फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

West Asia Tension LIVE: ट्रंप पर ईरान के उप विदेश मंत्री का पलटवार, बोले- उन्हीं की भाषा में देना होगा जवाब

Wed, 08 Jul 2026 11:12 PM IST
प्रशांत तिवारी वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, वॉशिंगटन/तेहरान

खास बातें

West Asia Tension LIVE Update: अमेरिका ने एक बार फिर ईरान पर बड़ा हमला बोला है। सेंटकॉम ने जानकारी दी कि उसने ईरान के 80 ठिकानों को निशाना बनाया। ऐसे में एक बार फिर से दोनों देशों के बीच तनाव बढ़ता दिख रहा है। ईरान में शोक के माहौल के बीच पूर्व सर्वोच्च नेता अली खामेनेई का जनाजा भी निकाला जा रहा है। अब तुर्किये में आयोजित नाटो समिट के दौरान ट्रंप ने ईरान के लोगों का नाम लिए बिना उन्हें बेवकूफ करार दिया। ईरान-अमेरिका युद्ध से जुड़े सभी अपडेट्स के लिए इस पेज पर बने रहे...
विज्ञापन
ईरान-अमेरिका युद्ध अपडेट्स - फोटो : पीटीआई
विज्ञापन

लाइव अपडेट

11:11 PM, 08-Jul-2026

ईरान-अमेरिका से पाकिस्तान की अपील

पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने बुधवार को सभी पक्षों से इस्लामाबाद MoU के तहत अपने वादों को पूरा करने का आग्रह किया। यह बयान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उस बयान के कुछ घंटों बाद आया, जिसमें उन्होंने कहा था कि पिछले महीने ईरान के साथ हुई अंतरिम डील खत्म हो गई है। इस बयान में कहा गया, 'पाकिस्तान सभी पक्षों से इस्लामाबाद MoU के तहत अपने-अपने वादों को पूरा करने का आग्रह करता है। यह MoU इस क्षेत्र और उससे बाहर आपसी समझ, आपसी सम्मान और साझा समृद्धि के लिए एक मजबूत आधार बना हुआ है'।

11:03 PM, 08-Jul-2026

ईरान के उप विदेश मंत्री का ट्रंप पर पलटवार

ईरान के उप विदेश मंत्री काजेम गरीबाबादी ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के हालिया बयानों पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि तेहरान को अब ट्रंप को 'उन्हीं की भाषा में जवाब देना होगा'। गरीबाबादी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि ट्रंप की ओर से ईरान पर आगे भी हमले करने की धमकियां ताकत का नहीं, बल्कि अमेरिका की उस नीति की विफलता का संकेत हैं, जो वर्षों से बल प्रयोग, प्रतिबंधों और धमकियों पर आधारित रही है। उन्होंने कहा कि ट्रंप के हालिया बयान यह दिखाते हैं कि वॉशिंगटन की रणनीति अपने लक्ष्य हासिल करने में सफल नहीं रही। गरीबाबादी ने अपने पोस्ट में यह भी लिखा कि 'ऐसा लगता है कि वह (ट्रंप) केवल ताकत की भाषा ही बेहतर समझते हैं'।

10:52 PM, 08-Jul-2026

ट्रंप ने कहा- ईरान के साथ तनाव 'बहुत जल्द' खत्म हो जाएगा

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को कहा कि उन्हें उम्मीद है कि ईरान के साथ हालिया सैन्य तनाव बहुत जल्द खत्म हो जाएगा, भले ही पहले यह कहा गया था कि सीजफायर खत्म हो गया है। अंकारा में दो दिन के नाटो समिट के आखिर में उन्होंने कहा, 'मुझे लगता है कि जो कुछ भी होगा, वह बहुत जल्द खत्म हो जाएगा और इससे हालात और सुरक्षित होंगे, जिसमें तेल भी शामिल है... जो कुछ भी होगा, बहुत तेजी से होगा। हम लंबे समय तक चलने वाले हालात नहीं चाहते'।

विज्ञापन
10:49 PM, 08-Jul-2026

UN प्रमुख ने तनाव कम करने और बातचीत फिर से शुरू करने की अपील की

संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने बुधवार को तनाव कम करने और बातचीत फिर से शुरू करने की अपील की। उनके प्रवक्ता ने बताया कि ईरान और अमेरिका के बीच लड़ाई एक बार फिर बढ़ गई है। गुटेरेस के प्रवक्ता स्टीफन डुजारिक ने एक ब्रीफिंग में कहा, 'महासचिव सभी पक्षों से अपील करते हैं कि वे ज्यादा से ज्यादा संयम बरतें, तनाव बढ़ाने वाली कोई भी कार्रवाई न करें और तनाव कम करने के लिए तुरंत कदम उठाएं'।

10:25 PM, 08-Jul-2026

अमेरिकी हमलों में ईरान के आठ सैनिकों के मारे जाने की खबर

ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी IRNA ने खबर दी है कि दक्षिणी ईरान पर अमेरिकी हमलों में देश की सेना के आठ जवान मारे गए। IRNA के मुताबिक, ईरान की सेना की वायु और नौसेना के जवान बंदर अब्बास और बुशहर में मारे गए।

विज्ञापन
10:10 PM, 08-Jul-2026

खामेनेई के सलाहकार की अमेरिका और क्षेत्रीय देशों को चेतावनी

ईरान के सर्वोच्च नेता अली खामेनेई के वरिष्ठ सलाहकार अली अकबर वेलायती ने अमेरिका और क्षेत्र के छोटे देशों को कड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि पश्चिम एशिया छोटे देशों के राजनीतिक जुए की जगह नहीं है और किसी भी उकसावे का तुरंत जवाब दिया जाएगा। वेलायती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कई पोस्ट में कहा कि ईरान पहले भी चेतावनी दे चुका है कि क्षेत्र में किसी भी तरह का राजनीतिक दुस्साहस स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि ईरान ने कई बार साबित किया है कि ऐसे किसी भी कदम का तत्काल जवाब दिया जाता है। हालांकि, वेलायती ने अपने बयान में किसी संभावित कार्रवाई का समय या स्वरूप स्पष्ट नहीं किया। उनका यह बयान ऐसे समय आया है जब पश्चिम एशिया में तनाव लगातार बना हुआ है।

10:09 PM, 08-Jul-2026

ब्रिटिश पीएम स्टार्मर की ईरान-अमेरिका से अपील

ब्रिटिश पीएम किएर स्टार्मर चाहते हैं कि अमेरिका और ईरान 'सीजफायर' पर लौटें और होर्मुज जलडमरूमध्य को खोलने के समझौते को 'लागू' करें। अंकारा में नाटो समिट में बोलते हुए स्टार्मर ने कहा कि अगर हिंसा जारी रही तो यूके और दूसरी जगहों पर आर्थिक हालात और खराब हो जाएंगे। 'अगर हम जल्द से जल्द इस स्थिति को नहीं संभालते हैं, तो घरों के बिलों पर असर पड़ने की संभावना है'।

10:08 PM, 08-Jul-2026

अमेरिका की हरकतों का तुरंत जवाब दिया जाएगा- ईरान

ईरान के सर्वोच्च नेता के वरिष्ठ सलाहकार अली अकबर वेलायती ने खाड़ी क्षेत्र में फिर से तनाव बढ़ने के लिए अमेरिका को जिम्मेदार ठहराया है। वेलायती ने अपने एक्स अकाउंट पर लिखा कि अमेरिका-ईरान समझौते (MoU) को रद्द करने की ट्रंप की जुबानी घोषणा ने इस क्षेत्र को एक बार फिर आग में झोंक दिया है। उन्होंने लिखा, 'हमने पहले ही चेतावनी दी थी कि यह क्षेत्र छोटे देशों की राजनीतिक जुएबाजी की जगह नहीं है, और हमने बार-बार साबित किया है कि ऐसी दुस्साहसी हरकतों का तुरंत जवाब दिया जाता है' सलाहकार ने आगे कहा कि ईरान ट्रिगर पर उंगली रखे हुए है और अपमान व दुस्साहसी हरकतों के खिलाफ चुप नहीं बैठेगा।

09:54 PM, 08-Jul-2026

इस्राइल दक्षिणी लेबनान से अपनी सेना हटा लेगा- ट्रंप

सीरियाई राष्ट्रपति अहमद अल-शरा से मुलाकात के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि इस्राइली सेना दक्षिणी लेबनान से हट जाएगी। अंकारा में पत्रकारों से बात करते हुए ट्रंप ने कहा, 'मुझे लगता है कि वे ऐसा करने जा रहे हैं। मुझे लगता है कि वे ऐसा करना चाहते हैं'। हालांकि, उन्होंने इसके लिए कोई समय-सीमा या ज्यादा जानकारी नहीं दी।

09:49 PM, 08-Jul-2026

मर्ज ने ईरान के साथ टिकाऊ समझौते पर दिया जोर

जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मर्ज का कहना है कि उन्होंने ट्रंप से कहा है कि ईरान के साथ कोई भी समझौता टिकाऊ होना चाहिए, साथ ही उन्होंने हाल ही में संघर्ष-विराम के उल्लंघन के लिए तेहरान को जिम्मेदार ठहराया है।

09:45 PM, 08-Jul-2026

ट्रंप की धमकी के बाद ईरानी सांसद ने कहा- इंतजार है

ईरानी नेता, ईरान के तेल निर्यात के मुख्य केंद्र 'खार्ग द्वीप' पर हमले की ट्रंप की धमकी का कड़ा विरोध कर रहे हैं। ईरानी संसद की राष्ट्रीय सुरक्षा और विदेश नीति समिति के प्रवक्ता इब्राहिम रेजाई ने एक्स पर लिखा- 'आओ- हम तुम्हारा इंतजार कर रहे हैं, और हम वादा करते हैं कि एक भी अमेरिकी सैनिक जिंदा वापस नहीं लौटेगा'। ईरान के पूर्व विदेश मंत्री अली अकबर वेलायती ने तनाव बढ़ने की इस ताजा घटना पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए एक्स पर कहा कि ईरान ने 'पहले ही चेतावनी दी थी कि यह इलाका छोटे देशों की राजनीतिक जुएबाजी की जगह नहीं है' और वह 'इस इलाके को साफ करने के लिए ट्रिगर पर उंगली रखे तैयार खड़ा है'।

09:42 PM, 08-Jul-2026

ईरानी हमलों ने अमेरिका के साथ हुए समझौते का उल्लंघन किया- मैक्रों

फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों ने कहा कि अमेरिकी ठिकानों पर ईरान के हमले दोनों देशों के बीच हुए अंतरिम समझौते का उल्लंघन थे। उन्होंने यह भी कहा कि इन हमलों को अंजाम देने का ईरान का फैसला एक गलती थी, लेकिन ईरान और अमेरिका के बीच बातचीत जारी रहेगी।

09:28 PM, 08-Jul-2026

ईरान पर फिर से नौसैनिक नाकेबंदी लागू करेगा अमेरिका?

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य के पास कई कमर्शियल जहाजों पर हमले के बाद वे ईरान पर फिर से नौसैनिक नाकेबंदी लागू कर सकते हैं। नाटो समिट में उन्होंने कहा, 'हम नाकेबंदी फिर से लागू कर सकते हैं'। 'और यह नाकेबंदी सिर्फ ईरान के लिए होगी, बाकी कोई भी कुछ भी कर सकता है, जाहिर है'।

09:24 PM, 08-Jul-2026

ईरान के साथ भविष्य में होने वाली डील पर क्या बोले ट्रंप?

अमेरिकी राष्ट्रपति ने ईरान के साथ भविष्य में होने वाले किसी भी परमाणु समझौते के टिके रहने पर शक जताया। उन्होंने पत्रकारों से कहा, 'मुझे पक्का नहीं है कि ईरान के मामले में ऐसा होगा। अगर हम ईरान के साथ कोई डील करते हैं, तो मुझे यकीन नहीं है कि वह टिक पाएगी, क्योंकि मुझे वे बहुत बेईमान लोग लगे हैं'।

07:55 PM, 08-Jul-2026

ईरान के नेताओं ने खामेनेई के अंतिम संस्कार के लिए मांगी मोहलत- ट्रंप

'अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का कहना है कि ईरान के नेताओं ने खामेनेई के अंतिम संस्कार के लिए मोहलत मांगी है। ट्रंप ने दोनों पक्षों के बीच हाल ही में बढ़े हमलों के लिए ईरान को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने कहा कि ईरान ने पूर्व सुप्रीम लीडर अली खामेनेई के अंतिम संस्कार के दौरान 'थोड़ी देर रुकने' की मांग की थी। युद्ध के पहले दिन अमेरिका-इस्राइल के हमलों में खामेनेई मारे गए थे और उनका अंतिम संस्कार एक हफ्ते तक चला था। ट्रंप ने कहा, 'उन्होंने थोड़ी देर रुकने की मांग की थी, वे खामेनेई के अंतिम संस्कार में जाना चाहते थे। मैंने कहा कि उन्हें इसकी इजाजत दे दी जाए, लेकिन उन्होंने मिसाइलें दागनी शुरू कर दीं'।

07:45 PM, 08-Jul-2026

ट्रंप ने ईरान के इंफ्रास्ट्रक्चर पर हमला करने की धमकी दी

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को ईरान के इंफ्रास्ट्रक्चर पर हमला करने और खार्ग द्वीप (वहां मौजूद तेल इंफ्रास्ट्रक्चर के साथ) पर कब्जा करने की धमकी दी। ट्रंप ने यह धमकी तब दी जब उन्होंने घोषणा की कि अमेरिका, खाड़ी में अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर ईरानी हमलों के बाद ईरान के खिलाफ दूसरी रात हमले की तैयारी कर रहा है। ट्रंप ने कहा कि अगर जरूरत पड़ी, तो अमेरिका ईरान के बिजली संयंत्रों और खारे पानी को मीठा बनाने वाले संयंत्रों को नष्ट कर देगा। उन्होंने कहा कि मंगलवार के हमलों में खार्ग द्वीप पर हमले शामिल थे, लेकिन वहां मौजूद तेल सुविधाओं पर नहीं। ट्रंप ने कहा, 'हो सकता है कि हम खार्ग द्वीप पर कब्जा कर लें। हम खार्ग द्वीप पर कब्जा कर सकते हैं। वे इसके बारे में कुछ नहीं कर पाएंगे'।

07:44 PM, 08-Jul-2026

होर्मुज में माइनस्वीपर तैनात करेगा नाटो- ट्रंप

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने घोषणा की कि नाटो देश होर्मुज जलडमरूमध्य की सुरक्षा के लिए माइनस्वीपर तैनात करेंगे।

06:39 PM, 08-Jul-2026

ईरान पर आज रात भीषण हमला करेगा अमेरिका

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने नाटो समिट के दौरान कहा कि- ईरान पर आज रात भीषण हमला करेगा। बता दें कि, होर्मुज जलडमरूमध्य में बीते दिन तीन जहाजों पर हमले के बाद अमेरिका ने ईरान में बड़े पैमाने पर हमला किया। वहीं राष्ट्रपति ट्रंप ने ईरान के साथ युद्धविराम खत्म होने की भी बात कही थी।
 

06:09 PM, 08-Jul-2026

बहरीन ने ईरान के हमलों की कड़ी निंदा की

बहरीन रक्षा बल ने ईरान पर मिसाइल और ड्रोन से नागरिक इलाकों को निशाना बनाने का आरोप लगाया है। बहरीन ने इन हमलों को लगातार जारी शत्रुतापूर्ण कार्रवाई बताया है। रक्षा बल ने कहा कि ईरान का यह रवैया क्षेत्र की शांति और सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा है।

06:00 PM, 08-Jul-2026

इराक में अयातुल्ला खामेनेई की अंतिम यात्रा में उमड़ी भीड़

ईरान के पूर्व सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के निधन के बाद उनकी अंतिम यात्रा के तहत इराक के पवित्र शहर नजफ में बुधवार को बड़ी संख्या में लोग जुटे। श्रद्धांजलि देने के लिए हजारों लोग सड़कों और धार्मिक स्थलों पर पहुंचे। ईरान में शनिवार से छह दिनों का सार्वजनिक शोक और अंतिम संस्कार कार्यक्रम चल रहा है, जिसमें एक दिन का कार्यक्रम इराक में भी रखा गया है।

05:48 PM, 08-Jul-2026

खाड़ी में फंसे 6,000 नाविकों को लेकर संयुक्त राष्ट्र की चिंता

संयुक्त राष्ट्र की अंतरराष्ट्रीय समुद्री संगठन के महासचिव आर्सेनियो डोमिंगेज ने अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते हमलों पर चिंता जताते हुए दोनों पक्षों से संयम बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि फारस की खाड़ी में करीब 6,000 नाविक अब भी जहाजों पर फंसे हुए हैं और सुरक्षित तरीके से बाहर नहीं निकल पा रहे हैं। लगातार हमलों से उनके मनोवैज्ञानिक तनाव और डर में बढ़ोतरी हो रही है।

05:33 PM, 08-Jul-2026

ईरान में किसी भी स्थिति के लिए तैयार- IDF

इस्राइली मीडिया आउटलेट 'मारिव' ने सेना के एक सूत्र के हवाले से बताया कि इस्राइल खाड़ी क्षेत्र की गतिविधियों पर बारीकी से नजर रख रहा है, लेकिन तनाव बढ़ने से उसे हैरानी नहीं है क्योंकि उसका मानना है कि ईरान अमेरिका की मांगों को पूरा नहीं कर पाएगा। सूत्र ने कहा, 'इस्राइली सेना ईरान में किसी भी स्थिति के लिए तैयार है। हम उसी स्तर पर अलर्ट और तैयार हैं, जिस स्तर पर कल और उससे एक दिन पहले थे। अगर हमें हमला करने या बचाव करने की ज़रूरत पड़ी, तो हम तैयार हैं'। सूत्र ने आगे कहा, 'फिलहाल, बातचीत अमेरिकी ही कर रहे हैं और कल रात ईरान में कार्रवाई भी उन्होंने ही की थी'।

05:30 PM, 08-Jul-2026

होर्मुज से लौटाया गया भारतीय तेल टैंकर

ईरान की समाचार एजेंसी फार्स ने दावा किया है कि होर्मुज जलडमरूमध्य के ओमानी मार्ग से गुजर रहे एक भारतीय तेल टैंकर को वापस लौटा दिया गया। हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। रिपोर्ट के मुताबिक, ईरानी रिवोल्यूशनरी गार्ड (IRGC) जहाजों को रेडियो संदेश भेजकर ईरान द्वारा तय किए गए समुद्री मार्ग का इस्तेमाल करने के निर्देश दे रहा है। इससे पहले ओमान और संयुक्त राष्ट्र की अंतरराष्ट्रीय समुद्री संगठन (IMO) ने सुरक्षित निकासी के लिए एक अस्थायी समुद्री कॉरिडोर बनाया था।

05:29 PM, 08-Jul-2026

सोने की कीमत में बड़ी गिरावट

कच्चे तेल की कीमतों में तेजी और पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच बुधवार को सोने की कीमतों में बड़ी गिरावट दर्ज की गई। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर अगस्त डिलीवरी वाला सोना 2,308 रुपये यानी 1.59 फीसदी टूटकर 1,43,084 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। कारोबारियों का कहना है कि कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों से महंगाई की चिंता बढ़ी है, जिससे अमेरिकी डॉलर मजबूत हुआ और निवेशकों ने सोने में निवेश कम कर दिया।
 

04:21 PM, 08-Jul-2026

ईरानी हमलों से बिजली की लाइनें क्षतिग्रस्त- कुवैत

खाड़ी क्षेत्र में लक्ष्यों पर ईरानी हमलों के असर के बारे में धीरे-धीरे और जानकारी सामने आ रही है; ये हमले ईरान पर अमेरिकी हमलों की एक श्रृंखला के बाद हुए थे। कुवैत के बिजली मंत्रालय ने कहा कि ईरानी हमलों के दौरान छर्रों से बिजली की कई लाइनें क्षतिग्रस्त हो गईं। मंत्रालय ने कहा कि बिजली आपूर्ति में कोई रुकावट नहीं आई और आपातकालीन टीमों ने सुरक्षा अधिकारियों के साथ समन्वय करते हुए नुकसान का आकलन करना और मरम्मत का काम शुरू कर दिया है। इसके अलावा, मंत्रालय ने बुधवार सुबह बताया कि कई ओवरहेड लाइनों के खराब होने से बिजली गुल होने से प्रभावित सभी रिहायशी इलाकों में बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई है।

04:13 PM, 08-Jul-2026

तेल की कीमतों में 6% से ज्यादा की उछाल

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के यह कहने के बाद कि ईरान के साथ अंतरिम डील खत्म हो गई है, तेल की कीमतों में छह फीसदी से ज्यादा की बढ़ोतरी हुई और ये दो हफ्ते के उच्चतम स्तर पर पहुंच गईं। मंगलवार को अमेरिका द्वारा ईरानी कच्चे तेल की बिक्री की अनुमति देने वाला जनरल लाइसेंस रद्द करने के बाद बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड फ्यूचर्स और अमेरिकी वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट क्रूड की कीमतों में लगभग तीन फीसदी की बढ़ोतरी हुई थी। इन घटनाओं से पहले, पिछले महीने अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध-विराम समझौते पर हस्ताक्षर होने के बाद तेल की कीमतें गिरकर युद्ध-पूर्व के स्तर पर आ गई थीं।
 

03:01 PM, 08-Jul-2026

EU ने बहरीन पर हमले को कहा अस्वीकार्य

बहरीन पर ईरान के हमले को ईयू ने अस्वीकार्य बताया है। बुधवार को यूरोपीय संघ की उपाध्यक्ष काजा कल्लास ने कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच हालिया गोलीबारी ने युद्ध समाप्त करने की पहले से ही मुश्किल बातचीत को और जटिल बना दिया है। बहरीन और कुवैत पर ईरान के हमले स्वीकार्य नहीं हैं। साथ ही आरोप लगाया कि मेमोरेंडम के तहत तेहरान ने होर्मुज स्ट्रेट को दोबारा खोलने का वादा किया था, लेकिन स्ट्रेट के पास जहाजों पर हालिया हमले उस प्रतिबद्धता का उल्लंघन हैं, जिससे वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति प्रभावित होने का खतरा बढ़ गया है। इसमें इस बात पर भी जोर दिया गया कि होर्मुज स्ट्रेट और लाल सागर में नौवहन की स्वतंत्रता बिना किसी बाधा के बनी रहनी चाहिए। इसी मुद्दे पर अगले सोमवार को यूरोपीय संघ (EU) के विदेश मंत्री अपने खाड़ी देशों के समकक्षों के साथ बैठक करेंगे, जिसमें समझौते को लागू करने और दोनों समुद्री मार्गों पर सुरक्षित एवं निर्बाध नौवहन सुनिश्चित करने के लिए साझा रणनीति पर चर्चा की जाएगी।
 

02:20 PM, 08-Jul-2026

गुस्साए ट्रंप ने ईरानी शासन को आड़े हाथ लिया, नाटो सम्मेलन के दौरान बताया बेवकूफ

राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि उनकी नजर में ईरान के साथ समझौता टूट चुका है। नाटो शिखर सम्मेलन के दौरान ट्रंप की टिप्पणी ऐसे समय में आई है जब अमेरिकी सेना ने होर्मुज के आसपास और तेहरान में 80 से अधिक ठिकानों को निशाना बनाया। सीएनएन की रिपोर्ट के मुताबिक हमलों की इस श्रृंखला के बाद तुर्किये में आयोजित नाटो शिखर सम्मेलन के दौरान ट्रंप ने कहा, उनसे निपटना समय की बर्बादी है। 

ईरान पर ट्रंप के बयान में क्या?

अमेरिकी राष्ट्रपति की यह टिप्पणी ईरानी सेना- इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के बयान के बाद आई है। ईरानी सेना ने कहा था कि उसने ईरान पर अमेरिकी हमलों के जवाब में बहरीन और कुवैत में अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर हमले किए हैं। इस कार्रवाई पर भड़के ट्रंप ने ईरान के लिए 'दुष्ट, बीमार और मैल जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया। फटकार लगाते हुए ट्रंप ने कहा, तेहरान के साथ उनका प्रारंभिक समझौता पतन के कगार पर दिख रहा है।

11:58 AM, 08-Jul-2026

बहरीन की नागरिकों से सुरक्षित जगह जाने की अपील

दोनों देशों के बीच एक बार फिर से तनाव बढ़ने के बाद बहरीन के गृह मंत्रालय ने बुधवार को इमरजेंसी अलार्म सायरन चालू कर दिया और अपने सभी नागरिकों व निवासियों से शांत रहने और तुरंत सबसे पास की सुरक्षित जगह पर जाने की अपील की। बुधवार को जारी एक आधिकारिक घोषणा में, अधिकारियों ने लोगों को अपनी सुरक्षा को प्राथमिकता देने और स्थिति को संभालने के दौरान बेवजह बाहर न निकलने की सलाह दी। निवासियों से कहा गया है कि वे सरकारी अधिकारियों से मिलने वाली ताजा जानकारी और आगे के निर्देशों के लिए आधिकारिक कम्युनिकेशन चैनलों पर नजर रखें। एक्स पर एक पोस्ट में मंत्रालय ने कहा कि अलार्म सायरन चालू कर दिया गया है। नागरिकों और निवासियों से अनुरोध है कि वे शांत रहें, सबसे पास की सुरक्षित जगह पर जाएं और आधिकारिक चैनलों के ज़रिए अपडेट्स को फॉलो करें।

10:59 AM, 08-Jul-2026

पश्चिम एशिया में फिर गहराया संकट

अमेरिका और ईरान के बीच यह ताजा सैन्य टकराव ऐसे समय हुआ है जब क्षेत्र में पहले से तनाव बना हुआ है। इस नई कार्रवाई ने युद्धविराम को कमजोर कर दिया है और पश्चिम एशिया में शांति बहाली की कोशिशों पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

10:35 AM, 08-Jul-2026

अंतरराष्ट्रीय शिपिंग पर हमले की कीमत चुकाने की चेतावनी

अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने कहा है कि यह हवाई हमला होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजर रहे तीन वाणिज्यिक जहाजों पर ईरान के कथित हमलों के जवाब में किया गया। CENTCOM ने चेतावनी दी कि अंतरराष्ट्रीय समुद्री यातायात को निशाना बनाने वालों को 'भारी कीमत' चुकानी पड़ेगी। अमेरिका के इस बयान पर ईरान के विदेश मंत्रालय ने अमेरिका पर दोनों देशों के बीच हुए समझौता ज्ञापन का बार-बार उल्लंघन करने का आरोप लगाया। मंत्रालय ने कहा कि ईरान अपनी राष्ट्रीय सुरक्षा और हितों की रक्षा के लिए 'जो भी आवश्यक होगा, वह कदम उठाएगा।'
 

10:29 AM, 08-Jul-2026

सैन्य ठिकानों और मिसाइल सिस्टम पर हमला

अमेरिकी सेना के अनुसार, हवाई हमलों में होर्मुज जलडमरूमध्य के पास स्थित ईरानी सैन्य प्रतिष्ठानों को निशाना बनाया गया। इन लक्ष्यों में वायु रक्षा प्रणाली, तटीय निगरानी ढांचा, सतह से हवा में मार करने वाली मिसाइलें, एंटी-शिप क्रूज मिसाइल ठिकाने, ड्रोन लॉन्च साइट और बंदरगाह से जुड़ा बुनियादी ढांचा शामिल था।

10:19 AM, 08-Jul-2026

अमेरिकी अधिकारी का दावा- पहले से 4-5 गुना बड़ा हमला

एक अमेरिकी अधिकारी ने  एक्सियोस से कहा कि इस बार ईरान पर किया गया हमला दस दिन पहले हुए हमलों की तुलना में 'चार से पांच गुना अधिक बड़ा और ज्यादा शक्तिशाली' है। अधिकारी ने यह भी कहा कि यह सैन्य अभियान कई घंटे और जारी रह सकता है तथा अप्रैल में हुए युद्धविराम के बाद यह अमेरिका की सबसे बड़ी सैन्य कार्रवाई है। एक अन्य अमेरिकी अधिकारी ने कहा कि यह अभियान 'सिर्फ जवाबी कार्रवाई नहीं बल्कि सजा देने के उद्देश्य से' चलाया जा रहा है। अधिकारी ने कहा, 'यह सजा है और यह अभी खत्म नहीं होने वाला।'
 

10:19 AM, 08-Jul-2026

पहले दी गई थी तेल बिक्री की छूट

अमेरिकी वित्त मंत्रालय ने 21 जून को पूर्व प्रतिबंधों में ढील देते हुए 21 अगस्त तक ईरानी कच्चे तेल, पेट्रोकेमिकल और पेट्रोलियम उत्पादों के उत्पादन, आपूर्ति और बिक्री की अनुमति दी थी। यह फैसला अमेरिका और ईरान के बीच हुए समझौता ज्ञापन (MoU) के बाद लिया गया था।

10:08 AM, 08-Jul-2026

ईरान का दावा- चेतावनी के बावजूद आगे बढ़ा टैंकर

वहीं, ईरान के सरकारी प्रसारक आईआपआईबी ने मंगलवार को सूत्रों के हवाले से दावा किया कि कतर के तेल टैंकर Al-Raqayat को इसलिए निशाना बनाया गया क्योंकि वह अमेरिकी नौसेना के समर्थन के साथ ओमानी मार्ग से होर्मुज जलडमरूमध्य पार करने की कोशिश कर रहा था और उसने ईरान की कई चेतावनियों को नजरअंदाज किया। IRIB ने ईरान के पुराने रुख को दोहराते हुए कहा कि अमेरिका के हमले के बाद होर्मुज जलडमरूमध्य की स्थिति पहले जैसी नहीं रहेगी। जलडमरूमध्य से गुजरने वाले सभी जहाजों को केवल उन्हीं मार्गों का इस्तेमाल करना होगा जिन्हें ईरान ने निर्धारित किया है, अन्यथा उनकी सुरक्षा की गारंटी नहीं दी जा सकती।

10:02 AM, 08-Jul-2026

तीन टैंकरों पर हमले के बाद बढ़ा तनाव

अमेरिकी फैसले से पहले तीन तेल टैंकरों के होर्मुज जलडमरूमध्य और उसके आसपास अज्ञात प्रोजेक्टाइल से प्रभावित होने की सूचना मिली थी। यह जानकारी ब्रिटेन की यूके मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशन्स ने दी। हालांकि, इन हमलों की जिम्मेदारी किसी ने नहीं ली और तेहरान की ओर से भी तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई।

09:41 AM, 08-Jul-2026

ईरानी तेल बिक्री की छूट भी खत्म

सैन्य कार्रवाई के साथ-साथ अमेरिका ने वह सामान्य लाइसेंस भी रद्द कर दिया है, जिसके तहत ईरानी तेल की बिक्री की अनुमति दी गई थी। अमेरिका ने कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य में ईरान की गतिविधियां 'पूरी तरह अस्वीकार्य' हैं और इनके गंभीर परिणाम होंगे। यह जानकारी द टाइम्स ऑफ इस्राइल ने दी है। इसके जवाब में ईरान के विदेश मंत्रालय ने बुधवार को अमेरिकी फैसले की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि ईरानी तेल बिक्री पर अस्थायी प्रतिबंध हटाने का निर्णय वापस लेना 18 जून को हस्ताक्षरित इस्लामाबाद समझौता ज्ञापन (MoU) के अनुच्छेद-10 का स्पष्ट उल्लंघन है।

09:33 AM, 08-Jul-2026

इराक से तेहरान लौटे राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन

इस बीच ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन इराक से तेहरान लौट आए हैं। ईरानी सरकारी प्रसारक IRIB के मुताबिक, वह पूर्व सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए इराक के नजफ़ गए थे। IRNA के अनुसार, पेजेशकियन बुधवार तड़के नजफ से रवाना हुए और उनकी वापसी ऐसे समय हुई जब अमेरिका ने ईरान पर बड़े पैमाने पर सैन्य कार्रवाई शुरू की।

09:17 AM, 08-Jul-2026

 'कोई नागरिक हताहत नहीं' 

ईरानी सरकारी मीडिया के अनुसार, अमेरिकी हवाई हमलों के बाद कई स्थानों पर जोरदार विस्फोट हुए। क़ेश्म द्वीप, सीरिक और बंदर अब्बास के बंदरगाह क्षेत्रों में धमाकों की आवाजें सुनी गईं। इसके अलावा बंदर अब्बास के शाहिद हक्कानी पोर्ट और सीरिक के घाट पर आग लगने की भी खबर है। वहीं, होर्मोज़गान प्रांत के गवर्नर कार्यालय के हवाले से बताया कि मंगलवार शाम अमेरिका द्वारा किए गए हमलों में अब तक किसी भी नागरिक के हताहत होने की कोई सूचना नहीं मिली है।  

08:54 AM, 08-Jul-2026

अमेरिका का आरोप- तीन व्यापारिक जहाजों पर हमला

अमेरिका ने आरोप लगाया कि ईरान ने हाल ही में होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजर रहे तीन वाणिज्यिक जहाजों मार्शल आइलैंड्स के झंडे वाले  एम/टी अल रेकय्यात, सऊदी अरब के झंडे वाले एम/टी वेड्यान और लाइबेरिया के झंडे वाले M/T साइप्रस प्रॉस्पेरिटी पर हमला किया। सेंटकॉम ने इन कथित हमलों को युद्धविराम (सीजफायर) का उल्लंघन बताते हुए कहा, 'ईरानी बलों की यह अनुचित आक्रामकता युद्धविराम का स्पष्ट और खतरनाक उल्लंघन है और इससे समुद्री मार्गों की स्वतंत्रता प्रभावित होती है।' बयान में आगे कहा गया कि यदि समझौते का पालन नहीं किया गया तो सेंटकॉम की सेनाएं ईरान को जवाबदेह ठहराने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।

08:47 AM, 08-Jul-2026

भारत आ रहे जहाज पर भी हमले की खबर 

न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक, एलएनजीसी अल रेकय्यात नाम का विशाल एलएनजी जहाज कतर के रास लफ्फान बंदरगाह से गुजरात के दहेज के लिए रवाना हुआ था। 7 जुलाई को अरब सागर और ओमान की खाड़ी के मिलन बिंदु के पास ट्रांजिट के दौरान जहाज पर संदिग्ध ड्रोन से हमला किया गया। हमले के बाद जहाज के इंजन रूम में आग लग गई, जिससे काफी देर तक घना धुआं उठता रहा। हालांकि आग पर काबू पा लिया गया। फिलहाल किसी भी तरह के गैस या ईंधन रिसाव की पुष्टि नहीं हुई है। इस जहाज पर कुल 29 चालक दल के सदस्य सवार हैं, जिनमें चार भारतीय नाविक भी शामिल हैं। सरकारी सूत्रों ने एएनआई को बताया कि सभी क्रू मेंबर पूरी तरह सुरक्षित हैं और किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
 

08:38 AM, 08-Jul-2026

किन ठिकानों को बनाया गया निशाना?

अमेरिकी सेना के मुताबिक, हमलों में ईरान की वायु रक्षा प्रणालियों, कमांड एंड कंट्रोल नेटवर्क, तटीय रडार स्टेशनों, एंटी-शिप मिसाइल क्षमताओं और होर्मुज जलडमरूमध्य के आसपास संचालित इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) की 60 से अधिक छोटी नौकाओं को निशाना बनाया गया। सेंटकॉम का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य ईरान की अंतरराष्ट्रीय समुद्री जहाजों पर आगे हमले करने की क्षमता को कमजोर करना था।

08:22 AM, 08-Jul-2026

सेंटकॉम ने कार्रवाई की पुष्टि की

अमेरिकी सेंट्रल कमांड के अनुसार, ये हमले 7 जुलाई को किए गए और इन्हें 'होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजर रहे वाणिज्यिक जहाजों पर ईरान के हालिया हमलों के तत्काल जवाब' के तौर पर अंजाम दिया गया। सेंटकॉम ने अपने बयान में कहा, 'अमेरिकी सेंट्रल कमांड की सेनाओं ने 7 जुलाई को ईरान के खिलाफ नए आक्रामक हमले पूरे किए। इस अभियान में सटीक हथियारों की मदद से 80 से अधिक लक्ष्यों को निशाना बनाया गया। यह कार्रवाई होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजर रहे वाणिज्यिक जहाजों पर ईरान के ताजा हमलों के तत्काल जवाब में की गई है।'

08:12 AM, 08-Jul-2026

West Asia Tension LIVE: ट्रंप पर ईरान के उप विदेश मंत्री का पलटवार, बोले- उन्हीं की भाषा में देना होगा जवाब

अमेरिका ने मंगलवार (स्थानीय समय) को ईरान के खिलाफ जवाबी सैन्य कार्रवाई का नया दौर शुरू किया। अमेरिका ने 80 से अधिक ठिकानों पर सटीक हमले किए। वॉशिंगटन का आरोप है कि ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजर रहे वाणिज्यिक जहाजों पर हमला किया, जिसके जवाब में यह कार्रवाई की गई। वहीं, ईरानी अधिकारियों का कहना है कि अमेरिकी हमलों में अब तक किसी भी नागरिक के हताहत होने की सूचना नहीं मिली है।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें