02:09 PM, 24-Jul-2026
वेस्ट बैंक में गोलीबारी से चार फलस्तीनियों और एक इजरायली नागरिक की मौत
वेस्ट बैंक में नाबलुस शहर के पास हुई गोलीबारी में चार फलस्तीनियों और एक इस्राइली नागरिक की मौत हो गई है। इस घटना में कई अन्य लोग घायल भी हुए हैं। हाल के दिनों में इस्राइली कब्जे वाले इस इलाके में हिंसा काफी बढ़ गई है। रामल्ला स्थित फलस्तीनी स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, चार फलस्तीनियों की मौत इस्राइली सुरक्षा बलों की कार्रवाई में हुई। वहीं, इस्राइल की राहत सेवा ने यह स्पष्ट नहीं किया कि इस्राइली नागरिक को किसने मारा। फलस्तीनी स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि वे चार घायल फलस्तीनियों का इलाज कर रहे हैं, जिनमें तीन की हालत बेहद गंभीर है। दूसरी ओर, इस्राइली आपातकालीन सेवा ने दो घायल इस्राइली नागरिकों को इलाज के लिए एयरलिफ्ट किया है। इस्राइली सेना ने बताया कि उसके सैनिक हवात गिलाद बस्ती के पास घूम रहे इस्राइली नागरिकों पर हमले की सूचना के बाद पहुंचे थे। फिलहाल सेना ने नाबलुस और पास के फलस्तीनी गांव टेल की घेराबंदी कर दी है।