07:49 AM, 23-Jun-2026
ईरानी वार्ताकार बोले- स्विट्जरलैंड में तकनीकी बातचीत समाप्त
ईरान के उप विदेश मंत्री ने दावा किया कि अमेरिका के साथ अंतिम समझौते तक पहुंचने के मकसद से स्विट्जरलैंड में हुई तकनीकी बातचीत सफलतापूर्वक समाप्त हो गई है। अब अगले चरण की वार्ता मध्यस्थता की निगरानी करने वाली शीर्ष समिति के तहत होगी। ईरान की तकनीकी वार्ता टीम के प्रमुख काजेम गरीबाबादी ने कहा कि चार कार्य समूह बनाए गए हैं। ईरानी न्यूज एजेंसी आईआरएनए ने यह जानकारी दी।
गरीबाबादी के अनुसार, प्रत्येक समूह एक अलग मुद्दे पर काम करेगा और इनमें प्रतिबंधों में राहत, ईरान का परमाणु कार्यक्रम, देश का पुनर्निर्माण और आर्थिक विकास, तथा दोनों पक्षों द्वारा समझौते के पालन को सुनिश्चित करना शामिल है। उन्होंने कहा, समझौतों के आधार पर आगामी वार्ता उच्च-स्तरीय समिति की निगरानी में होगी, जिसमें ईरान की संसद के अध्यक्ष ईरान के विदेश मंत्री, अमेरिका के उपराष्ट्रपति और पाकिस्तान व कतर के प्रधानमंत्री शामिल होंगे।