद्ध की कीमत है, जिसे अमेरिकी लोग चाहते ही नहीं हैं और इस युद्ध के चलते अमेरिका ज्यादा सुरक्षित भी नहीं होगा। 

पेंटागन ने व्हाइट हाउस से मांग की है कि अमेरिकी कांग्रेस से ईरान युद्ध के लिए 200 अरब डॉलर का फंड मंजूर किया जाए। 

10:54 AM, 19-Mar-2026

अमेरिकी सैन्य बेस पर मंडराता दिखा संदिग्ध ड्रोन

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अमेरिका के एक आर्मी बेस पर ड्रोन मंडराता दिखा है। वॉशिंगटन पोस्ट की एक रिपोर्ट के अनुसार, जिस वक्त यह ड्रोन सैन्य बेस पर मंडरा रहा था, उस वक्त उस सैन्य बेस में अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो और अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ भी मौजूद थे। 

10:51 AM, 19-Mar-2026

ईरान ने जनवरी विरोध प्रदर्शन में शामिल तीन लोगों को दी फांसी

ईरान की सरकार ने जनवरी में हुए विरोध प्रदर्शन में शामिल तीन लोगों को फांसी दे दी है। इन लोगों पर कानून प्रवर्तन एजेंसियों को दो लोगों की हत्या का आरोप था। ईरान के सरकारी मीडिया ने बताया कि ईरान में विरोध प्रदर्शन के दौरान करीब 3117 लोग मारे गए थे। वहीं अमेरिकी मानवाधिकार संगठन ने दावा किया है कि ईरान में  6800 से ज्यादा लोग मारे गए हैं। 

10:46 AM, 19-Mar-2026

दक्षिण पार्स गैस फील्ड क्यों है इतना अहम कि ट्रंप को इस्राइली हमले पर देनी पड़ी सफाई

दक्षिण पार्स गैस फील्ड दुनिया का सबसे बड़ा प्राकृतिक गैस फील्ड है। दक्षिण पार्स गैस फील्ड का सबसे बड़ा हिस्सा ईरान के पास है। वहीं एक हिस्सा कतर की सीमा में आता है, जिसे नॉर्थ डोम कहा जाता है। इस पूरे फील्ड में करीब 1800 खरब क्यूबिक फीट गैस है, जो पूरी दुनिया के इस्तेमाल के लिए 13 साल तक पर्याप्त है। दक्षिण पार्स से निकाली जाने वाली अधिकतर गैस को ईरान द्वारा घरेलू इस्तेमाल में लाया जाता है। इस गैस फील्ड की अहमियत को देखते हुए ही संयुक्त अरब अमीरात और कतर ने भी इस्राइल के हमले की निंदा की है। जिसके बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को सफाई देनी पड़ी है और उन्होने कहा है कि इस्राइल अब दोबारा यहां हमला नहीं करेगा। 

10:42 AM, 19-Mar-2026

सऊदी अरब भी ईरान पर हमलों में हो सकता है शामिल

पश्चिम एशिया में जारी युद्ध में अब ऊर्जा ठिकानों को निशाना बनाया जा रहा है। इससे पूरी दुनिया में ऊर्जा संकट को लेकर चिंता बढ़ गई है। ईरान द्वारा पश्चिम एशिया के कई देशों को निशाना बनाया जा रहा है। अब सऊदी अरब ने भी संकेत दिए हैं कि वे भी ईरान पर हमले कर सकते हैं। सऊदी अरब के विदेश मंत्री प्रिंस फैसल ने गुरुवार को मीडिया से बात करते हुए कहा कि ईरान द्वारा पश्चिम एशिया के अन्य देशों पर हमला कर उन पर दबाव बनाया जा रहा है। ये दबाव उल्टा भी पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि हमारे पास भी जवाब देने का अधिकार है और अगर जरूरत पड़ी तो सऊदी अरब भी हमलों का जवाब देगा।

09:31 AM, 19-Mar-2026

ट्रंप का दावा- अमेरिका को इस्राइल के ईरान के दक्षिण पार्स गैस फील्ड पर हमले की जानकारी नहीं थी

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि अमेरिका को इस्राइल द्वारा ईरान के दक्षिण पार्स गैस फील्ड पर हमले की जानकारी नहीं थी। हालांकि कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि अमेरिका को इस हमले की जानकारी थी। अमेरिका ने ये भी कहा है कि वे कतर के गैस फील्ड की रक्षा करेंगे क्योंकि अमेरिका को गैस का निर्यात कतर से ही होता है।

05:31 AM, 19-Mar-2026

ईरानी मिसाइल हमले में तीन फिलिस्तीनी मारे गए

फिलिस्तीनी स्वास्थ्यकर्मियों ने बताया कि पश्चिमी तट में ईरानी मिसाइल हमले में तीन फिलिस्तीनी नागरिक मारे गए।

03:49 AM, 19-Mar-2026

ट्रंप ने छह अमेरिकी सैनिकों को दी श्रद्धांजलि

डेलावेयर स्थित डोवर एयर फोर्स बेस में बुधवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने छह अमेरिकी सैनिकों को अंतिम श्रद्धांजलि दी। ये सैनिक पिछले सप्ताह पश्चिमी इराक में एक रिफ्यूलिंग विमान के हादसे में शहीद हुए थे। उनके अवशेष अब परिवारों को सौंपे जा रहे हैं।

28 फरवरी को ईरान के खिलाफ युद्ध शुरू होने के बाद यह दूसरी बार है जब राष्ट्रपति ट्रंप ने ‘डिग्निफाइड ट्रांसफर’ नामक सैन्य समारोह में भाग लिया। उन्होंने पहले इसे अपने कमांडर-इन-चीफ के रूप में किए गए सबसे कठिन कार्यों में से एक बताया था। हादसे में मारे गए KC-135 एयर फोर्स रिफ्यूलिंग विमान के सभी छह क्रू सदस्य अमेरिकी राज्यों अलाबामा, इंडियाना, केंटकी, ओहायो और वॉशिंगटन के निवासी थे। 

 

03:28 AM, 19-Mar-2026

ओमान ने दक्षिण ईरान गैस क्षेत्र पर हमले की निंदा की

ओमान ने ईरान के साउथ पार्स गैस फील्ड पर हमले को खतरनाक वृद्धि और क्षेत्र की सुरक्षा व ऊर्जा आपूर्ति के लिए प्रत्यक्ष खतरा बताया। मस्कट ने अंतरराष्ट्रीय कानून का पालन करने और नागरिक सुविधाओं और अवसंरचना को निशाना बनाने से बचने का आह्वान किया।

03:15 AM, 19-Mar-2026

इराक के किरकुक एयरबेस पर हमला

इराक के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि किरकुक एयरबेस को प्रक्षेप्य द्वारा निशाना बनाया गया। मंत्रालय ने बताया कि यह एयरबेस पूरी तरह से इराकी है और इसमें कोई विदेशी सैनिक नहीं हैं। मंत्रालय ने कहा कि यह घटना इराकी वायु सेना की क्षमताओं पर सीधा हमला है।

02:47 AM, 19-Mar-2026

कतर में रास लाफान आग पर काबू

कतर के गृह मंत्रालय ने बताया कि रास लाफान इंडस्ट्रियल सिटी में लगी आग को नागरिक सुरक्षा टीमों ने प्रारंभिक रूप से नियंत्रण में कर लिया है। इस क्षेत्र को हाल ही में ईरानी मिसाइल हमले का लक्ष्य बनाया गया था।

02:32 AM, 19-Mar-2026

UAE में मिसाइल और ड्रोन खतरे का मुकाबला

संयुक्त अरब अमीरात के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि देश की वायु रक्षा प्रणाली वर्तमान में ईरान से आने वाले मिसाइल और ड्रोन हमलों का जवाब दे रही है। मंत्रालय ने बताया कि आने वाली सूचना के आधार पर अपडेट जारी किया जाएगा।

02:20 AM, 19-Mar-2026

सऊदी अरब में चार बैलिस्टिक मिसाइलें नष्ट

सऊदी अरब के रक्षा मंत्रालय ने बताया कि राजधानी रियाद की ओर दागी गई चार बैलिस्टिक मिसाइलों को सेना ने सफलतापूर्वक इंटरसेप्ट कर नष्ट कर दिया। मंत्रालय ने बताया कि मिसाइल के मलबे में से एक रियाद के दक्षिण में स्थित रिफाइनरी के पास गिरा।

01:59 AM, 19-Mar-2026

तेहरान के ऊपर दो हर्मीस ड्रोन मार गिराए

ईरान ने एक बार फिर अपनी मजबूत वायु रक्षा क्षमता का प्रदर्शन करते हुए राजधानी तेहरान के ऊपर उड़ रहे दो हर्मीस ड्रोन को मार गिराने का दावा किया है। ईरानी सेना के अनुसार, ये कार्रवाई स्थानीय समयानुसार रात 9 बजे से 9:30 बजे के बीच की गई। इस दौरान एयर डिफेंस सिस्टम ने दोनों ड्रोन को सफलतापूर्वक निशाना बनाकर नष्ट कर दिया।

सरकारी समाचार एजेंसी के मुताबिक, 28 फरवरी से शुरू हुए अमेरिका-इस्राइल हमले के बाद से अब तक कुल 123 ड्रोन गिराए जा चुके हैं। ईरान का कहना है कि उसकी वायु सुरक्षा प्रणाली लगातार सतर्क है और देश के हवाई क्षेत्र में किसी भी तरह की घुसपैठ को तुरंत नाकाम किया जा रहा है। 

01:51 AM, 19-Mar-2026

ऊर्जा ठिकानों पर बढ़ते हमले

इस युद्ध में अब दोनों पक्ष एक-दूसरे की ऊर्जा संरचनाओं को निशाना बना रहे हैं। इस्राइल ने ईरान के खुफिया मंत्री को एक हमले में मार गिराया, जबकि ईरान के एक बड़े गैस क्षेत्र पर भी हमला हुआ। यह संकेत है कि संघर्ष अब आर्थिक संसाधनों को कमजोर करने की दिशा में बढ़ रहा है। लगातार हमलों के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत 5 प्रतिशत बढ़कर 108 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर पहुंच गई है। ब्रेंट क्रूड की कीमत युद्ध शुरू होने के बाद करीब 50 प्रतिशत तक बढ़ चुकी है, जिससे दुनियाभर में पेट्रोल और जरूरी सामान महंगे होने की आशंका बढ़ गई है।

01:42 AM, 19-Mar-2026

कतर ने मिसाइल हमले को किया नाकाम

कतर के रक्षा मंत्रालय के अनुसार, देश की एयर डिफेंस प्रणाली ने रास लाफान इंडस्ट्रियल सिटी की ओर बढ़ रही दो बैलिस्टिक मिसाइलों को सफलतापूर्वक इंटरसेप्ट कर नष्ट कर दिया। इससे पहले चार मिसाइलों को भी हवा में ही मार गिराया गया था, जबकि एक मिसाइल रास लाफान क्षेत्र में गिरी थी।

01:30 AM, 19-Mar-2026

West Asia Live: हाइफा में तेल रिफाइनरी पर मिसाइल हमला; ईरान का दावा- अमेरिकी F-35 विमान को नुकसान पहुंचाया

Israel Iran War News in Hindi Live: पश्चिम एशिया में तनाव चरम पर है। अमेरिका-इस्राइल और ईरान के बीच जारी संघर्ष 20वें दिन में और खतरनाक हो गया है। मिसाइल और ड्रोन हमले तेज हो चुके हैं, वहीं होर्मुज जलडमरूमध्य में जहाज भी निशाने पर हैं। अमर उजाला के इस लाइव ब्लॉग में पढ़ें पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष से जुड़े तमाम पल-पल अपडेट्स...

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें