फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

West Asia Live: हिजबुल्ला ने इस्राइल के नौसेना बेस को निशाना बनाया; पाकिस्तान के लिए रवाना हुए जेडी वेंस

Fri, 10 Apr 2026 11:51 PM IST
Shubham Kumar वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला

खास बातें

West Asia Crisis Live Updates: पश्चिम एशिया में पिछले एक महीने से ज्यादा समय से जारी हिंसक संघर्ष ने आज एक निर्णायक मोड़ ले लिया है। अमेरिका और ईरान ने दो सप्ताह के युद्धविराम पर सहमति जताई है, जिसमें दोनों पक्षों ने लड़ाई रोकने और होर्मुज को खुला रखने का वादा किया है। ऐसे में अब बातचीत का अगला दौर इस्लामाबाद में होगा। इसके लिए अमेरिकी राष्ट्रपति की ओर से एक विशेष टीम भेजी जा रही है। इस टीम का नेतृत्व खुद जेडी वेंस करेंगे। वेंस पाकिस्तान के लिए रवाना हो चुके हैं। हालांकि लेबनान को लेकर स्थिति अभी भी तनावपूर्ण है। अमर उजाला के इस लाइव ब्लॉग में पढ़ें पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष से जुड़े तमाम पल-पल अपडेट्स...
विज्ञापन
इस्राइली और अमेरिकी हमलों के बाद पश्चिम एशिया क्षेत्र में तनाव - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक/पीटीआई
विज्ञापन

लाइव अपडेट

11:50 PM, 10-Apr-2026

ईरान पर ट्रंप का तीखा हमला, वैश्विक जलमार्ग से दबाव का आरोप

मौजूदा अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान पर कड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि ईरान लड़ाई से ज्यादा “फेक न्यूज मीडिया” और पब्लिक रिलेशन संभालने में माहिर है। ट्रंप ने आरोप लगाया कि ईरान अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों का इस्तेमाल कर दुनिया पर दबाव बनाने की कोशिश कर रहा है। ट्रंप ने यह भी कहा कि ईरान के पास कोई मजबूत विकल्प नहीं है और वह केवल बातचीत के जरिए ही आगे बढ़ सकता है। उन्होंने संकेत दिया कि मौजूदा हालात में ईरान के लिए वार्ता ही एकमात्र रास्ता है। इस बयान से अमेरिका-ईरान के बीच तनाव और बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं।
 

08:53 PM, 10-Apr-2026

इस्राइली नौसेना बेस को हिज्बुल्ला ने बनाया निशाना

लेबनान के संगठन हिजबुल्ला ने अशदोद में हुए मिसाइल हमले की जिम्मेदारी लेते हुए दावा किया है कि उसका निशाना इस्राइल की नौसेना का बेस था। संगठन ने कहा कि उसने सटीक मिसाइल से हमला किया। वहीं, इजराइल डिफेंस फोर्स के मुताबिक, यह मिसाइल लेबनान से रात करीब 1 बजे दागी गई थी, जिसे सफलतापूर्वक इंटरसेप्ट कर लिया गया। इस हमले में कोई नुकसान या घायल होने की खबर नहीं है। हालांकि यह हमला इस्राइल के भीतर गहराई तक पहुंचने वाला माना जा रहा है, जिससे क्षेत्र में तनाव और बढ़ सकता है।

06:14 PM, 10-Apr-2026

पाकिस्तान रवाना हुए जेडी वेंस

डोनाल्ड ट्रंप ने अपने उपराष्ट्रपति जेडी वेंस को बड़ी जिम्मेदारी देते हुए पाकिस्तान भेजा है। वेंस इस्लामाबाद में ईरान के साथ होने वाली अहम बातचीत का नेतृत्व करेंगे। इन वार्ताओं का मकसद अमेरिका और ईरान के बीच बने नाजुक संघर्षविराम को बचाना है, जो हाल के तनाव के कारण कमजोर पड़ता दिख रहा है।

विज्ञापन
05:03 PM, 10-Apr-2026

कतर पहुंचे हरदीप सिंह पुरी, ऊर्जा आपूर्ति और सहयोग पर अहम चर्चा

पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी दो दिवसीय दौरे पर शुक्रवार को दोहा पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कतर के ऊर्जा मामलों के राज्य मंत्री और कतरएनर्जी के प्रमुख साद शरीदा अल-काबी से मुलाकात की। बैठक में भारत-कतर के बीच ऊर्जा सहयोग और मौजूदा क्षेत्रीय हालात पर विस्तार से चर्चा हुई। पुरी ने कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमद अल थानी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संदेश और शुभकामनाएं दीं। दोनों पक्षों ने हालिया तनाव के बीच शांति और स्थिरता की जरूरत पर जोर दिया। साथ ही व्यापार, निवेश और ऊर्जा साझेदारी को और मजबूत करने पर सहमति बनी। कतर ने भारत को भरोसेमंद ऊर्जा आपूर्तिकर्ता बने रहने की प्रतिबद्धता दोहराई। हाल ही में क्षेत्रीय संघर्ष के कारण एलएनजी उत्पादन प्रभावित हुआ है, जिससे वैश्विक ऊर्जा बाजार पर असर पड़ा है। ऐसे में यह दौरा भारत की ऊर्जा सुरक्षा के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
 

02:38 PM, 10-Apr-2026

इस्लामाबाद में शांति वार्ता से पहले हाई अलर्ट

अमेरिका और ईरान के बीच प्रस्तावित अहम शांति वार्ता से पहले पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में सुरक्षा व्यवस्था को अभूतपूर्व स्तर पर मजबूत किया गया है। पाकिस्तान के आंतरिक मंत्री मोहसिन नकवी ने शुक्रवार को सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को किसी भी तरह की चूक न होने के निर्देश दिए।

सूत्रों के अनुसार, अमेरिका और ईरान के प्रतिनिधिमंडल के आगमन से पहले इस्लामाबाद में 10,000 से अधिक सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है। रेड जोन को पूरी तरह सील कर दिया गया है और गृह मंत्रालय में एक विशेष कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जो हर गतिविधि पर नजर रख रहा है। शहर के विभिन्न इलाकों में बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चलाया गया है, जबकि एंट्री और एग्जिट पॉइंट्स पर विशेष चेकिंग भी शुरू कर दी गई है। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां लगातार गश्त कर रही हैं।

विज्ञापन
12:39 PM, 10-Apr-2026

जेलेंस्की का दावा- ईरान युद्ध के दौरान पश्चिम एशिया में शाहेद ड्रोन मार गिराए

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ने दावा किया है कि उनके देश की सैन्य टुकड़ियों ने ईरान युद्ध के दौरान पश्चिम एशिया के कई देशों में ईरान निर्मित शाहेद ड्रोन को मार गिराया। उन्होंने इसे सहयोगी देशों की मदद के लिए चलाए गए एक व्यापक सैन्य अभियान का हिस्सा बताया। जेलेंस्की ने इस ऑपरेशन को लेकर पहली बार सार्वजनिक रूप से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यूक्रेनी बलों ने विदेशों में सक्रिय अभियानों में हिस्सा लिया और अपने देश में विकसित तथा युद्ध में परीक्षण किए गए इंटरसेप्टर ड्रोन का इस्तेमाल किया।

11:29 AM, 10-Apr-2026

दक्षिण लेबनान में इस्राइल के हवाई हमले तेज

लेबनान की राष्ट्रीय समाचार एजेंसी (NNA) के अनुसार, इस्राइल ने सराफंद शहर को सुबह से अब तक दो बार हवाई हमलों से निशाना बनाया है। इसके अलावा, अल-बयासिरिया के बाहरी इलाके स्थित खिरबत अल-दुवैर क्षेत्र में भी इजरायली सेना द्वारा हमला किया गया है। लगातार हो रहे इन हमलों से क्षेत्र में दहशत का माहौल है और हालात और अधिक तनावपूर्ण हो गए हैं।

अल जजीरा की रिपोर्ट के अनुसार, दक्षिण लेबनान के हनीन शहर में इस्राइली सेना ने कई घरों को विस्फोट कर उड़ा दिया है। स्थानीय स्तर पर भारी नुकसान की खबरें सामने आ रही हैं। इसी बीच, दक्षिण लेबनान से इस्राइल के उत्तरी क्षेत्र गैलिली की ओर रॉकेट हमले भी किए जाने की जानकारी मिली है, जिससे सीमा पर संघर्ष और तेज हो गया है।

11:28 AM, 10-Apr-2026

इस्राइल की लेबनान के साथ सीधे वार्ता को मंजूरी

इस्राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने लेबनान के साथ सीधे वार्ता को मंजूरी देने की बात कही। हालांकि लेबनान सरकार की ओर से इस पर अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। सूत्रों के अनुसार, यह बातचीत अगले सप्ताह वाशिंगटन में हो सकती है। वहीं, हाल ही में बेरूत पर हुए भीषण हमले में 300 से अधिक लोगों की मौत के बाद स्थिति और गंभीर बनी हुई है।

11:26 AM, 10-Apr-2026

कुवैत ने ईरान पर ड्रोन हमले का लगाया आरोप

पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच कुवैत ने आरोप लगाया है कि उस पर हुए ड्रोन हमलों के पीछे ईरान और उसके समर्थित गुटों का हाथ है। यह आरोप ऐसे समय में आया है जब अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के कारण स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में जारी दबाव को देखते हुए अस्थायी सीजफायर की प्रभावशीलता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। कुवैत के इन आरोपों के तुरंत बाद ईरान की अर्धसैनिक रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने किसी भी खाड़ी देश पर हमले में शामिल होने से साफ इनकार कर दिया है।

08:44 AM, 10-Apr-2026

जापान आपातकालीन भंडार से तेल जारी करेगा

जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची ने घोषणा की है कि मई की शुरुआत से देश अपने आपातकालीन भंडार से 20 दिनों के तेल की आपूर्ति जारी करेगा। जापान अपनी लगभग 95 प्रतिशत तेल आवश्यकताओं के लिए मध्य पूर्व पर निर्भर है। देश ने मार्च के मध्य से ही अपने भंडार से तेल निकालना शुरू कर दिया था।

कुल मिलाकर, जापान लगभग 50 दिनों की खपत के बराबर तेल बाजार में उपलब्ध करा रहा है। 6 अप्रैल तक, जापान के पास अपने भंडार में लगभग 230 दिनों के उपयोग के लिए पर्याप्त तेल मौजूद था।

08:42 AM, 10-Apr-2026

खाड़ी दौरे पर ब्रिटेन के प्रधानमंत्री

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने ईरान और अमेरिका के बीच युद्ध विराम की घोषणा के बाद खाड़ी देशों का त्वरित दौरा किया। इस दौरान उन्होंने संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति मोहम्मद बिन जायेद अल नहयान से मुलाकात की।

डाउनिंग स्ट्रीट के अनुसार, स्टार्मर ने ईरानी हमलों के बाद यूएई के लोगों के प्रति अपनी एकजुटता व्यक्त की। दोनों नेताओं ने होर्मुज़ जलडमरूमध्य को पूरी तरह से खोलने की आवश्यकता पर जोर दिया और यूके तथा यूएई के बीच संबंधों को और मजबूत करने का संकल्प लिया। इस यात्रा के दौरान स्टार्मर ने कतर, बहरीन और सऊदी अरब का भी दौरा किया।

08:41 AM, 10-Apr-2026

होर्मुज जलडमरूमध्य में तनाव से तेल की कीमतों में उछाल

एशियाई बाजारों में शुरुआती कारोबार के दौरान तेल की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी देखी गई, क्योंकि निवेशक होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले जहाजों की सीमित आवाजाही को लेकर चिंतित हैं। ईरान और अमेरिका के बीच घोषित युद्ध विराम अभी भी अस्थिर बना हुआ है, वहीं इस्राइल द्वारा लेबनान पर जारी हमलों ने क्षेत्रीय तनाव को और बढ़ा दिया है।

शुक्रवार को 01:00 GMT तक ब्रेंट क्रूड ऑयल की कीमत लगभग 0.87 प्रतिशत बढ़कर 96.75 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गई। वहीं अमेरिकी कच्चे तेल के दाम में भी 1 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि दर्ज की गई।

08:14 AM, 10-Apr-2026

होर्मुज जलडमरूमध्य में जहाजों की आवाजाही पर नजर

ईरान और पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच होर्मुज जलडमरूमध्य में जहाजों की गतिविधियों ने एक बार फिर वैश्विक ध्यान खींचा है। ताजा शिप-ट्रैकिंग डेटा के अनुसार, बोत्सवाना ध्वज वाला एलएनजी टैंकर 'निदी' पर्शियन गल्फ से बाहर निकलने की कोशिश के दौरान अचानक वापस लौट गया, जिससे ईरान के नियंत्रण को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

डेटा फर्म के अनुसार, गुरुवार को चार तेल टैंकर और तीन मालवाहक जहाज इस महत्वपूर्ण मार्ग से गुजरे। युद्ध विराम के बाद अब तक कम से कम 12 जहाजों की आवाजाही दर्ज की गई है, हालांकि कई जहाज अपनी लोकेशन साझा नहीं करते, जिससे वास्तविक संख्या अधिक हो सकती है।

07:29 AM, 10-Apr-2026

कुवैत के आरोपों को ईरान ने किया खारिज

पश्चिम एशिया में ईरान और खाड़ी देशों के बीच तनाव एक बार फिर बढ़ गया है। ईरान की अर्धसैनिक इकाई रिवोल्यूशनरी गार्ड ने कुवैत के उन आरोपों से इनकार किया है, जिसमें कहा गया था कि गुरुवार को उसके और उसके समर्थित समूहों ने खाड़ी देशों पर ड्रोन हमले किए। ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड ने राज्य मीडिया IRNA के जरिए बयान जारी करते हुए कहा कि अगर ऐसे हमलों की खबरें सही हैं, तो इसके पीछे इस्राइल या अमेरिका जैसे दुश्मन का हाथ हो सकता है। हालांकि, रिपोर्टों में यह भी कहा गया है कि ईरान पहले भी युद्ध के दौरान नागरिक ठिकानों पर हमले कर चुका है और इराक में शिया मिलिशिया के जरिए कार्रवाई करने की क्षमता रखता है, जिससे उसकी सीधी जिम्मेदारी से बचा जा सके।

कुवैत ने आरोप लगाया है कि गुरुवार रात ड्रोन हमलों में उसके कई महत्वपूर्ण और रणनीतिक ठिकानों को निशाना बनाया गया। कुवैत ने कहा कि यह हमला युद्धविराम के बावजूद किया गया है। वहीं सऊदी अरब ने भी माना है कि हाल ही में उसके पूर्व-पश्चिम तेल पाइपलाइन को नुकसान पहुंचा है। यह पाइपलाइन खाड़ी क्षेत्र से तेल को लाल सागर तक पहुंचाने के लिए बेहद अहम है और इससे वैश्विक तेल आपूर्ति प्रभावित हो सकती है।

06:37 AM, 10-Apr-2026

पहले की तुलना में होर्मुज से अब 10% जहाजों का ही आवागमन

अमेरिका और ईरान के बीच युद्धविराम के बावजूद बृहस्पतिवार को होर्मुज जलडमरूमध्य से जहाजों का आवागमन पहले के सामान्य स्तर की तुलना में 10% से भी कम रहा। ईरान ने जहाजों को चेतावनी देते हुए अपने क्षेत्रीय जलक्षेत्र में ही रहने के प्रति आगाह किया है और होर्मुज पर अपना नियंत्रण बना रखा है।

ऐसे में पश्चिम एशिया संघर्ष शुरू होने के बाद दुनियाभर में कच्चे तेल की आपूर्ति में आई बाधा फिलहाल दूर होती नहीं दिख रही। संयुक्त अरब अमीरात की सरकारी तेल कंपनी एडीएनओसी के सीईओ ने बृहस्पतिवार को कहा कि ईरान को बिना किसी शर्त के जलडमरूमध्य खोलना होगा। वहीं, जहाज ट्रैकिंग डाटा दर्शाता है कि पिछले 24 घंटों में केवल सात जहाज ही इस रास्ते से गुजरे हैं।

शुल्क लगाने की भी खबरें
इस बीच,  ऐसी बातें भी सामने आई हैं कि ईरान जलडमरूमध्य से गुजरने वाले जहाजों पर शुल्क लगाना चाहता है। कुछ रिपोर्टों में यह राशि 20 लाख डॉलर तक बताई गई है। फाइनेंशियल टाइम्स अखबार ने ईरान के तेल, गैस और पेट्रोकेमिकल उत्पाद निर्यातक संघ के प्रवक्ता हामिद हुसैनी के हवाले से खबर दी है कि ईरान होर्मुज पर नियंत्रण बनाए रखने के लिए क्रिप्टो में टोल भुगतान की मांग करेगा।

04:39 AM, 10-Apr-2026

इस्राइल ने लेबनान पर फिर बरसाए बम

इस्राइल ने एक बार फिर दक्षिणी लेबनान में हवाई हमले किए हैं, जिससे इलाके में तनाव और बढ़ गया है। जमीनी रिपोर्ट्स के मुताबिक, दो अलग-अलग जगहों को निशाना बनाया गया। पहला हवाई हमला बजौरियेह नाम के कस्बे पर किया गया, जबकि दूसरा हमला हन्नाउइयाह के आसपास के इलाकों में हुआ। इन हमलों के बाद क्षेत्र में डर और अनिश्चितता का माहौल बन गया है। फिलहाल नुकसान और हताहतों की पूरी जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन लगातार हो रहे हमलों से हालात और बिगड़ते नजर आ रहे हैं। यह घटनाएं ऐसे समय में हो रही हैं जब पहले से ही क्षेत्र में संघर्ष और तनाव बना हुआ है।

03:47 AM, 10-Apr-2026

इस्राइल का भीषण हमला, हिजबुल्ला प्रमुख का भतीजा यूसुफ मारा गया

इस्राइल ने लेबनान पर ताबड़तोड़ हमले जारी रखे हैं। इस्राइली सेना ने दावा किया कि उसने बुधवार रात बेरूत पर हमले कर हिजबुल्ला प्रमुख नईम कासिम के भतीजे और निजी सचिव अली यूसुफ हर्षी को मार गिराया। इस्राइल ने लेबनान पर सैकड़ों मिसाइलें दागीं। हमलों में 300 से अधिक लोगों की मौत हो गई व 1,500 से अधिक लोग घायल हुए हैं। इस्राइल ने नदी पार करने के रास्तों पर भी हमले किए। इस्राइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा, हिजबुल्ला को सबसे बड़ा झटका दिया है। हमने 10 मिनट में 100 ठिकानों पर हमला किया। वहीं, लेबनान ने कहा, इस्राइल ने आधी रात में बेरूत के घनी आबादी वाले इलाकों पर हमले किए। हमले रोकने का वादा करने वाले हिजबुल्ला ने कहा, वह फिर इस्राइल पर हमले शुरू कर रहा है। उसने सीमापार कर इस्राइल में और दक्षिणी लेबनान में मौजूद इस्राइली सेना पर गोलीबारी की है।

03:45 AM, 10-Apr-2026

इस्राइल को लेकर ईरान ने अमेरिका को दी चेतावनी

ईरान ने अमेरिका को चेतावनी देते हुए कहा है कि अगर वह इस्राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को कूटनीति को नुकसान पहुंचाने देता है, तो यह बेवकूफी होगी। ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा कि इस्राइल की तरफ से लेबनान पर लगातार किए जा रहे तेज हमलों से क्षेत्रीय युद्धविराम खतरे में पड़ सकता है। इन हमलों में अब तक सैकड़ों लोगों की मौत हो चुकी है।

उन्होंने यह भी इशारा किया कि नेतन्याहू का भ्रष्टाचार मामला रविवार से फिर शुरू होने वाला है और संभव है कि वह घरेलू राजनीतिक दबाव से ध्यान हटाने के लिए संघर्ष को जारी रख रहे हों। ईरान का कहना है कि इस तरह की स्थिति पूरे क्षेत्र में शांति प्रयासों को कमजोर कर सकती है और अमेरिका को इसमें संतुलित भूमिका निभानी चाहिए।

03:42 AM, 10-Apr-2026

ट्रंप की दो टूक- टैंकरों से शुल्क वसूलना बंद करे ईरान

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को लेकर एक बार फिर कड़ा रुख दिखाया है। उन्होंने कहा कि ऐसी खबरें सामने आ रही हैं कि ईरान होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले तेल टैंकरों से शुल्क वसूल रहा है। ट्रंप ने चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि अगर यह सच है, तो ईरान को तुरंत ऐसा करना बंद करना होगा। उन्होंने साफ कहा कि अंतरराष्ट्रीय समुद्री रास्तों पर इस तरह का शुल्क लगाना स्वीकार नहीं किया जाएगा।

दरअसल, होर्मुज जलडमरूमध्य दुनिया के सबसे अहम तेल मार्गों में से एक है, जहां से बड़ी मात्रा में वैश्विक तेल सप्लाई गुजरती है। हाल के दिनों में ऐसी रिपोर्ट्स आई हैं कि ईरान कुछ जहाजों से पैसे वसूल रहा है, जिससे वैश्विक स्तर पर चिंता बढ़ गई है। ट्रंप का यह बयान ऐसे समय में आया है जब क्षेत्र में पहले से ही तनाव बना हुआ है और तेल सप्लाई को लेकर अनिश्चितता जारी है। इसे अमेरिका की ओर से ईरान पर दबाव बढ़ाने की एक और कोशिश के रूप में देखा जा रहा है।

03:36 AM, 10-Apr-2026

ट्रंप का अपने ही समर्थकों पर ईरान को लेकर हमला

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के परमाणु कार्यक्रम को लेकर अपनी ही पार्टी और समर्थक खेमे के कुछ प्रमुख कमेंटेटर्स पर तीखा हमला बोला है। ट्रंप ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए टकर कार्लसन, मेगन केली, कैंडेस ओवेन्स और एलेक्स जोन्स जैसे जाने-माने कंज़र्वेटिव विश्लेषकों को आड़े हाथों लिया। ट्रंप ने आरोप लगाया कि ये सभी लोग ऐसे विचारों का समर्थन कर रहे हैं जिससे ईरान को परमाणु हथियार हासिल करने में मदद मिल सकती है। उन्होंने कहा कि ईरान को किसी भी हालत में परमाणु हथियार नहीं मिलना चाहिए और उनकी नीति इस पर पूरी तरह सख्त है।

03:23 AM, 10-Apr-2026

यूरोपीय पुनर्निर्माण और विकास बैंक ने पश्चिम एशिया संकट के लिए राहत पैकेज का एलान किया

यूरोपीय पुनर्निर्माण और विकास बैंक ने पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष से प्रभावित देशों की मदद के लिए बड़ा आर्थिक पैकेज देने की घोषणा की है। बैंक ने कुल 5 अरब यूरो (लगभग 5.9 अरब डॉलर) की सहायता देने का फैसला किया है। यह सहायता उन देशों के लिए होगी जिनकी अर्थव्यवस्था संघर्ष के कारण प्रभावित हुई है। इसमें इराक, जॉर्डन, लेबनान, फलस्तीन के कब्जे वाला वेस्ट बैंक और गाजा शामिल हैं। इसके अलावा मिस्र, तुर्किए, आर्मेनिया और अजरबैजान जैसे पड़ोसी देश भी इस मदद का हिस्सा होंगे।

बैंक ने कहा है कि इस संघर्ष की वजह से व्यापार मार्ग बाधित हो गए हैं, ऊर्जा और वस्तुओं की सप्लाई पर असर पड़ा है और निवेशकों का भरोसा भी कमजोर हुआ है। इसका सीधा असर आम लोगों की जिंदगी और आर्थिक स्थिति पर पड़ रहा है। EBRD ने यह भी साफ किया है कि यह सहायता जरूरत के अनुसार दी जाएगी, क्योंकि हालात तेजी से बदल रहे हैं और उसी हिसाब से मदद को आगे बढ़ाया जाएगा। इसके साथ ही बैंक ने लेबनान की एक रिटेल चेन को समर्थन देने की एक परियोजना को भी मंजूरी दी है, ताकि वहां लोगों की नौकरियां, वित्तीय सुविधाएं और जरूरी सेवाएं सुरक्षित रह सकें।

03:17 AM, 10-Apr-2026

West Asia Live: हिजबुल्ला ने इस्राइल के नौसेना बेस को निशाना बनाया; पाकिस्तान के लिए रवाना हुए जेडी वेंस

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को लेकर एक बार फिर सख्त बयान दिया है। उन्होंने कहा कि बहुत जल्द तेल की सप्लाई फिर से शुरू हो जाएगी चाहे इसमें ईरान मदद करे या नहीं। ट्रंप ने साफ तौर पर चेतावनी दी कि अमेरिका अपने कदम खुद उठाने के लिए तैयार है और तेल का प्रवाह हर हाल में बहाल किया जाएगा। यह बयान ऐसे समय में आया है जब क्षेत्र में तनाव और ऊर्जा सप्लाई को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है। इसके साथ ही ट्रंप ने ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर भी कड़ा रुख दोहराया। उन्होंने कहा कि उनकी मौजूदगी में ईरान कभी भी परमाणु हथियार हासिल नहीं कर पाएगा। 

 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें