फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

West Asia Conflict LIVE: यूएई में मिसाइल के मलबे से घायल नेपाली नागिरक खतरे से बाहर, सात में से छह काम पर लौटे

Fri, 03 Apr 2026 09:49 PM IST
Shubham Kumar वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

खास बातें

Israel Iran US Conflict Live Updates: Israel Iran US Conflict Live Updates: पश्चिम एशिया में एक महीने से ज्यादा समय से चल रहे संघर्ष में हालात अब विस्फोटक और बेकाबू हो चुके हैं। इस्राइल और अमेरिका का ईरान के साथ जारी भीषण टकराव अब अपने 35वें दिन में प्रवेश कर चुका है और हालात ज्यादा खतरनाक रूप ले चुका है। मिसाइलों की बारिश और लगातार धमाकों ने तबाही का मंजर खड़ा कर दिया है। यह युद्ध अब सीमाओं को तोड़कर वैश्विक खतरा बन गया है, जहां हर पल विनाश और अनिश्चितता का साया गहराता जा रहा है। अमर उजाला के इस लाइव ब्लॉग में पढ़ें पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष से जुड़े तमाम पल-पल अपडेट्स...
विज्ञापन
पश्चिम एशिया में संकट - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विज्ञापन

लाइव अपडेट

07:56 PM, 04-Apr-2026

पश्चिम एशिया संकट: यूएई में मिसाइल के मलबे से घायल नेपाली नागिरक खतरे से बाहर, सात में से छह काम पर लौटे

संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की राजधानी अबू धाबी में मिसाइल हमले के मलबे की चपेट में आकर घायल हुए सातों नेपाली नागरिक अब पूरी तरह खतरे से बाहर हैं। नेपाल के विदेश मंत्रालय ने शनिवार को इस बात की आधिकारिक पुष्टि की है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता लोक बहादुर छेत्री के अनुसार, घायल हुए सात नागरिकों में से छह को इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी मिल चुकी है। वे अपने काम पर भी लौट आए हैं। वहीं, एक अन्य नेपाली नागरिक का अभी भी अस्पताल में इलाज चल रहा है, लेकिन उसकी हालत में तेजी से सुधार हो रहा है।

दूतावास रख रहा है पूरा ख्याल
दुबई स्थित नेपाली दूतावास ने भी पुष्टि की है कि सभी घायल नागरिक सुरक्षित हैं। दूतावास के अधिकारी लगातार इन लोगों के संपर्क में हैं। शुक्रवार को जिन चार लोगों को अस्पताल से छुट्टी मिली थी, दूतावास के अधिकारियों ने उनसे व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर उनका हाल-चाल जाना है।

छुट्टियों में भी काम कर रहे अधिकारी
पश्चिम एशिया में बिगड़ते हालात को देखते हुए नेपाल का विदेश मंत्रालय अलर्ट मोड पर है। नेपाल सरकार अपने नागरिकों की सुरक्षा को लेकर कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती। प्रवक्ता ने बताया कि खाड़ी देशों में मौजूद नेपाली नागरिकों की स्थिति पर नजर रखने और जानकारी जुटाने के लिए मंत्रालय के अधिकारी छुट्टियों के दिनों में भी लगातार काम कर रहे हैं।

 

09:53 PM, 03-Apr-2026

ईरान में गिराए गए अमेरिकी फाइटर जेट का एक पायलट बचाया गया

ईरान में गिराए गए अमेरिकी लड़ाकू विमान के बाद बड़ी खबर सामने आई है। सूत्रों के मुताबिक, अमेरिका ने अपने एक क्रू मेंबर को सफलतापूर्वक बचा लिया है। बताया गया कि यह पायलट जिंदा है, अमेरिकी सेना की निगरानी में है और उसे इलाज दिया जा रहा है।हालांकि दूसरे क्रू मेंबर की स्थिति अभी साफ नहीं है और उसकी तलाश जारी है। यह घटना उस समय हुई जब अमेरिकी F-15E लड़ाकू विमान ईरान के ऊपर गिराया गया था। इसके बाद से लगातार सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। इस घटनाक्रम ने अमेरिका और ईरान के बीच तनाव को और बढ़ा दिया है।

09:44 PM, 03-Apr-2026

अमेरिकी पायलटों की तलाश पर ईरान का तंज, युद्ध को लेकर कड़ी टिप्पणी

ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव के बीच बयानबाजी भी तेज हो गई है। ईरान के वरिष्ठ नेता ने अमेरिकी पायलटों की तलाश को लेकर तंज कसते हुए कहा कि जिस युद्ध को रेजीम चेंज के नाम पर शुरू किया गया था, वह अब हमारे पायलट कहां हैं तक सिमट गया है। बता दें, अमेरिका ने अपने दो में से एक पायलट को बचा लिया है। 
 

विज्ञापन
09:43 PM, 03-Apr-2026

अमेरिकी हमले से ईरान में तीन की मौत

ईरान की राजधानी तेहरान के उत्तरी हिस्से में एक रिहायशी इलाके पर हुए हमले में कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई है। ईरानी मीडिया के मुताबिक, यह हमला ऐसे समय हुआ है जब क्षेत्र में लगातार सैन्य तनाव बना हुआ है। बताया जा रहा है कि हमले में आम नागरिक प्रभावित हुए हैं, जिससे हालात और गंभीर हो गए हैं। पिछले कुछ दिनों में तेहरान के अलग-अलग हिस्सों में रिहायशी इलाकों को निशाना बनाए जाने की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इन हमलों में पहले भी बड़ी संख्या में लोगों की मौत और घायल होने की खबरें आई थीं। 

09:25 PM, 03-Apr-2026

ईरान की यूनिवर्सिटी पर अमेरिका का हवाई हमला

ईरान की राजधानी तेहरान में स्थित शाहिद बेहेश्ती यूनिवर्सिटी पर अमेरिकी लड़ाकू विमानों द्वारा हवाई हमले का दावा सामने आया है। ईरान के सरकारी प्रसारक आईआरआईबी के अनुसार, यह हमला देश की प्रमुख शैक्षणिक संस्थाओं में से एक को निशाना बनाकर किया गया। रिपोर्ट में कहा गया कि हमले के बाद इलाके में धुआं और नुकसान के दृश्य सामने आए हैं, हालांकि अभी तक किसी बड़े जनहानि की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है

विज्ञापन
09:04 PM, 03-Apr-2026

ट्रंप के स्टोन एज बयान पर ईरान का पलटवार

ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के स्टोन एज में भेजने वाले बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इसे बड़े युद्ध अपराध की मंशा बताया। पेज़ेशकियन ने कहा कि इस तरह की धमकी अंतरराष्ट्रीय कानून के खिलाफ है और दुनिया को इस पर चुप नहीं रहना चाहिए। उन्होंने फिनलैंड के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर स्टब से भी इस मुद्दे पर चर्चा का जिक्र किया और कहा कि इतिहास गवाह है, चुप रहने वालों को भारी कीमत चुकानी पड़ती है।

09:03 PM, 03-Apr-2026

ईरान में दो अमेरिकी पायलटों की तलाश तेज

ईरान में गिराए गए अमेरिकी लड़ाकू विमान के बाद हालात और तनावपूर्ण हो गए हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, दक्षिण-पश्चिमी ईरान का एक इलाका अब दोनों देशों की नजर में है, जहां से दो अमेरिकी पायलटों की तलाश जारी है। यह खोज अभियान इस पूरे संघर्ष को और संवेदनशील बना रहा है। जानकारी के अनुसार, अमेरिकी और ईरानी दोनों पक्ष अपने-अपने स्तर पर इन पायलटों की तलाश में जुटे हैं। अमेरिकी सेना रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही है, जबकि ईरानी मीडिया ने स्थानीय लोगों से भी पायलटों की जानकारी देने की अपील की है।

09:00 PM, 03-Apr-2026

तलाशी और बचाव अभियान में जुटे अमेरिकी हेलीकॉप्टर को बनाया निशाना, ईरान का बड़ा दावा

ईरान के सरकारी मीडिया से जुड़ी मेहर न्यूज एजेंसी ने दावा किया है कि एक अमेरिकी हेलीकॉप्टर, जो गिराए गए लड़ाकू विमान के पायलट की तलाश में जुटा था, उस पर प्रोजेक्टाइल से हमला किया गया। यह हेलीकॉप्टर कथित तौर पर सर्च और रेस्क्यू मिशन का हिस्सा था। रिपोर्ट में कहा गया है कि हेलीकॉप्टर को नुकसान पहुंचा, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अमेरिका की ओर से नहीं की गई है। इससे पहले भी अमेरिकी लड़ाकू विमान गिराए जाने के बाद तलाशी और बचाव अभियान चलने की बात सामने आई थी। 

11:24 AM, 03-Apr-2026

ईरान युद्ध समाप्त कर जीत घोषित करे: पूर्व विदेश मंत्री जरीफ

पूर्व ईरानी विदेश मंत्री जवाद ज़रीफ़ ने ईरान से युद्ध समाप्त करने का आग्रह किया है। उन्होंने देश से जीत घोषित कर एक समझौता करने को कहा। जरीफ ने अमेरिका स्थित 'फॉरेन अफेयर्स' पत्रिका में एक लेख लिखा। इसमें उन्होंने ईरान के लिए एक खाका पेश किया। यह खाका अमेरिका और इजराइल के साथ युद्ध समाप्त करने का है। समझौते की शर्तें तेहरान के लिए अनुकूल होंगी। 

10:45 AM, 03-Apr-2026

यूएई में ईरान की तरफ से मिसाइल और ड्रोन हमलों की खबर

संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) का रक्षा मंत्रालय मिसाइल और ड्रोन हमलों की नई लहर का जवाब दे रहा है। मंत्रालय ने पुष्टि की है कि ये हमले ईरान की तरफ से किए गए जा रहे हैं।

 

10:19 AM, 03-Apr-2026

ईरान की चेतावनी: अमेरिका ने हमला किया तो क्षेत्रीय ऊर्जा फर्मों को निशाना बनाएंगे

ईरान ने अमेरिका को कड़ी चेतावनी दी है। उसने कहा है कि यदि अमेरिका उसके बिजली संयंत्रों पर हमला करता है, तो तेहरान अमेरिकी शेयरधारकों वाली क्षेत्रीय ऊर्जा और दूरसंचार कंपनियों को निशाना बनाएगा। ईरानी सेना के प्रवक्ता इब्राहिम ज़ोल्फ़ागरी ने प्रेस टीवी पर यह बात कही। सैन्य अधिकारी पहले भी मध्य पूर्व की प्रौद्योगिकी फर्मों को निशाना बनाने की धमकी दे चुके हैं।

09:35 AM, 03-Apr-2026

कुवैत की अल अहमदी रिफाइनरी पर ड्रोन से हमला

कुवैत की सरकारी समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक शुक्रवार को अल अहमदी स्थित तेल रिफाइनरी पर ड्रोन हमला हुआ। इस हमले से रिफाइनरी की कई परिचालन इकाइयों में आग लग गई। कोई कर्मचारी घायल नहीं हुआ और आपातकालीन दल मौके पर पहुंचे। पहले सोशल मीडिया पर कुवैत पर मिसाइल व ड्रोन हमलों की चेतावनी दी गई थी।

09:09 AM, 03-Apr-2026

होर्मुज में ईरान की नाकेबंदी: ऑस्ट्रेलियाई विदेश मंत्री ने निशाना साधा

ऑस्ट्रेलियाई विदेश मंत्री पेनी वोंग ने ईरान की होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद करने पर आलोचना की है। यह टिप्पणी ब्रिटेन की 40 देशों की वर्चुअल बैठक के बाद आई। वोंग ने कहा कि ईरान दुनिया भर के समुदायों को नुकसान पहुंचा रहा है, जिसका बोझ कमजोरों पर है। बैठक में जलडमरूमध्य को सुलभ और सुरक्षित बनाने की राजनयिक पहलों पर चर्चा हुई। मंत्रियों ने समन्वय और सामूहिक कार्रवाई पर सहमति जताई। ऑस्ट्रेलिया ईरान के खिलाफ आक्रामक कार्रवाई या सेना की तैनाती नहीं कर रहा है। ऑस्ट्रेलियाई सरकार तनाव कम करने और संघर्ष समाधान का समर्थन करती है।

08:46 AM, 03-Apr-2026

ईरान का दावा- IRGC ने दूसरा अमेरिकी एफ-35 लड़ाकू विमान गिराया

ईरान की सेना (आईजीआरसी) ने केंद्रीय ईरान के ऊपर दूसरा अमेरिकी एफ-35 लड़ाकू विमान गिराने का दावा किया है। फार्स न्यूज़ एजेंसी ने बताया कि यह विमान पूरी तरह नष्ट हो गया। पायलट की कोई जानकारी उपलब्ध नहीं है। ईरान की मेहर न्यूज़ एजेंसी के अनुसार, जोरदार विस्फोट से पायलट का बाहर निकलना असंभव था। अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने पहले के ऐसे ही दावे का खंडन किया था।

08:05 AM, 03-Apr-2026

होर्मुज का प्रबंधन कैसे? ईरान और ओमान के बीच हो रही बातचीत

पश्चिम एशिया में जारी जंग के बीच होर्मुज जलडमरूमध्य के संयुक्त प्रबंधन को लेकर ओमान और ईरान के बीच बातचीत हो रही है। आईआरएनए समाचार एजेंसी ने बताया कि इसका उद्देश्य वैश्विक अर्थव्यवस्था की जीवनरेखा इस जलमार्ग हेतु एक प्रोटोकॉल तैयार करना है। दुनिया के तेल-गैस का पांचवां हिस्सा यहां से गुजरता है। 28 फरवरी को अमेरिका-इजरायल युद्ध शुरू होने के बाद से ईरान ने अधिकांश जहाजों का मार्ग अवरुद्ध कर दिया है। केवल समझौते वाले देशों के जहाजों को ही अनुमति है। प्रोटोकॉल की जानकारी अस्पष्ट है। अन्य खाड़ी देश भी किसी भी योजना में शामिल होने पर जोर दे रहे हैं।

07:22 AM, 03-Apr-2026

होर्मुज से सुरक्षित गुजरेंगे फिलीपींस के जहाज 

ईरान में जारी बमबारी के बीच फिलीपींस ने बताया है कि ईरान ने उसके जहाजों को होर्मुज जलडमरूमध्य से सुरक्षित रास्ता देने की बात कही है। विदेश मंत्री थेरेसा लाजारो ने शुक्रवार को बताया कि ईरान ने फिलीपींस के जहाजों और नाविकों को सुरक्षित मार्ग का आश्वासन दिया। जहाजों की सुरक्षा को लेकर फिलीपींस लंबे समय से ईरान के संपर्क में था। मनीला को तेल  की शिपमेंट मिले, इसके लिए जरूरी था कि तेहरान की तरफ से उसे 'गैर-शत्रुतापूर्ण' देश नामित किया जाए। 

06:33 AM, 03-Apr-2026

IRGC का दावा- तेल पर अवीव पर जोरदार हमला किया

ईरानी रिवॉल्यूशनरी गार्ड्स कॉर्प्स (IRGC) ने दावा किया है कि उसने तेल अवीव और एय्लात में इस्राइली सेना और सैन्य औद्योगिक कंपनियों पर ताजा हमले करके भारी नुकसान पहुंचाया है। IRGC ने कहा कि इन हवाई हमलों में इस्राइली ठिकानों और उपकरणों को नष्ट किया गया। इस्राइल की तरफ से अब तक इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन इलाके में सुरक्षा अलर्ट और एंटी-मिसाइल सिस्टम सक्रिय हैं। यह हमले ईरान और इस्राइली के बीच बढ़ते तनाव के बीच हुए हैं।
 

06:25 AM, 03-Apr-2026

इस्राइल ने ईरान पर नए हमलों का लहर शुरू किया

इस्राइली सेना ने कहा है कि ईरान की ओर से इस्राइल की तरफ मिसाइलों की नई लहर दागी गई है और देश के कई क्षेत्रों में हवाई सुरक्षा अलर्ट जारी किया गया है। इस्राइली सैनिकों ने बयान में बताया कि उनकी एयर डिफेंस सिस्टम इन मिसाइलों को पहचानकर रोकने का प्रयास कर रही है। इस्राइल के होम फ्रंट कमांड ने जेरूसलम और तेल अवीव क्षेत्रों में चेतावनी सायरन भी बजाई हैं।
 

04:38 AM, 03-Apr-2026

अचानक रिटायर हुए अमेरिकी सेना प्रमुख

अमेरिका की सेना में बड़ा बदलाव सामने आया है। पेंटागन ने पुष्टि की है कि अमेरिकी सेना के चीफ ऑफ स्टाफ जनरल रैंडी जॉर्ज ने अपने पद से तुरंत प्रभाव से रिटायरमेंट ले लिया है। पेंटागन के प्रवक्ता ने इस फैसले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जनरल जॉर्ज, जो सेना के 41वें चीफ ऑफ स्टाफ थे, अब अपने पद से हट चुके हैं। हालांकि, उनके अचानक रिटायर होने के पीछे की वजहों के बारे में अभी कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है। इस फैसले के बाद अब अमेरिकी सेना में नए नेतृत्व को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

04:36 AM, 03-Apr-2026

अमेरिकी-इस्राइली हमलों में ईरान में 600 से अधिक स्कूल तबाह

ईरान ने दावा किया है कि 28 फरवरी से जारी हमलों में देश के शिक्षा क्षेत्र को भारी नुकसान हुआ है। ईरान के विदेश मंत्रालय के अनुसार, अमेरिका और इस्राइल के हमलों में अब तक 600 से ज्यादा स्कूल और शैक्षणिक संस्थान प्रभावित हुए हैं।  ईरानी अधिकारियों का कहना है कि इन हमलों से स्कूलों की इमारतें नष्ट या क्षतिग्रस्त हुई हैं, जिससे बच्चों की पढ़ाई पर गंभीर असर पड़ा है। साथ ही कई जगह छात्रों और शिक्षकों के हताहत होने की भी खबरें सामने आई हैं। इस घटनाक्रम के बाद ईरान ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से इस मुद्दे पर ध्यान देने और कार्रवाई करने की मांग की है। वहीं, लगातार जारी हमलों के कारण देश में शिक्षा व्यवस्था भी बुरी तरह प्रभावित हो रही है।

02:50 AM, 03-Apr-2026

ट्रंप के बेटों की कंपनी ड्रोन बेचकर युद्ध से लाभ उठाने की कोशिश में

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बड़े बेटे एरिक और डोनाल्ड जूनियर के निवेश वाली फ्लोरिडा की ड्रोन कंपनी पावरस खाड़ी देशों में अपने ड्रोन बेचने की कोशिश कर रही है। ये देश ईरान के हमलों से प्रभावित हैं और अमेरिकी सेना पर निर्भर हैं। कंपनी ने इन देशों में ड्रोन डेमो के जरिए अपने रक्षात्मक ड्रोन दिखाए हैं, जो ईरानी हमलों से सुरक्षा दे सकते हैं। आलोचक इसे नैतिकता के लिहाज से विवादित बता रहे हैं क्योंकि ट्रंप के बेटे युद्ध से लाभ कमा सकते हैं, जिसे उनके पिता ने कांग्रेस की मंजूरी के बिना शुरू किया था। कंपनी का कहना है कि उनका उद्देश्य अमेरिकी ड्रोन तकनीक को चीन और रूस से आगे रखना है और यह राजनीति से ऊपर है।

02:49 AM, 03-Apr-2026

ईरान की मानवाधिकार वकील नसरीन सुतौदेह हिरासत में

ईरान की प्रसिद्ध मानवाधिकार वकील नसरीन सुतौदेह को तेहरान में उनके घर से इरानी खुफिया एजेंसियों ने गिरफ्तार कर लिया। 64 वर्षीय सुतौदेह सक्रिय लोगों, विपक्षी नेताओं और हिजाब हटाने वाली महिलाओं के केस लड़ती रही हैं। वह पहले भी कई बार जेल जा चुकी हैं और वर्तमान में स्वास्थ्य कारणों से जमानत पर बाहर थीं। उनकी बेटी ने कहा कि परिवार ने गिरफ्तारी की पुष्टि की है। सुतौदेह को दिल की बीमारी है, इसलिए उनकी सुरक्षा को लेकर चिंता जताई जा रही है। यह गिरफ्तारी उस समय हुई है जब ईरानी सरकार ने युद्ध और विरोध प्रदर्शनों के बीच विरोधियों और राजनीतिक एक्टिविस्ट्स पर कड़ा शिकंजा कसा है।

साथ ही खबर है कि जेल में बंद नोबेल शांति पुरस्कार विजेता नरगेस मोहम्मदी भी दिल की बीमारी से पीड़ित हैं और हाल ही में उन्हें दिल का दौरा पड़ा। मानवाधिकार समूह इसे ईरानी प्रशासन की बढ़ती क्रूरता का संकेत मान रहे हैं।

01:39 AM, 03-Apr-2026

IRGC का दावा- खाड़ी में युद्धविमान गिराया

ईरान की इस्लामिक रिवॉल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स ने दावा किया है कि उसने खाड़ी क्षेत्र में एक युद्धविमान को मार गिराया। आईआरजीसी ने कहा कि उसके एयर डिफेंस सिस्टम ने केश्म द्वीप के दक्षिण में शत्रु का फाइटर जेट निशाना बनाया। हालांकि बयान में यह नहीं बताया गया कि यह जेट किस देश का था। आईआरजीसी के अनुसार, हमला लगने के बाद यह युद्धविमान हेंगाम द्वीप और क़ेश्म द्वीप के बीच खाड़ी में गिर गया। इस घटना के बाद क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया है, क्योंकि अब तक यह साफ नहीं है कि जेट किस देश का था और हादसे में कोई जानी नुकसान हुआ या नहीं।

01:32 AM, 03-Apr-2026

West Asia Conflict LIVE: यूएई में मिसाइल के मलबे से घायल नेपाली नागिरक खतरे से बाहर, सात में से छह काम पर लौटे

संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने पश्चिम एशिया में युद्ध को रोकने के लिए अमेरिका, इस्राइल और ईरान को कड़ा संदेश दिया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि लड़ाई जारी रही तो यह पूरे पश्चिम एशिया में फैल सकती है और दुनिया भर पर गंभीर असर डाल सकती है। गुटेरेस ने कहा कि अमेरिका और इस्राइल को अब युद्ध रोक देना चाहिए, क्योंकि यह पहले ही बहुत सारे लोगों के लिए मानवीय संकट और आर्थिक नुकसान पैदा कर चुका है। वहीं, ईरान को अपने पड़ोसियों पर हमले बंद करने की चेतावनी दी।

उन्होंने जोर देकर कहा कि युद्ध अपने आप खत्म नहीं होता, इसे केवल नेताओं के संवाद और कूटनीति के जरिए रोका जा सकता है। उनका कहना था, “अभी भी विकल्प मौजूद है और इसका इस्तेमाल तुरंत होना चाहिए। गुटेरेस ने बताया कि संयुक्त राष्ट्र के कूटनीतिक प्रयास जारी हैं।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें