फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

West Asia Conflict LIVE: ईरानी संसद के स्पीकर ने US को दी चुनौती; इस्राइल ने दक्षिण लेबनान में किए हवाई हमले

Thu, 02 Apr 2026 09:27 PM IST
Shivam Garg वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, वॉशिंगटन

खास बातें

Israel Iran US Conflict Live Updates: पश्चिम एशिया में एक महीने से ज्यादा समय से चल रहे संघर्ष में हालात अब विस्फोटक और बेकाबू हो चुके हैं। इस्राइल और अमेरिका का ईरान के साथ जारी भीषण टकराव अब अपने 34वें दिन में प्रवेश कर चुका है और हालात ज्यादा खतरनाक रूप ले चुका है। मिसाइलों की बारिश और लगातार धमाकों ने तबाही का मंजर खड़ा कर दिया है। यह युद्ध अब सीमाओं को तोड़कर वैश्विक खतरा बन गया है, जहां हर पल विनाश और अनिश्चितता का साया गहराता जा रहा है। अमर उजाला के इस लाइव ब्लॉग में पढ़ें पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष से जुड़े तमाम पल-पल अपडेट्स...
विज्ञापन
पश्चिम एशिया में संघर्ष - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विज्ञापन

लाइव अपडेट

09:25 PM, 02-Apr-2026

कालीबाफ की अमेरिका को चुनौती, कहा- US से लड़ने के लिए तैयार 70 लाख ईरानी 

ईरान की संसद के स्पीकर ने दावा किया कि 70 लाख ईरानी किसी भी अमेरिकी जमीनी आक्रमण के खिलाफ लड़ने के लिए तैयार हैं। मोहम्मद बाकिर कालीबाफ ने युद्ध की शुरुआत से ही अमेरिका को चुनौती देने वाली कई पोस्ट सोशल मीडिया पर साझा की हैं। उन्होंने एक्स पर लिखा, एक हफ्ते से भी कम समय में पूरे देश में एक बड़ा अभियान चलाया गया, जिसमें लगभग 70 लाख ईरानी सामने आए और कहा कि वे हथियार उठाकर अपने देश की रक्षा के लिए तैयार हैं।
 

07:24 PM, 02-Apr-2026

इस्राइल ने दक्षिणी लेबनान के कई क्षेत्रों में किए हवाई हमले

इस्राइल ने दक्षिणी लेबनान के सुल्तानियेह, आइता अल-जबल, अल-जुमैजिमाह और टिबनिन शहरों को निशाना बनाया। अल जजीरा की रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई। 
 

07:18 PM, 02-Apr-2026

जी7 और जीसीसी होर्मुज जलडमरूमध्य पर करेंगे चर्चा

फ्रांस के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता पास्कल कॉनफाव्रॉक्स ने कहा कि सात विकसित देशों का समूह (जी7) अगले सप्ताह खाड़ी सहयोग परिषद (जीसीसी) के साथ होर्मुज जलडमरूमध्य की स्थिति पर बैठक करेगा। फ्रांस वर्तमान में जी7 की अध्यक्षता कर रहा है। 

विज्ञापन
06:31 PM, 02-Apr-2026

West Asia Conflict LIVE: ईरान के जन्जान प्रांत में पांच गिरफ्तार

ईरानी अधिकारियों ने कहा कि उन्होंने उत्तर-पश्चिमी जन्जान प्रांत में पांच लोगों को गिरफ्तार किया है, जिन पर शत्रुओं के नेटवर्क के लिए काम करने का आरोप है। तसनीम समाचार एजेंसी के हवाले से जारी बयान में जन्जान में आईआरजीसी की सुरक्षा इकाई ने गिरफ्तार व्यक्तियों पर 'दुश्मन के साथ जुड़ाव और उनके लिए भाड़े के तौर पर काम करने' का आरोप लगाया।

06:23 PM, 02-Apr-2026

तेहरान-कराज पुल पर हमले में कई लोग घायल

ईरान की राजधानी तेहरान से कराज शहर को जोड़ने वाले एक राजमार्ग पुल पर हुए हमले में कई लोग घायल हो गए हैं। इस पुल को पश्चिम एशिया का सबसे ऊंचा पुल बताया जाता है और इसे हाल ही में शुरू किया गया था। रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिका-इस्राइल के हमलों में तेहरान के पश्चिम में स्थित कराज के अन्य इलाकों को भी निशाना बनाया गया।

विज्ञापन
06:21 PM, 02-Apr-2026

West Asia Conflict LIVE: कतर ने हालिया ईरानी हमलों को लेकर संयुक्त राष्ट्र से की अपील

कतर ने कहा कि उसने संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस को एक और पत्र भेजकर अपने क्षेत्र पर हुए ईरानी हमलों की निंदा की है। कतर के विदेश मंत्रालय के अनुसार, इस पत्र में 28 मार्च से 1 अप्रैल के बीच कतर के क्षेत्र को निशाना बनाकर किए गए ड्रोन और क्रूज मिसाइल हमलों का जिक्र है, जिनमें एक हमला कतर के समुद्री क्षेत्र में एक तेल टैंकर पर भी हुआ।

पत्र में इन हमलों को 'गैरकानूनी कृत्य' बताया गया और कहा गया कि ईरान सभी नुकसान की भरपाई करे। साथ ही कतर ने इस बात को भी दोहराया कि उसके पास अंतरराष्ट्रीय कानून के तहत जवाबी कार्रवाई का अधिकार है। 

06:18 PM, 02-Apr-2026

अमेरिका-इस्राइल के हमलों के बाद ईरान के बड़े इस्पात संयंत्र ठप

ईरान के दो बड़े इस्पात संयंत्र खुजेस्तान स्टील कंपनी (अहवाज शहर) और मोबारकेह स्टील कंपनी (इस्फहान प्रांत) ने कहा कि अमेरिका-इस्राइल के हमलों के बाद उनका कामकाज बंद हो गया है। मोबारकेह स्टील कंपनी ने बताया कि भारी हमलों के कारण उसकी उत्पादन लाइन पूरी तरह बंद हो गई हैं। खुजेस्तान स्टील कंपनी के उप प्रमुख (संचालन) मेहरान पकबिन ने कहा कि बंद इकाइयों को फिर से काम शुरू करने में कम से कम छह महीने लग सकते हैं।

06:15 PM, 02-Apr-2026

होर्मुज की सुरक्षा ईयू की प्राथमिकता: काजा कलास

यूरीपीय संघ की विदेश नीति प्रमुख काजा कलास ने कहा, होर्मुज जलडमरूमध्य की सुरक्षा ईयू की प्राथमिकता है। कलास ने चीनी विदेश मंत्री वांग यी से फोन पर बात की और वैश्विक अर्थव्यस्था व ऊर्जा सुरक्षा पर चर्चा की। 

कलास ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, ईरान की ओर से नागरिक जहाजों पर हमले और आगे हमलों के खतरे के कारण होर्मुज जलडमरूमध्य में आवाजाही लगभग ठप हो गई है। उन्होंने कहा कि समुद्री कानून के अनुसार इस जलडमरूमध्य में सुरक्षित और बिना शुल्क के आवाजाही बहाल करना तत्काल प्राथमिकता है। दोनों नेताओं ने यूरोपीय संघ और चीन के संबंधों पर भी चर्चा की।
 

06:08 PM, 02-Apr-2026

पाषाण युग वाली धमकी पर ईरान का पलटवार

ईरान के एक सैन्य कमांडर ने अमेरिका की उस चेतावनी पर प्रतिक्रिया दी, जिसमें उन्होंने तेहरान को 'पाषाण युग' में पहुचांने की बात कही थी। उन्होंने कहा, अमेरिका अपने ही सैनिकों को कब्रों में भेज रहा है। सैन्य कमांडर ने यह भी कहा कि 250 साल के इतिहास वाला देश 6,000 साल पुरानी सभ्यता को धमकी दे रहा है, जो पूरी तरह भ्रम में जीने जैसा है। 

ब्रिगेडियर जनरल सैयद मजीद मूसावी ईरान के रिवॉल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) की एयरोस्पेस फोर्स के प्रमुख हैं। एयरोस्पेस फोर्स को 'सेपाह' भी कहा जा जाता है। उन्होंने 'एक्स' पर अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ की पोस्ट का जवाब देते हुए कहा, 'अपने सैनिकों को आप कब्र में भेज रहे हैं, ईरान नहीं। आप ईरान को पाषाण युग में ले जाने की बात कर रहे हैं। हॉलीवुड की कल्पनाओं ने आपके दिमाग को इतना प्रभावित किया है कि 250 साल के छोटे से इतिहास के साथ आप 6,000 साल पुरानी सभ्यता को धमकी दे रहे हैं।'  पढ़ें पूरी रिपोर्ट-

02:33 PM, 02-Apr-2026

आईआरजीसी के बेस पर इस्राइली रक्षा बलों का हमला

इस्राइली रक्षा बलों ने बताया कि ईरानी शासन के कमांडरों द्वारा इस्तेमाल किया जाने वाला आईआरजीसी ग्राउंड फोर्सेज का एक बेस और एक मोबाइल कमांड पोस्ट नष्ट हो गया। इसके अलावा, तबरीज क्षेत्र में मिसाइल यूनिट से जुड़े एक बैलिस्टिक मिसाइल भंडारण स्थल पर भी हमला किया गया है।

02:00 PM, 02-Apr-2026

आईआरजीसी का दावा- इस्राइली हर्मीस 900 ड्रोन को मार गिराया

ईरानी मीडिया द्वारा प्रसारित एक बयान में ईरान के फार्स प्रांत में आईआरजीसी के एक जनसंपर्क अधिकारी ने कहा है कि रक्षा प्रणालियों ने शिराज शहर के ऊपर एक इस्राइली हर्मीस 900 ड्रोन को नष्ट कर दिया।

12:00 PM, 02-Apr-2026

लेबनान से उत्तरी इस्राइल में दागे गए 30 से ज्यादा रॉकेट 

इस्राइल के चैनल 12 ने लेबनान से दागे गए रॉकेटों के हमले के बाद गैलील क्षेत्र की एक बस्ती से उठते धुएं के बादल की तस्वीर प्रकाशित की है। चैनल ने बताया कि कुछ ही मिनटों में इस क्षेत्र में 30 से अधिक रॉकेट दागे गए। पिछले एक घंटे में गैलील क्षेत्र में यह दूसरा ऐसा हमला था। माना जा रहा है कि ईरान समर्थित हिजबुल्ला की ओर से यह हमला किया गया है।

10:37 AM, 02-Apr-2026

उत्तरी इस्राइल में बजने लगे सायरन, ईरानी मिसाइलों की चेतावनी जारी

इस्राइली सेना ने कुछ देर पहले दो बयान जारी कर ईरान की धरती से इस्राइल की ओर दागी गई मिसाइलों की चेतावनी दी है। चैनल 12 के मुताबिक, इन हमलों से उत्तरी इस्राइल में दहशत फैल गई है और इनमें से एक मिसाइल में खतरनाक वारहेड लगा हुआ है।

10:34 AM, 02-Apr-2026

तीन इंडोनेशियाई शांति सैनिकों की हत्या मामले की जांच में लग सकता है समय

यूएन प्रवक्ता स्टीफन डुजारिक ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र को उम्मीद है कि जमीनी हालात चुनौतीपूर्ण होने और घटना स्थल तक पहुंचने में देरी के बावजूद वह जल्द ही जांच की स्थिति के बारे में जानकारी दे पाएगा। डुजारिक ने आगे कहा, "इन जांचों में समय लगता है, क्योंकि तकनीकी विशेषज्ञ घटनास्थल पर मौजूद भौतिक साक्ष्यों की जांच करते हैं, जबकि अन्य विशेषज्ञ संदर्भ का अध्ययन करते हैं और संबंधित पक्षों से संपर्क करके जानकारी एकत्र और सत्यापित करते हैं।"

09:12 AM, 02-Apr-2026

डेमोक्रेटिक सांसदों की ट्रंप के भाषण पर दी तीखी प्रतिक्रिया

अमेरिकी कांग्रेस के डेमोक्रेटिक पार्टी के सदस्यों ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के राष्ट्र के नाम संबोधन की कड़ी आलोचना की है। सोशल मीडिया पर की गई टिप्पणियों में डेमोक्रेटिक सांसदों ने ट्रंप के भाषण को घृणित और भयावह करार देते हुए कई सवाल उठाए हैं। कांग्रेस सदस्य यास्मीन अंसारी ने ईरान को पाषाण युग में वापस भेजने की ट्रंप की धमकी को नौ करोड़ लोगों वाले देश के बारे में बात करने का एक घृणित और भयावह तरीका बताया। उन्होंने इस तरह की भाषा के इस्तेमाल पर गहरी चिंता जताई।

कांग्रेस सदस्य जिम हाइम्स ने कहा कि ट्रंप का भाषण समाप्त होने के एक घंटे के भीतर ही तेल की कीमतों में पांच डॉलर प्रति बैरल की वृद्धि हुई। वहीं, सीनेटर क्रिस वैन होलेन ने ट्रंप के इस दावे को झूठ करार दिया कि उन्होंने दो सप्ताह से अधिक समय पहले हम जीत गए थे। उन्होंने कहा, "यह भ्रमित व्यक्ति हमारे देश और दुनिया के लिए खतरा है।" वैन होलेन ने ट्रंप के बयानों को खतरनाक बताते हुए उनकी मानसिक स्थिति पर भी सवाल उठाए।

09:06 AM, 02-Apr-2026

ईरान ने इस्राइल पर दागीं कई मिसाइलें

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया कि वॉशिंगटन ने ईरानी सेना को नष्ट कर दिया है और अपने युद्ध उद्देश्यों को प्राप्त करने के करीब है। इस बयान के बाद ईरान ने इस्राइल पर कई मिसाइलें दागी हैं। ईरान के इस हमले को अमेरिकी राष्ट्रपति के बयान के जवाब के तौर पर देखा जा रहा है।

05:14 AM, 02-Apr-2026

कुवैत से 20 भारतीयों के पार्थिव शरीर भारत पहुंचे

कुवैत में विभिन्न कारणों से जान गंवाने वाले 20 भारतीय नागरिकों के पार्थिव शरीर बुधवार को केरल के कोचीन हवाईअड्डे पर पहुंचे। इनमें तमिलनाडु के रामनाथपुरम जिले के मुथुकुलथुर निवासी संथानसेल्वम कृष्णन का शव भी शामिल था, जिनकी पानी संयंत्र पर ड्रोन हमले में मृत्यु हो गई थी। अधिकारियों ने बताया कि अन्य 19 व्यक्तियों की मृत्यु अलग-अलग घटनाओं में हुई थी, लेकिन पश्चिम एशिया में संघर्ष के कारण उनके पार्थिव शरीर को वापस लाने में देरी हुई। 

विदेश मंत्रालय के मुताबिक, दूसरे महीने में पहुंचे खाड़ी संघर्ष में  अब तक कुल 8 भारतीय नागरिकों की जान जा चुकी है, जबकि एक व्यक्ति लापता है। एक अधिकारी ने बताया कि कुवैत में भारतीय दूतावास स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रहा है ताकि कुवैत में हुए हमले में जान गंवाने वाले एक भारतीय नागरिक के पार्थिव शरीर को वापस लाया जा सके। इस बीच, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में बुधवार को वायु रक्षा प्रणाली की तरफ से एक ड्रोन को हवा में नष्ट किए जाने के बाद उससे निकले छर्रे से एक भारतीय घायल हो गया। घटना सात अमीरातों में से एक, उम अल कैवेन में उम अल थुओब औद्योगिक क्षेत्र के पास हुई।

05:00 AM, 02-Apr-2026

लखनऊ में ईरानी प्रतिनिधि का बयान

लखनऊ में ईरान के सुप्रीम लीडर के प्रतिनिधि डॉ. अब्दुल मजीद हकीम इलाही ने कहा कि अयातुल्ला अली खामेनेई उन लोगों की आवाज हैं, जिनकी खुद की कोई आवाज नहीं है।
 

उन्होंने कहा कि भारत आने वाले लोग अपनी इच्छा से आते हैं, किसी दबाव में नहीं। उन्होंने भारत को निष्ठा, मानवता और नैतिक मूल्यों की धरती बताते हुए इसकी सराहना की।

04:59 AM, 02-Apr-2026

तेहरान में US-इस्राइली हमले में ईरान के वरिष्ठ सलाहकार कमाल खराजी घायल

ईरान के सर्वोच्च नेता के वरिष्ठ सलाहकार कमाल खराजी तेहरान में हुए अमेरिकी-इस्राइली हमले में घायल हो गए। यह जानकारी ईरान की अर्ध-सरकारी मेहर न्यूज एजेंसी के हवाले से सामने आई है। रिपोर्ट के अनुसार, बुधवार को तेहरान के रिहायशी इलाकों पर हुए हमले में खराजी को चोटें आईं। हालांकि उनकी स्थिति कितनी गंभीर है, इस बारे में विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आई है।

04:37 AM, 02-Apr-2026

इस्राइली हमलों से बेहाल बेरूत: 10 लाख से ज्यादा लोग बेघर, शहर बना शरणार्थियों का ठिकाना

इस्राइल और हिजबुल्ला के बीच जारी संघर्ष ने लेबनान की राजधानी बेरूत को मानवीय संकट के केंद्र में ला खड़ा किया है। लगातार हो रहे इस्राइली हमलों और निकासी आदेशों के कारण 10 लाख से अधिक लोग अपने घर छोड़कर सुरक्षित जगहों की तलाश में पलायन कर चुके हैं। दक्षिण और पूर्वी लेबनान के गांव लगभग खाली हो चुके हैं, जबकि बेरूत अब शरण लेने वाले लोगों से भरता जा रहा है। शहर के समुद्री किनारों, पार्कों और सड़कों पर अस्थायी टेंट बस गए हैं। कई परिवार दुकानों, मस्जिदों और यहां तक कि अपनी कारों में रहने को मजबूर हैं।

03:33 AM, 02-Apr-2026

ईरान के हमले जारी

ईरान ने बुधवार को इस्राइल और खाड़ी देशों पर हमले जारी रखे, जबकि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर सख्त रुख अपनाते हुए युद्ध को और तेज करने की चेतावनी दी है। ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर ईरान को चेतावनी दी कि अगर उसने वैश्विक तेल आपूर्ति के लिए बेहद अहम होर्मुज जलडमरूमध्य को अवरुद्ध करना बंद नहीं किया, तो अमेरिका कड़ा सैन्य कदम उठा सकता है। हालांकि, इससे पहले वे यह भी संकेत दे चुके हैं कि अमेरिका जल्द ही युद्ध से बाहर निकल सकता है, जिससे उनके बयानों में विरोधाभास साफ नजर आ रहा है। 

ईरान ने कतर के पास एक तेल टैंकर पर मिसाइल से हमला किया, हालांकि इसमें कोई हताहत नहीं हुआ। कुवैत, सऊदी अरब और जॉर्डन में भी ड्रोन और मिसाइल हमलों की खबरें सामने आई हैं। इस्राइल में भी अलर्ट जारी किया गया, जहां तेल अवीव में विस्फोटों की आवाजें सुनी गईं। वहीं, लेबनान में इस्राइली हमले में कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई।

02:19 AM, 02-Apr-2026

ईरान का दावा- अमेरिका के साथ टकराव और वार्ता दोनों संभव

ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन ने अमेरिकी जनता को संदेश देते हुए कहा कि ईरान और अमेरिका के बीच टकराव और वार्ता दोनों ही संभव हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अमेरिका के किसी भी आक्रमण का ईरान सामना गर्व और दृढ़ता से करेगा। राष्ट्रपति पेजेशकियन ने कहा 'आज विश्व एक महत्वपूर्ण मोड़ पर खड़ा है। टकराव का रास्ता अब पहले से कहीं अधिक महंगा और व्यर्थ है।' उन्होंने कहा कि टकराव और वार्ता के बीच चयन वास्तविक और निर्णायक है, और इसका परिणाम आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को आकार देगा।

उन्होंने ईरान के गौरवशाली इतिहास का हवाला देते हुए कहा कि सदियों से ईरान ने कई आक्रांताओं का सामना किया। उनका इतिहास में केवल दागी नाम रह गया, जबकि ईरान आज भी दृढ़, सम्मानित और गर्वित है। पेजेशकियन ने पिछले सप्ताह ट्रंप द्वारा प्रस्तावित युद्धविराम का उल्लेख नहीं किया, लेकिन उन्होंने इस्राइल पर आरोप लगाया कि उसने अमेरिका को ईरान के खिलाफ युद्ध में धकेला। उन्होंने सवाल किया क्या यह सच नहीं है कि अमेरिका इस आक्रमण में इस्राइल का प्रतिनिधि बनकर शामिल हुआ, और उस शासन द्वारा प्रभावित और नियंत्रित किया गया?

01:08 AM, 02-Apr-2026

भारत-अजरबैजान की अहम चर्चा

पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच भारत और अजरबैजान के बीच कूटनीतिक स्तर पर अहम बातचीत हुई है। अजरबैजान के विदेश मंत्री जेहुन बेरामोव ने भारत के राजदूत अभय कुमार से मुलाकात कर क्षेत्रीय हालात और द्विपक्षीय संबंधों पर विस्तार से चर्चा की।

बैठक के दौरान दोनों पक्षों ने पश्चिम एशिया में जारी तनाव पर चिंता जताई। खासतौर पर ईरान में जारी हालात और उसके असर को लेकर गंभीर चर्चा हुई। इस दौरान भारतीय पक्ष ने ईरान से भारतीय नागरिकों की सुरक्षित निकासी में अजरबैजान द्वारा दिए गए सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।

पिछले कुछ हफ्तों में कई भारतीय नागरिक ईरान से निकलकर जमीनी रास्ते से अजरबैजान पहुंचे हैं। यह कदम ऐसे समय में उठाया गया है, जब क्षेत्र में संघर्ष लगातार बढ़ रहा है। इस बैठक में भारत और अजरबैजान के बीच संबंधों की वर्तमान स्थिति और भविष्य की संभावनाओं पर भी विचार किया गया। दोनों देशों ने इस बात पर सहमति जताई कि विदेश मंत्रालयों के बीच नियमित संवाद से आपसी सहयोग को और मजबूत किया जा सकता है।

ऊर्जा क्षेत्र में सहयोग को भी अहम बताया गया। भारतीय कंपनी ONGC विदेश की अजरबैजान के तेल क्षेत्रों और पाइपलाइन प्रोजेक्ट में हिस्सेदारी को द्विपक्षीय आर्थिक रिश्तों का महत्वपूर्ण हिस्सा माना गया।

12:58 AM, 02-Apr-2026

West Asia Conflict LIVE: ईरानी संसद के स्पीकर ने US को दी चुनौती; इस्राइल ने दक्षिण लेबनान में किए हवाई हमले

Israel Iran US Conflict Live Updates: पश्चिम एशिया में एक महीने से ज्यादा समय से चल रहे संघर्ष में हालात अब विस्फोटक और बेकाबू हो चुके हैं। इस्राइल और अमेरिका का ईरान के साथ जारी भीषण टकराव अब अपने 34वें दिन में प्रवेश कर चुका है और हालात ज्यादा खतरनाक रूप ले चुका है। मिसाइलों की बारिश और लगातार धमाकों ने तबाही का मंजर खड़ा कर दिया है। यह युद्ध अब सीमाओं को तोड़कर वैश्विक खतरा बन गया है, जहां हर पल विनाश और अनिश्चितता का साया गहराता जा रहा है। अमर उजाला के इस लाइव ब्लॉग में पढ़ें पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष से जुड़े तमाम पल-पल अपडेट्स...

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें