फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

West Asia LIVE: जुलाई महीने में अमेरिकी हमलों में 50 मौतें; मोजतबा बोले- ट्रंप के हस्ताक्षर 'बेकार और अमान्य'

Sat, 18 Jul 2026 11:41 PM IST
ज्योति भास्कर वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला।

खास बातें

West Asia Crisis LIVE US Iran Tension News: ईरान में सातवें दिन भी अमेरिकी हमले जारी हैं। अमेरिकी सेना ने कार्रवाई और हवाई हमलों के दौरान ईरान में पुलों और पानी के प्लांट पर बम बरसाए हैं। अमेरिकी सेना की कार्रवाई होर्मुज में गतिरोध को लेकर ट्रंप की धमकी के बाद हो रही है। पश्चिम एशिया में टकराव और तनाव से जुड़े तमाम अपडेट्स अमर उजाला के इस लाइव ब्लॉग में पढ़ें
विज्ञापन
पश्चिम एशिया में संघर्ष - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विज्ञापन

लाइव अपडेट

11:33 PM, 18-Jul-2026

ईरान ने अमेरिका के साथ जंग पर क्या कहा?

ईरान के सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई ने अमेरिका के साथ जारी जंग के बीच कभी न भूलने वाले सबक सिखाने की चेतावनी दी है। शनिवार को खामेनेई ने कहा, अगर अमेरिकी सेना इस्लामी गणराज्य पर हमला करना जारी रखता है तो उसे 'अविस्मरणीय अंजाम' भुगतने को तैयार रहना चाहिए। खामेनेई ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के हस्ताक्षर को भी 'बेकार और अमान्य' करार दिया। उनकी ये टिप्पणियां ऐसे समय में आई हैं, जब कुछ घंटे पहले शांति समझौते से जुड़े एक वार्ताकार ने कहा कि तेहरान लगभग एक महीने पहले हुई डील को खत्म कर रहा है। करीब 112 दिनों की जंग के बाद अमेरिका और ईरान के बीच अंतरिम समझौते पर हस्ताक्षर हुए थे। अब तेहरान ने अपनी प्रतिबद्धताओं को निलंबित कर दिया है। मोजतबा खामेनेई युद्ध शुरू होने के बाद से अब तक सामने नहीं आए हैं। उनके नाम से जारी बयान सरकारी टेलीविजन पर तब पढ़ा गया। इस बयान से पहले अमेरिका ने ईरान के बुनियादी ढांचे और सैन्य ठिकानों को निशाना बनाकर हमले किए।

11:15 PM, 18-Jul-2026

जॉर्डन में ईरानी सेना की कार्रवाई, दो सैनिकों की मौत

अमेरिकी सेना ने बताया कि शुक्रवार को जॉर्डन में ईरानी बैलिस्टिक मिसाइल और ड्रोन हमले में दो सैनिक मारे गए और एक लापता है। युद्ध की शुरुआत के बाद यह सीधे ईरानी हमले में अमेरिकी सैनिकों की पहली मौत है। मारे गए सैनिकों की पहचान नहीं बताई गई है।

10:50 PM, 18-Jul-2026

मोजतबा की अमेरिका को 'कभी न भूलने वाले सबक' सिखाने की चेतावनी

ईरान के सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई ने एक नए बयान में चेतावनी दी है कि अगर अमेरिका हमले जारी रखता है, तो उसे 'कभी न भूलने वाले सबक' सिखाए जाएंगे। खामेनेई का यह बयान सरकारी टेलीविजन पर पढ़कर सुनाया गया; युद्ध शुरू होने के बाद से उन्हें सार्वजनिक रूप से नहीं देखा गया है। उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के हस्ताक्षर को "बेकार और अमान्य" भी बताया। इससे पहले शनिवार को ईरान के एक वार्ताकार ने कहा था कि तेहरान उस अंतरिम समझौते के तहत अपनी प्रतिबद्धताओं को रोक रहा है, जिस पर दोनों देशों ने लगभग एक महीने पहले हस्ताक्षर किए थे। इस समझौते का मकसद युद्ध को हमेशा के लिए खत्म करना था।

विज्ञापन
10:40 PM, 18-Jul-2026

दक्षिणी लेबनान में हिजबुल्ला लड़ाकों पर इस्राइल का हमला

इस्राइली सेना ने कहा है कि उसकी फोर्स ने आज लेबनान के तेबनित इलाके में हिजबुल्ला लड़ाकों पर हमला किया। एक बयान में, इस्राइली सेना ने दावा किया कि हिजबुल्ला के सदस्य उस इलाके के पास 'ड्रोन उड़ा रहे थे और छिपकर कार्रवाई कर रहे थे' जहां इस्राइली सैनिक तैनात थे; सेना के मुताबिक, यह सीजफायर समझौते का उल्लंघन था। 'सीजफायर के दौरान भी इस्राइल ने लेबनान में लगातार घातक हमले किए हैं।

10:18 PM, 18-Jul-2026

सऊदी ने कुवैत, बहरीन और जॉर्डन के खिलाफ ईरान के 'आक्रामकता' की निंदा की

सऊदी अरब के विदेश मंत्रालय ने कहा है कि वह कुवैत, बहरीन और जॉर्डन के खिलाफ ईरान की लगातार बेरहम आक्रामकता की कड़ी निंदा करता है। मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि वह ईरान के हमलों के खिलाफ उन देशों द्वारा उठाए गए कदमों का पूरा समर्थन करता है; ये हमले अंतरराष्ट्रीय कानून और अच्छे पड़ोसी संबंधों के सिद्धांतों का उल्लंघन करते हैं। सऊदी अरब का यह बयान कतर और GCC प्रमुख जसीम अल-बुदैवी द्वारा खाड़ी क्षेत्र के पड़ोसी देशों पर ईरान के हालिया हमलों की निंदा किए जाने के बाद आया है।

विज्ञापन
10:14 PM, 18-Jul-2026

अमेरिकी राष्ट्रपति के हस्ताक्षर 'बेकार और अमान्य'- मोजतबा

ईरान के सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई ने एक लिखित बयान जारी कर कहा है कि ईरान के साथ हुए समझौतों का अमेरिका द्वारा बार-बार उल्लंघन यह दिखाता है कि अमेरिकी राष्ट्रपति के हस्ताक्षर 'बेकार और अमान्य' हैं। यह बयान ईरान के प्रसारक IRIB ने जारी किया।

09:48 PM, 18-Jul-2026

ईरान के होर्मोजगन प्रांत में अमेरिका के तीन हमले- ईरानी मीडिया

ईरान की अर्ध-सरकारी समाचार एजेंसी 'मेहर' की रिपोर्ट के अनुसार, आज अमेरिका ने ईरान के होर्मोज़गन प्रांत में सिरिक के पास के इलाकों को निशाना बनाते हुए तीन हवाई हमले किए। मेहर की रिपोर्ट के मुताबिक, सबसे हालिया हमला 16:40 (13:10 GMT) बजे हुआ। होर्मोजगन के गवर्नर ने बताया कि किसी भी नागरिक के हताहत होने की खबर नहीं है।

09:45 PM, 18-Jul-2026

अमेरिका के इस महीने के हमले 50 मौतें, 500 घायल

ईरान के स्वास्थ्य मंत्रालय का कहना है कि 6 जुलाई से देश पर हुए अमेरिकी हमलों में कम से कम 50 लोग मारे गए हैं और 500 से ज्यादा घायल हुए हैं। वहीं, ईरान के उप-विदेश मंत्री काजेम गरीबाबादी का कहना है कि अमेरिकी हमलों के बीच ईरान ने समझौते के तहत अपनी प्रतिबद्धताओं को रोक दिया है।

02:16 PM, 18-Jul-2026

ईरान ने किया अमेरिका के दो लड़ाकू विमान को तबाह करने का दावा

ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स ने दावा किया है कि उसने जॉर्डन के अल-अजराक स्थित अमेरिकी सैन्य एयरबेस पर एक साथ मिसाइल और ड्रोन से बड़ा हमला किया। IRGC के अनुसार, इस हमले में लड़ाकू विमानों के शेल्टर और बड़े एयरक्राफ्ट पार्किंग क्षेत्र को निशाना बनाया गया, जिससे कम से कम दो अमेरिकी लड़ाकू विमान पूरी तरह नष्ट हो गए और कई अन्य विमानों को भारी नुकसान पहुंचा। IRGC ने अपने बयान में जॉर्डन की सेना से भी अमेरिकी सैनिकों को निशाना बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि अमेरिकी सैन्य बल 'वैध लक्ष्य' हैं। हालांकि, ईरान के इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।

01:44 PM, 18-Jul-2026

ईरान में 11वीं-12वीं की अंतिम परीक्षाएं रद्द

ईरान में बढ़ते तनाव के बीच शिक्षा मंत्रालय ने रविवार और सोमवार को 11वीं और 12वीं कक्षा की अंतिम परीक्षाएं चार दक्षिणी प्रांतों होरमुजगान, बुशेहर, खुज़ेस्तान और सिस्तान-बलूचिस्तान में रद्द करने की घोषणा की है। तस्नीम न्यूज एजेंसी के अनुसार, मंत्रालय ने कहा कि देश के दक्षिणी क्षेत्र में जारी अस्थिर परिस्थितियों को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। रद्द की गई परीक्षाओं के लिए नई तारीख बाद में घोषित की जाएगी, जबकि अन्य सभी प्रांतों में परीक्षाएं और प्रभावित क्षेत्रों की आगे की निर्धारित परीक्षा तिथियां फिलहाल पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही आयोजित होंगी।

01:43 PM, 18-Jul-2026

कुवैत एयरपोर्ट बंद

कुवैत के हवाई क्षेत्र को बंद किए जाने के बाद एक बार फिर विमान सेवाएं प्रभावित होने लगी हैं। कुवैत एयरवेज ने सोशल मीडिया पर बयान जारी कर बताया कि एयरस्पेस बंद होने के कारण उड़ानों का समय बदला जा रहा है। ऐसा ही हाल फरवरी से अप्रैल के बीच हुई पिछली क्षेत्रीय सैन्य तनातनी के दौरान भी देखने को मिला था, जब खाड़ी देशों के कई एयरपोर्ट के आसपास हवाई क्षेत्र बंद कर दिए गए थे। उस समय लाखों यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा था और कई ट्रांजिट यात्री हफ्तों तक क्षेत्र में फंसे रहे, क्योंकि उनके गंतव्य तक जाने के लिए कोई उड़ान उपलब्ध नहीं थी।

01:13 PM, 18-Jul-2026

बहरीन पांचवीं बार गूंजे एयर रेड सायरन

बहरीन में पिछले कुछ घंटों के दौरान पांचवीं बार एयर रेड चेतावनी सायरन बजाए गए हैं। देश के गृह मंत्रालय ने लोगों से शांत रहने और तुरंत अपने नजदीकी सुरक्षित स्थान पर जाने की अपील की है। लगातार बज रहे सायरन क्षेत्र में बढ़ते सुरक्षा खतरे और तनावपूर्ण हालात की ओर इशारा कर रहे हैं। अधिकारियों ने कहा है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और नागरिकों से आधिकारिक सुरक्षा निर्देशों का पालन करने को कहा गया है।

12:29 PM, 18-Jul-2026

अमेरिकी कार्रवाई के खिलाफ ईरान ने UN महासचिव को लिखा पत्र 

संयुक्त राष्ट्र में ईरान के स्थायी प्रतिनिधि अमीर-सईद इरावानी ने संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस को पत्र लिखकर अमेरिका पर ईरान के नागरिक बुनियादी ढांचे को निशाना बनाने का आरोप लगाया है। इरावानी ने कहा कि अमेरिकी हमलों में बंदरगाहों, परिवहन नेटवर्क, संचार सुविधाओं, लॉजिस्टिक्स हब, रडार प्रतिष्ठानों, तटीय रक्षा प्रणालियों और राष्ट्रीय अर्थव्यवस्था के लिए जरूरी अन्य नागरिक ढांचों को व्यापक नुकसान पहुंचा है। इरावानी ने अपने पत्र में कहा कि इन हमलों से हुई मौतों, घायलों, महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे की क्षति और पर्यावरणीय नुकसान के लिए अमेरिका पूरी तरह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जिम्मेदार है। उन्होंने यह भी कहा कि इस तरह के हमले अंतरराष्ट्रीय शांति और सुरक्षा, नौवहन की स्वतंत्रता, क्षेत्रीय स्थिरता तथा फारस की खाड़ी और होर्मुज जलडमरूमध्य की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा पैदा कर रहे हैं।

12:29 PM, 18-Jul-2026

बहरीन का दावा ईरानी मिसाइल और ड्रोन हमले नाकाम किए

बहरीन ने दावा किया है कि उसकी रक्षा सेना ने ईरान की ओर से किए गए कई हवाई हमलों को सफलतापूर्वक इंटरसेप्ट कर नष्ट कर दिया। देश की जनरल कमांड ने कहा कि सभी रक्षा प्रणालियां और सैन्य इकाइयां उच्चतम स्तर की तैयारियों पर हैं और राज्य की सुरक्षा के लिए पूरी तरह सक्षम हैं। सेना ने अपने बयान में कहा कि मिसाइलों और ड्रोन के जरिए नागरिकों और निजी संपत्तियों को निशाना बनाना अंतरराष्ट्रीय मानवीय कानून का स्पष्ट उल्लंघन है। सेना ने कहा कि वह किसी भी संभावित खतरे से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है।

11:58 AM, 18-Jul-2026

कुवैत के बिजली और जल संयंत्र में आग लगने से कई यूनिट बंद

कुवैत के बिजली, जल और नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय ने बताया कि ईरान के ताजा हमलों के बाद एक बिजली और समुद्री जल विलवणीकरण (डिसैलिनेशन) संयंत्र के एक हिस्से में आग लग गई। इसके बाद एहतियात के तौर पर बिजली उत्पादन की कई यूनिटों को बंद कर दिया गया, ताकि संयंत्र, कर्मचारियों और राष्ट्रीय बिजली ग्रिड की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। मंत्रालय ने कहा कि आपातकालीन योजनाएं तुरंत लागू कर दी गई हैं और बिजली व पानी की आपूर्ति को सामान्य बनाए रखने के लिए चौबीसों घंटे निगरानी की जा रही है।
 

11:57 AM, 18-Jul-2026

ईरान के 20 गांवों में पेयजल संकट से 10 हजार लोग प्रभावित

ईरान के होर्मोजगान प्रांत के जास्क काउंटी स्थित बुंजी गांव में अमेरिकी हमले के बाद जल विलवणीकरण संयंत्र और समुद्री जल पंपिंग स्टेशन पूरी तरह तबाह हो गए। होर्मोजगान जल एवं अपशिष्ट जल कंपनी के सीईओ हमजेह पूर के अनुसार, इस हमले से करीब 20 गांवों के लगभग 10 हजार लोगों की पेयजल आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई है। उन्होंने अमेरिकी कार्रवाई को 'आतंकी हमला' बताते हुए कहा कि प्रभावित गांव गंभीर जल संकट का सामना कर रहे हैं।

11:57 AM, 18-Jul-2026

ईरान ने कुवैत और बहरीन में अमेरिकी ठिकानों को बनाया निशाना

ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स ने दावा किया है कि उसकी नौसेना ने कुवैत के अल-अहमदी बंदरगाह पर अमेरिकी नौसेना के ईंधन आपूर्ति पियर और बहरीन के शेख ईसा एयरबेस पर ड्रोन और मिसाइलों से हमला किया। तसनीम समाचार एजेंसी के अनुसार, IRGC ने यह भी दावा किया कि बहरीन में अमेरिकी खुफिया डेटा सेंटर 'बटेल्को' और कुवैत में अमेरिकी सिग्नल एवं दूरसंचार केंद्र को भी नष्ट कर दिया गया। इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। 

11:14 AM, 18-Jul-2026

कुवैत अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उड़ान बंद

ईरान की ओर से हुए ताजा हमलों के बाद सुरक्षा कारणों से कुवैत अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उड़ानों के टेकऑफ और लैंडिंग संचालन को अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया गया है। कुवैत एयरवेज ने यात्रियों को जारी नए अपडेट में इसकी जानकारी दी और कहा कि हालात सामान्य होने तक विमान संचालन प्रभावित रहेगा। इससे पहले एयरलाइन ने हवाई क्षेत्र बंद होने के कारण अपनी अधिकांश उड़ानों का समय पुनर्निर्धारित (रीशेड्यूल) करने की घोषणा की थी और यात्रियों से उड़ानों से जुड़े अपडेट पर लगातार नजर रखने की अपील की थी।

10:50 AM, 18-Jul-2026

पश्चिमी तेल कंपनियों के साथ इराक ने किए समझौते

इराक सरकार ने पश्चिमी तेल कंपनियों के साथ कई अहम प्रारंभिक समझौतों पर हस्ताक्षर किए हैं, जिनका उद्देश्य ऊर्जा क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने के साथ-साथ तेल निर्यात के वैकल्पिक मार्ग विकसित करना है। अमेरिका के वॉशिंगटन डीसी स्थित यूएस चैंबर ऑफ कॉमर्स में आयोजित अमेरिका-इराक बिजनेस समिट के दौरान हुए इन समझौतों में इराक-सीरिया कच्चा तेल पाइपलाइन के पुनर्निर्माण की योजना भी शामिल है। यह लंबे समय से बंद पड़ी पाइपलाइन उत्तरी इराक के तेल समृद्ध किर्कुक क्षेत्र को सीरिया के भूमध्यसागरीय बंदरगाह बनियास से जोड़ती है। इराक इस परियोजना के जरिए होर्मुज जलडमरूमध्य पर अपनी निर्भरता कम कर वैकल्पिक निर्यात मार्ग तैयार करना चाहता है। इराक की सरकारी समाचार एजेंसी के अनुसार, इस परियोजना को अमेरिकी ऊर्जा क्षेत्र की दिग्गज कंपनी शेवरॉन अंजाम देगी।

10:45 AM, 18-Jul-2026

अमेरिकी ठिकानों की मेजबानी करने वाले देशों को IRGC की चेतावनी

ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने अमेरिकी सैन्य ठिकानों की मेजबानी करने वाले देशों को चेतावनी देते हुए कहा है कि वे 'उचित जवाबी कार्रवाई' के लिए तैयार रहें। अर्ध-सरकारी समाचार एजेंसी तस्नीम के अनुसार, IRGC ने ऐसे देशों से अपने नागरिक सुरक्षा तंत्र (सिविल डिफेंस) को सक्रिय करने, नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और उन्हें संभावित सैन्य ठिकानों से दूर ले जाने को कहा है। IRGC का दावा है कि इन देशों की जमीन का इस्तेमाल ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई शुरू करने के लिए किया जा रहा है। तस्नीम की रिपोर्ट के मुताबिक, IRGC की जमीनी सेना ने ड्रोन और मिसाइलों से कुवैत स्थित अमेरिकी सैन्य लॉजिस्टिक्स हब कैंप अरिफजान को निशाना बनाया, जिसमें वहां मौजूद सैन्यकर्मियों के हताहत होने का दावा किया गया है। इसके साथ ही IRGC ने कुवैत के अली अल सलेम एयर बेस पर भी हमला करने, वहां की रडार प्रणाली को निष्क्रिय करने तथा हथियारों के रखरखाव वाले हैंगर और ड्रोन सुविधा को नष्ट करने का दावा किया है। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।

10:14 AM, 18-Jul-2026

मध्य पूर्व की यात्रा पर पुनर्विचार करें अमेरिकी नागरिक 

अमेरिका ने मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव के बीच अपने नागरिकों को क्षेत्र की यात्रा को लेकर सतर्क रहने और यात्रा योजनाओं पर पुनर्विचार करने की सलाह दी है। अमेरिकी विदेश विभाग ने एक्स पर जारी बयान में कहा कि क्षेत्र में बढ़ते तनाव के कारण सुरक्षा स्थिति बेहद जटिल बनी हुई है और किसी भी समय अप्रत्याशित रूप से हालात बिगड़ सकते हैं। विभाग ने अमेरिकी नागरिकों से मध्य पूर्व की यात्रा या वहां से होकर गुजरने से पहले अपने फैसले पर दोबारा विचार करने को कहा है। साथ ही, जो अमेरिकी पहले से इस क्षेत्र में मौजूद हैं, उन्हें लगातार सावधानी बरतने, ताजा घटनाक्रम पर नजर रखने और अपनी उड़ानें निर्धारित समय पर हैं या नहीं, इसकी पुष्टि संबंधित एयरलाइन से करने की सलाह दी गई है।

10:09 AM, 18-Jul-2026

बहरीन में अमेरिकी एयरबेस पर ईरानी मिसाइल हमला

ईरान की सेना ने दावा किया है कि उसने बहरीन स्थित अमेरिकी सैन्य अड्डे पर मिसाइल हमला कर अमेरिकी सैन्य संसाधनों और ईंधन टैंकों को निशाना बनाया। तसनीम समाचार एजेंसी के अनुसार, ईरानी सैन्य बयान में कहा गया कि यह कार्रवाई "वैश्विक अहंकार के अपराधों" के जवाब में की गई। बयान के मुताबिक, हमले में शेख ईसा एयरबेस के विमान हैंगर, पार्किंग क्षेत्र, ईंधन भंडारण टैंक और कई संचार पुलों को निशाना बनाया गया। ईरान का आरोप है कि अमेरिका इस एयरबेस का इस्तेमाल क्षेत्रीय लक्ष्यों, विशेष रूप से ईरान के खिलाफ सैन्य अभियानों के लिए कर रहा था। बयान के अंत में ईरानी सेना ने कहा कि अपनी मातृभूमि की रक्षा करना उसका सैन्य दायित्व है और वह देश की सुरक्षा के लिए हर आवश्यक कदम उठाती रहेगी। हालांकि, ईरान के इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।

09:22 AM, 18-Jul-2026

 अमेरिकी हमले में बिजली सुविधाएं और पेयजल व्यवस्था प्रभावित

ईरान के होरमुजगान प्रांत के जास्क शहर पर हुए मिसाइल हमलों में बिजली सुविधाओं और समुद्री पानी को मीठा बनाने वाले (डिसैलिनेशन) पंपों को नुकसान पहुंचा है। ईरानी मीडिया के अनुसार, होरमुजगान के उप-गवर्नर ने बताया कि अमेरिकी रॉकेटों ने जास्क काउंटी के तटीय बुंजी गांव के डॉक पर लगे पंपों को निशाना बनाया, जिससे आसपास के कई गांवों की पेयजल आपूर्ति बाधित हो गई। वहीं, होरमुजगान के एक अधिकारी ने मेहर समाचार एजेंसी से कहा कि नुकसान का आकलन किया जा रहा है और जिन इलाकों में बीती रात के हमलों के कारण पेयजल आपूर्ति ठप हुई है, वहां जल्द से जल्द पानी की व्यवस्था बहाल करने के प्रयास जारी हैं।

 

08:38 AM, 18-Jul-2026

कुवैत ने दूसरी बार ईरानी मिसाइल और ड्रोन हमलों का दिया जवाब

 कुवैती सेना ने कहा है कि वह ईरानी मिसाइल और ड्रोन हमलों का जवाब दे रही है। सेना ने नागरिकों से अधिकारियों द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का सख्ती से पालन करने की अपील की है। पिछले कुछ घंटों में यह दूसरी बार है जब कुवैती सेना ने अपने क्षेत्र की ओर आने वाले शत्रुतापूर्ण लक्ष्यों को निशाना बनाया है। अधिकारियों ने कहा है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
 

08:38 AM, 18-Jul-2026

अमेरिका ने जास्क और बंदर अब्बास के पास किए हमले 

 ईरान की अर्ध-सरकारी तस्नीम समाचार एजेंसी के अनुसार, शनिवार तड़के अमेरिका ने जास्क के आसपास के इलाके में सैन्य हमला किया। फिलहाल इस हमले में हुए नुकसान या हताहतों की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। वहीं बंदर अब्बास-रूदान मार्ग पर अमेरिकी हमले में दो महत्वपूर्ण पुलों को भारी नुकसान पहुंचा। रिपोर्ट के मुताबिक इन हमलों में कई ईरानी नागरिकों की मौत हुई है और कई अन्य घायल हुए हैं।

08:38 AM, 18-Jul-2026

बहरीन में तीसरी बार गूंजे एयर रेड सायरन

बहरीन में कुछ ही घंटों के भीतर तीसरी बार एयर रेड सायरन बजाए गए। अधिकारियों ने सभी नागरिकों से तुरंत सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने की अपील की है। सुरक्षा एजेंसियां हालात पर नजर बनाए हुए हैं और आगे की जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।
 

08:38 AM, 18-Jul-2026

खोर्रमाबाद में धमाकों की खबर

ईरानी मीडिया ने लुरेस्तान प्रांत के शहर खोर्रमाबाद में कई विस्फोटों की सूचना दी है। रिपोर्टों में दावा किया गया है कि ये धमाके कुवैत की दिशा से दागी गई अमेरिकी मिसाइलों के कारण हुए। हालांकि, इस संबंध में नुकसान और हताहतों का आधिकारिक ब्योरा अभी जारी नहीं किया गया है।

08:37 AM, 18-Jul-2026

जॉर्डन ने 10 ईरानी मिसाइलें मार गिराईं

जॉर्डन की सेना ने कहा है कि शनिवार तड़के उसके हवाई क्षेत्र में प्रवेश करने वाली 10 ईरानी मिसाइलों को वायु रक्षा प्रणाली ने सफलतापूर्वक इंटरसेप्ट कर नष्ट कर दिया। सेना के अनुसार यह कार्रवाई देश की संप्रभुता की रक्षा और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए की गई। इस घटना में किसी के हताहत होने या संपत्ति के नुकसान की सूचना नहीं है। सेना की इंजीनियरिंग इकाइयों ने मिसाइलों के मलबे को हटाने और प्रभावित क्षेत्रों को सुरक्षित करने का काम शुरू कर दिया है।

08:33 AM, 18-Jul-2026

होर्मुज से जहाजों की आवाजाही में बड़ी गिरावट

अमेरिका और ईरान के बीच फिर बढ़े सैन्य तनाव का असर दुनिया के सबसे अहम समुद्री व्यापार मार्गों में से एक होर्मुज जलडमरूमध्य पर भी दिखाई देने लगा है। जहाजों की ट्रैकिंग करने वाली वेबसाइट मरीन ट्रैफिक के अनुसार, गुरुवार को जलडमरूमध्य के निगरानी वाले हिस्से से केवल आठ जहाजों के गुजरने की पुष्टि हुई, जबकि एक दिन पहले यह संख्या 15 थी। यह पिछले तीन सप्ताह का सबसे निचला स्तर है। मरीन ट्रैफिक ने बताया कि आठ में से सात जहाजों ने ईरान वाले समुद्री मार्ग का इस्तेमाल किया, जबकि ओमान वाले मार्ग से कोई भी जहाज नहीं गुजरा। इसके अलावा, तथाकथित 'शैडो फ्लीट' की भी कोई गतिविधि दर्ज नहीं की गई।

07:12 AM, 18-Jul-2026

बहरीन में फिर गूंजे हवाई हमले के सायरन, लोगों को तुरंत सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह

अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते युद्ध के बीच बहरीन में कुछ ही घंटों के भीतर दूसरी बार हवाई हमले के सायरन गूंज उठे हैं। सायरन की आवाज सुनते ही प्रशासन ने तुरंत अलर्ट जारी किया है। बहरीन के गृह मंत्रालय ने नागरिकों और प्रवासियों से शांत रहने और तुरंत नजदीकी सुरक्षित बंकरों या आश्रयों में जाने की अपील की है। सूत्रों के अनुसार, खाड़ी क्षेत्र में अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाकर दागे जा रहे ईरानी ड्रोन और मिसाइल हमलों के कारण यह आपातकालीन सायरन बजाए गए हैं। स्थिति बेहद तनावपूर्ण बनी हुई है और प्रशासन लगातार हालात पर नजर रख रहा है।

07:09 AM, 18-Jul-2026

ईरान की अमेरिका को खुली चेतावनी; हमले न रुके तो शुरू करेंगे 'महा-आक्रामक अभियान'

अमेरिका और ईरान के बीच तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार को दोनों देशों ने एक-दूसरे पर कई ड्रोन और मिसाइल हमले किए हैं। अमेरिका ने लगातार सातवीं रात ईरान के ठिकानों को निशाना बनाया। अमेरिकी सेना का कहना है कि वे ईरान की सैन्य ताकत को कमजोर कर रहे हैं। दूसरी तरफ, ईरान ने अमेरिका पर अपने हवाई अड्डे और पुलों जैसे नागरिक ठिकानों को बर्बाद करने का आरोप लगाया है। ईरान ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए अमेरिकी ठिकानों पर हमले किए हैं। ईरान के सैन्य सलाहकार ने चेतावनी दी है कि अगर अमेरिका के हमले नहीं रुके, तो वे बहुत बड़ा आक्रामक अभियान शुरू कर देंगे। इस भारी गोलाबारी के बाद पूरे क्षेत्र में युद्ध का खतरा गहरा गया है। उन्होंने यह भी कहा कि हमले नहीं रुके तो हम आर-पार की लड़ाई के लिए तैयार हैं। 

04:01 AM, 18-Jul-2026

पश्चिम एशिया: टकराव बढ़ने पर आस-पास के देशों का हाल क्या?

ओमान की खाड़ी पर स्थित ईरान के चाबहार बंदरगाह पर एक टावर ढह गया। ये पड़ोसी देश अफगानिस्तान के लिए एक महत्वपूर्ण व्यापार मार्ग है। चाबहार बंदरगाह को ईरान भारत के समर्थन से चला रहा था। अंतरिम युद्धविराम के बाद शुरू हुए टकराव के दौरान अमेरिकी हवाई हमलों में इस बंदरगाह को भी कई बार निशाना बनाया गया है। ईरान में हमले से ध्वस्त हुए टावर के संबंध में अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने कहा कि इस केंद्र का इस्तेमाल ईरान के अर्धसैनिक रिवोल्यूशनरी गार्ड (IRGC) के अधिकारी करते हैं। इस टावर की मदद से वाणिज्यिक जहाजों को 'ट्रैक कर निशाना बनाया' जाता था। अमेरिका ने इसे ईरान के समुद्री निगरानी नेटवर्क का हिस्सा बताया है।

  • कतर ने दो बार जनता को सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने की चेतावनी दी।
  • ईरान ने बहरीन और कुवैत को भी निशाना बनाया है।
  • उत्तरी इराक के अर्ध-स्वायत्त कुर्द क्षेत्र के इरबिल और सुलेमानिया में भी धमाकों की आवाजें सुनी गईं। हमले में नौ लोग मारे गए, कई अन्य घायल हुए।

03:51 AM, 18-Jul-2026

ईरान में पुलों और बिजली आपूर्ति अवसंरचना को कितना नुकसान?

अमेरिका की तरफ से किए गए हमलों की जानकारी ईरान की सरकारी टेलीविजन पर दी गई। इसके अनुसार, शुक्रवार को ईरान के दक्षिणी प्रांत होर्मोजगान में अमेरिकी हवाई हमलों में पुलों को निशाना बनाया गया। ये हमले होर्मुज जलडमरूमध्य पर स्थित ईरान के तटीय शहर बंदर खमीर को निशाना बनाकर किए गए। ईरान के मुताबिक राजमार्ग और रेलवे पुलों पर किए गए अमेरिकी हमले ईरान के मुख्य बंदरगाह बंदर अब्बास और तेहरान के बीच सड़क संपर्क काटने के मकसद से किए गए लगते हैं। तेहरान ने स्वीकार किया है कि अमेरिकी हवाई हमले के दौरान 'बिजली के बुनियादी ढांचे' को नुकसान पहुंचा है। हालांकि, किन क्षेत्रों को निशाना बनाया गया ये जानकारी सामने नहीं आई है। ऊर्जा मंत्रालय ने दक्षिणी प्रांतों में रहने वाले लोगों से कम बिजली का उपयोग करने की अपील की है।

03:35 AM, 18-Jul-2026

जंग की आग के कारण तेल की कीमतों में उछाल

गौरतलब है कि ईरान और अमेरिका के बीच चार महीने से अधिक समय से युद्ध चल रहा है। इसी साल 28 फरवरी से शुरू हुई जंग में दर्जनों लोग मारे गए हैं और सैकड़ों घायल हुए हैं। ईरानी अधिकारियों के मुताबिक अमेरिकी हमले का माकूल जवाब दिया जा रहा है। अमेरिकी सेना ने भी सैन्य कर्मियों के घायल होने की पुष्टि की है। दोनों देशों का संघर्ष बढ़ने के बाद तेल की कीमतों में भारी उछाल देखा गया। शुक्रवार को तेल की कीमत 86 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल से ऊपर पहुंच गई। ये दर बीते लगभग एक महीने के उच्चतम स्तर के करीब है। तनाव और बमबारी के बीच होर्मुज से होकर गुजरने वाले जहाजों की संख्या तीन सप्ताह के निचले स्तर पर आ गई है।

03:15 AM, 18-Jul-2026

अमेरिका और ईरान के बीच टकराव बढ़ा

बुनियादी ढांचे और सैन्य ठिकानों को निशाना बनाकर हमले कर रही अमेरिकी सेना ने सातवें दिन ईरान में और अधिक पुलों और ऊर्जा स्थलों को निशाना बनाया। एक महत्वपूर्ण ईरानी बंदरगाह पर एक टावर को ध्वस्त किए जाने की भी खबर है।  जवाबी कार्रवाई करते हुए ईरान ने पश्चिम एशिया में अमेरिका के सहयोगी देशों पर मिसाइलें दागीं। इनमें युद्ध में मध्यस्थ की भूमिका निभाने वाला कतर और कुवैत शामिल हैं। हमलों से जल विलवणीकरण संयंत्र (water desalination plant) को नुकसान पहुंचा है। अंतरिम युद्धविराम टूटने के बाद बीते सात दिनों से बमबारी जारी है। शुक्रवार देर रात अमेरिकी केंद्रीय कमान ने कहा कि ईरान की सेना को कमजोर करने के उद्देश्य से लगातार सातवीं रात हमले किए गए हैं।

02:51 AM, 18-Jul-2026

West Asia LIVE: जुलाई महीने में अमेरिकी हमलों में 50 मौतें; मोजतबा बोले- ट्रंप के हस्ताक्षर 'बेकार और अमान्य'

पश्चिम एशिया में टकराव फिलहाल थमने के कोई संकेत नहीं हैं। ऐसा इसलिए क्योंकि संघर्ष तेज हो चुका है और बीते छह दिनों से जारी हमले सातवें दिन भी जारी रहे। अमेरिकी सेना यह कार्रवाई राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की धमकियों के बाद कर रही है। ट्रंप ने तेहरान पर दबाव डालने के मकसद से भीषण बमबारी की चेतावनी दी, जिसके बाद तेहरान में लगातार हवाई हमले हो रहे हैं। ताजा घटनाक्रम में अमेरिकी सेना ने पानी के प्लांट्स और पुलों जैसे बुनियादी ढांचों पर बम गिराए। ट्रंप और अमेरिका का कहना है कि ईरान अपने रवैये से विश्व ऊर्जा आपूर्ति के लिए महत्वपूर्ण जलमार्ग- होर्मुज में गतिरोध पैदा कर रहा है। उसकी पकड़ ढीली करते हुए होर्मुज से निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए सेना पूरी ताकत के साथ कार्रवाई कर रही है।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें