फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

West Asia Conflict Live: अमेरिका के बाद अब ईरान ने रखी अपनी शर्तें, कहा- अपने हिसाब से ही जंग को खत्म करेंगे

Wed, 25 Mar 2026 11:46 PM IST
Shivam Garg वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला

खास बातें

Israel Iran War News in Hindi Live: पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष हर दिन और भी भयानक रूप ले रहा है। अमेरिका और इस्राइल के हमलों से क्षेत्र में हालात लगातार तनावपूर्ण बने हुए हैं, वहीं ईरान भी खाड़ी देशों और अमेरिकी ठिकानों पर जबरदस्त पलटवार कर रहा है। मिसाइल और ड्रोन हमलों की गड़गड़ाहट के बीच यह संघर्ष अब चौथे हफ्ते में प्रवेश कर चुका है। इसी बीच, डोनाल्ड ट्रंप ने बड़ा दावा किया कि अमेरिका एक विशाल बिजली उत्पादन संयंत्र को निशाना बनाने वाला था, लेकिन बातचीत को ध्यान में रखते हुए यह हमला टाल दिया गया। अमर उजाला के इस लाइव ब्लॉग में पढ़ें पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष से जुड़े तमाम पल-पल अपडेट्स...
विज्ञापन
पश्चिम एशिया संकट - फोटो : PTI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

11:46 PM, 25-Mar-2026

होर्मुज में फंसे 20 हजार नाविक

होर्मुज जलडमरूमध्य में हालात गंभीर हो गए हैं, जहां करीब 2 हजार जहाज और 20 हजार नाविक फंसे हुए हैं। अंतरराष्ट्रीय समुद्री संगठन के प्रमुख ने कहा कि यह स्थिति वैश्विक शिपिंग के लिए बड़ी चुनौती बन गई है। लंबे समय तक फंसे रहने से नाविकों पर मानसिक और शारीरिक दबाव बढ़ रहा है। बीमा कंपनियां भी नुकसान का जोखिम उठाने से पीछे हट रही हैं, जिससे संकट और गहरा गया है।

11:46 PM, 25-Mar-2026

होर्मुज संकट के बीच भारत ने खरीदा ईरानी एलपीजी

होर्मुज जलडमरूमध्य में संकट के बीच भारत ने वर्षों बाद ईरान से एलपीजी की पहली खेप खरीदी है। बताया जा रहा है कि यह कार्गो जल्द मंगलूरू पोर्ट पहुंचेगा और इसे इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम में बांटा जाएगा। भारत ने 2019 में प्रतिबंधों के कारण ईरान से तेल खरीद बंद कर दी थी। मौजूदा संकट के चलते ऊर्जा आपूर्ति को बनाए रखने के लिए यह कदम अहम माना जा रहा है।

11:45 PM, 25-Mar-2026

शहबाज शरीफ ने सऊदी क्राउन प्रिंस को दी जानकारी

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने सऊदी क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान से बातचीत कर पश्चिम एशिया संकट पर चर्चा की। उन्होंने क्षेत्र में शांति के लिए पाकिस्तान के प्रयासों की जानकारी दी और तनाव कम करने की जरूरत पर जोर दिया। शरीफ ने सऊदी अरब के प्रति समर्थन जताते हुए ईरान के हमलों की निंदा की। पाकिस्तान ने अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत कराने की पेशकश भी की है। रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिका ने 15 सूत्रीय युद्धविराम प्रस्ताव ईरान को पाकिस्तान के जरिए भेजा है।

विज्ञापन
11:44 PM, 25-Mar-2026

ट्रंप का रेडिकल लेफ्ट पर हमला

अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रंप ने अपने राजनीतिक विरोधियों पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि रेडिकल लेफ्ट और डेमोक्रेट्स ईरान में अमेरिका और इस्राइल की सैन्य उपलब्धि को कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं। ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लिखा कि विरोधी देश में अंदरूनी अशांति पैदा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अमेरिका ने बड़ी जीत हासिल की है और जनता सच्चाई देख रही है।
 

09:06 PM, 25-Mar-2026

ईरान की सख्त शर्तें

  • ईरान ने कहा- जंग खत्म करने का फैसला खुद करेगा
  • ट्रंप को समय तय करने का अधिकार नहीं देगा
  • युद्ध के नुकसान की भरपाई और मुआवजे की मांग
  • सभी मोर्चों पर पूरी तरह युद्ध खत्म करने की शर्त
  • रेजिस्टेंस ग्रुप्स के खिलाफ कार्रवाई रोकने की मांग
  • होर्मुज जलडमरूमध्य पर संप्रभुता की मान्यता जरूरी

विज्ञापन
06:03 PM, 25-Mar-2026

ईरान ने तुर्किये की सराहना की, इस्राइल के खिलाफ रुख को बताया मजबूत

ईरान के राष्ट्रपति पेजेशकियन ने तुर्किये के राष्ट्रपति एर्दोआन के इस्राइल के खिलाफ सख्त रुख की खुलकर सराहना की है। उन्होंने कहा कि तुर्किये ने आक्रामक जियोनिस्ट शासन के खिलाफ जो मजबूत रुख अपनाया है, वह सराहनीय है। ईरान ने यह भी कहा कि तुर्किये इस्लामी दुनिया की एकजुटता में अहम भूमिका निभा रहा है। पेजेशकियन के इस बयान को पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जहां कई देश इस्राइल के खिलाफ खुलकर अपनी स्थिति जाहिर कर रहे हैं।

03:38 PM, 25-Mar-2026

'भारत-इस्राइल के व्यापार गलियारे को नाकाम करना चाहता है ईरान'

पीएम मोदी और अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रंप के बीच हुई बातचीत पर इस्राइल के पूर्व प्रवक्ता, एलोन लेवी ने कहा, 'इस्राइल के लिए समुद्री और क्षेत्रीय सुरक्षा सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है, ताकि हम उस व्यापार गलियारे को विकसित कर सकें जिसे बनाने की कोशिश हम पिछले कुछ वर्षों से कर रहे हैं। 7 अक्टूबर के नरसंहार से पहले, दुनिया एक ऐसे व्यापार गलियारे को बनाने की बात कर रही थी जो भारत से शुरू होकर संयुक्त अरब अमीरात, सऊदी अरब, इस्राइल से होते हुए यूरोप तक जाएगा। ईरानी शासन उस व्यापार गलियारे को नाकाम करने की कोशिश कर रहा है। वह इस क्षेत्र में अराजकता और हिंसा फैलाने की कोशिश कर रहा है, ताकि इस क्षेत्र में स्थिरता चाहने वाले लोग आगे न बढ़ सकें और समृद्ध न हो सकें। ईरानी शासन की होर्मुज जलडमरूमध्य को बाधित करने, दुबई हवाई अड्डे पर बमबारी करने, और इस क्षेत्र में नागरिकों और ऊर्जा ठिकानों पर बमबारी करने की क्षमता को खत्म करना बेहद जरूरी है, ताकि हम इस क्षेत्र में अपने दोस्तों के साथ - और सबसे बढ़कर भारत के महान लोगों के साथ साझा समृद्धि और आर्थिक बुनियादी ढांचा तैयार कर सकें।'

 

02:49 PM, 25-Mar-2026

ईरान ने होर्मुज से लौटाया पाकिस्तान का जहाज

अफगानिस्तान में ईरान के दूतावास ने सोशल मीडिया पर साझा एक पोस्ट में कहा है कि आईआरजीसी नौसेना ने पाकिस्तान के एक जहाज को होर्मुज जलडमरूमध्य से लौटा दिया है। कंटेनर जहाज सेलेन ने कानूनी प्रक्रिया का पालन नहीं किया था और साथ ही उसके पास होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने की जरूरी इजाजत भी नहीं थी। ईरानी दूतावास ने कहा कि होर्मुज से किसी भी जहाज को गुजरने के लिए ईरान की मेरीटाइम अथॉरिटी से पूरा समन्वय करना जरूरी है। 
 

02:09 PM, 25-Mar-2026

पश्चिम एशिया संकट पर सरकार ने बुलाई सर्वदलीय बैठक

पश्चिम एशिया संकट पर आज भारत सरकार ने सर्वदलीय बैठक बुलाई है। इस बैठक की अध्यक्षता रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह करेंगे। इस बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, विदेश मंत्री एस जयशंकर, केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और किरेन रिजिजू भी शामिल होंगे। विदेश सचिव विक्रम मिसरी और पेट्रोलियम सचिव बैठक में शामिल सदस्यों को पश्चिम एशिया और ऊर्जा संकट पर जानकारी देंगे। 

02:06 PM, 25-Mar-2026

ईरान को मिला अमेरिका का युद्धविराम प्रस्ताव

पाकिस्तान के अधिकारियों के हवाले से मीडिया रिपोर्ट्स में कहा गया है कि ईरान को अमेरिका का 15 सूत्रीय युद्धविराम प्रस्ताव मिल गया है। इससे पहले सीएनएन ने अपनी रिपोर्ट में बताया था कि अमेरिका ने ईरान को युद्धविराम प्रस्ताव भेजा है। राष्ट्रपति ट्रंप, ईरान के साथ युद्धविराम पर बातचीत करने की बात कह रहे हैं जबकि ईरानी सेना का दावा है कि ईरान की तरफ से कोई बातचीत नहीं की जा रही है। 

रिपोर्ट के अनुसार, इस 15 सूत्रीय प्रस्ताव में ईरान को प्रतिबंधों से राहत, नागरिक परमाणु ऊर्जा सहयोग, अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा एजेंसी की निगरानी में ईरान के परमाणु कार्यक्रम को वापस शुरू करना, मिसाइल कार्यक्रम को सीमित करना और होर्मुज पर जहाजों की मुक्त आवाजाही जैसे बिंदु हैं। 

इस्राइली मीडिया चैनल 12 की रिपोर्ट्स के अनुसार, ईरान को भेजे गए 15 सूत्रीय युद्धविराम प्रस्ताव में जो शर्तें हैं, वो निम्न हैं-

  • समझौते में एक महीने के युद्धविराम पर चर्चा
  • ईरान की परमाणु हथियार बनाने की क्षमता खत्म करने पर बात
  • ईरान यूरेनियम संवर्धन बंद करेगा।
  • होर्मुज जलडमरूमध्य को खुला रखा जाए और वहां से मुक्त आवागमन हो।
  • ईरान को अपने संवर्धित यूरेनियम को अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा एजेंसी को सौंपना होगा।
  • ईरान को अपने परमाणु केंद्रों जैसे नतांज, इस्फहान और फोर्डो को नष्ट करना होगा और इन्हें अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा एजेंसी की निगरानी में देना होगा।
  • ईरान को अपने क्षेत्रीय प्रोक्सी जैसे हमास, हिजबुल्ला को समर्थन देना बंद करना होगा।
  • ईरान को अपनी मिसाइलों की संख्या को भी सीमित करना होगा। 
  • साथ ही ईरान को अपने मिसाइल कार्यक्रम को आत्म सुरक्षा तक ही सीमित करना होगा।


 

11:41 AM, 25-Mar-2026

इस्राइली हमले में दक्षिणी लेबनान में नौ की मौत

दक्षिणी लेबनान में इस्राइल के हमले में नौ लोगों की मौत का दावा किया जा रहा है। लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि फलस्तीनी शरणार्थी कैंप पर हुए हमले में छह लोगों की मौत हुई और एक अन्य जगह पर हुए हमले में तीन अन्य की मौत हुई है। 
 

11:14 AM, 25-Mar-2026

हिजबुल्ला का इस्राइल पर हमला

लेबनान और ईरान की बीच मतभेदों के बीच हिजबुल्ला ने बुधवार को इस्राइल पर करीब 30 रॉकेट्स दागे। ये हमले इस्राइल के साफेद शहर में किए गए, जिसके बाद साफेद में सायरन की आवाजें सुनी गईं। 

11:12 AM, 25-Mar-2026

पाकिस्तानी प्रधानमंत्री ने सऊदी अरब के युवराज से की बात

पश्चिम एशिया संकट पर पाकिस्तानी पीएम शहबाज शरीफ ने सऊदी अरब के युवराज मोहम्मद बिन सलमान से फोन पर बात की। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री ने यह जानकारी दी। पाकिस्तानी पीएम ने मौजूदा संकट में सऊदी अरब सरकार के संयम की तारीफ की और तुरंत शांति की मांग की। पाकिस्तान द्वारा अमेरिका और ईरान के बीच मध्यस्थता करने की चर्चाएं हैं। 
 

08:55 AM, 25-Mar-2026

ईरान का इस्राइल पर हमला

इस्राइल पर ईरान के हमले के चलते कई जगहों पर सायरन बजने की आवाज सुनी गई है। कुछ जगह मकान भी इस हमले में क्षतिग्रस्त  हुए हैं। 

08:54 AM, 25-Mar-2026

लेबनान और ईरान के संबंधों में आया तनाव

लेबनान के विदेश मंत्रालय ने मंगलवार को बेरूत में ईरान के राजदूत को 'पर्सोना नॉन ग्राटा' घोषित किया। उन्हें सप्ताह के अंत तक देश छोड़ने का आदेश दिया गया है। यह दोनों देशों के बीच बिगड़ते संबंधों का स्पष्ट संकेत है। इससे लेबनान में तेहरान और हिजबुल्लाह की भूमिका पर तनाव बढ़ गया है। यह फैसला 2 मार्च को इस्राइल-हिजबुल्लाह युद्ध शुरू होने के बाद आया है। प्रधानमंत्री नवाफ सलाम ने कहा, ईरान का रिवोल्यूशनरी गार्ड लेबनान में हिजबुल्लाह के अभियान चला रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि लेबनानी सरकार इस टकराव में शामिल नहीं होना चाहती थी। सलाम ने कहा कि खामेनेई की हत्या का बदला लेना लेबनानियों का कर्तव्य नहीं है।
 

08:51 AM, 25-Mar-2026

इस्राइली सेना ने बेरूत पर बरसाए बम

इस्राइली सेना ने बेरूत के दक्षिणी इलाकों में बमबारी की है। लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि बीती 2 मार्च से इस्राइली हमलों में लेबनान में 1072 लोग मारे गए हैं। 

06:39 AM, 25-Mar-2026

कुवैत एयरपोर्ट पर ड्रोन हमला, फ्यूल टैंक में लगी आग

कुवैत इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर ड्रोन हमले के बाद फ्यूल टैंक में आग लग गई। कुवैत सिविल एविएशन प्राधिकरण ने इसकी पुष्टि की है। प्रवक्ता अब्दुल्ला अल-राजही ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार किसी के हताहत होने की खबर नहीं है और नुकसान संपत्ति तक ही सीमित रहा। घटना के तुरंत बाद एयरपोर्ट पर आपातकालीन प्रोटोकॉल लागू कर दिया गया। फायर ब्रिगेड और अन्य संबंधित एजेंसियां मौके पर आग बुझाने में जुटी हैं।

05:55 AM, 25-Mar-2026

तेहरान में भी सुनाई दिए धमाके

ईरान की राजधानी तेहरान के पूर्व में भी धमाके सुनाई दिए। अल-जजीरा की रिपोर्ट के अनुसार, लगातार बमबारी के कारण कई आवासीय इमारतें और एक स्कूल क्षतिग्रस्त हो गए हैं। सुरक्षा एजेंसियां स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

05:18 AM, 25-Mar-2026

जॉर्डन-सऊदी अरब में मिसाइल और ड्रोन हमला

जॉर्डन की राजधानी अमान के दक्षिण में कम आबादी वाले इलाके में मिसाइल के टुकड़े गिरने की घटना सामने आई। सार्वजनिक सुरक्षा निदेशालय के प्रवक्ता के अनुसार, किसी के घायल होने या बड़े नुकसान की सूचना नहीं है। जॉर्डन के अधिकारी कहते हैं कि युद्ध की शुरुआत से अब तक देशभर में सैकड़ों मिसाइल टुकड़े गिर चुके हैं।

सऊदी अरब ने भी सुरक्षा बढ़ा दी है। सऊदी रक्षा मंत्रालय ने बताया कि उनके एयर डिफेंस सिस्टम ने देश के पूर्वी प्रांत में एक बैलिस्टिक मिसाइल और कम से कम छह ड्रोन को मार गिराया।

04:35 AM, 25-Mar-2026

उत्तर इस्राइल में हवाई हमले की चेतावनी

इस्राइल के उत्तर में कीर्यात श्मोना शहर और आसपास के क्षेत्रों में हवाई हमले की चेतावनी दी गई। इस्राइल के चैनल 12 के अनुसार, लेबनान से छोड़े गए प्रोजेक्टाइल के बाद शहर में सायरन बज उठे। यनेट न्यूज़ के अनुसार, एक निर्माणाधीन घर को नुकसान पहुंचा, लेकिन किसी के घायल होने की खबर नहीं है। इससे पहले ईरान और हिजबुल्ला द्वारा किए गए मिसाइल हमले में उत्तर इस्राइल में एक व्यक्ति की मौत हुई और तेल अवीव के पास के शहरों बनेई बराक और  गवत शमूएल में कम से कम 12 लोग घायल हुए थे।

03:24 AM, 25-Mar-2026

अमेरिकी रक्षा विभाग ने ईरान पर कड़ा रुख अपनाया

पीट हेगसेथ ने पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष को लेकर स्पष्ट किया कि ईरान की आधुनिक सैन्य शक्ति को पहले दिन से ही भारी ताकत के जरिए प्रभावी रूप से निष्क्रिय किया गया है। उनका कहना है कि अमेरिकी राष्ट्रपति ने स्पष्ट किया है कि ईरान के पास कभी भी परमाणु हथियार नहीं होंगे।
 
हेगसेथ ने कहा कि युद्ध विभाग का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि अमेरिकी हितों को हर स्थिति में सुरक्षित रखा जाए। उन्होंने जोर देकर कहा कि ईरान की परमाणु क्षमता को पूरी तरह समाप्त करना उनका प्रमुख लक्ष्य है और यह कार्य ऐतिहासिक रूप से किया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिकी बल आवश्यकता अनुसार पूरी ताकत और समय तक कार्रवाई जारी रखेंगे ताकि लक्ष्य हासिल किया जा सके।

02:54 AM, 25-Mar-2026

लेबनान में हमले जारी

इस्राइल सेना ने कहा कि बेरूत में गिरा बैलिस्टिक मिसाइल ईरान से छोड़ा गया था। हालांकि, लेबनानी अधिकारियों ने अभी तक पुष्टि नहीं की। मिसाइल के मलबे से बेरूत के उत्तर में कुछ हल्की चोटें भी दर्ज की गई हैं। इस्राइल की सेना ने यह भी स्पष्ट किया कि ईरान और लेबनान में उनके अभियान में कोई बदलाव नहीं होगा, चाहे कोई शांति वार्ता चल रही हो या नहीं। सेना का कहना है कि उनका उद्देश्य क्षेत्रीय खतरों को समाप्त करना और हमले जारी रखना है।

01:54 AM, 25-Mar-2026

बुशहर परमाणु संयंत्र पर मिसाइल गिरी

बुशहर परमाणु संयंत्र पर भी प्रक्षेपास्त्र गिरने की खबर मिली है। ईरान के परमाणु ऊर्जा संगठन ने बताया कि हमला किसी वित्तीय, तकनीकी या मानव नुकसान के बिना संपन्न हुआ। संगठन ने चेतावनी दी कि शांतिपूर्ण परमाणु केंद्रों पर हमले अंतरराष्ट्रीय नियमों का उल्लंघन हैं और क्षेत्रीय सुरक्षा के लिए खतरनाक हैं।

01:34 AM, 25-Mar-2026

अतिरिक्त सैनिक तैनात करने की तैयारी में अमेरिका

अमेरिका पश्चिम एशिया में अपने सैन्य बल बढ़ाने की योजना बना रहा है। रिपोर्टों के अनुसार, अमेरिकी पेंटागन 82वीं एयरबोर्न डिवीजन के हजारों सैनिकों को भेजने की तैयारी में है। हालांकि, अधिकारियों ने यह स्पष्ट नहीं किया कि सैनिक कहां तैनात होंगे और कब पहुंचेंगे।

01:12 AM, 25-Mar-2026

ईरान के इस्फहान में हथियार निर्माण केंद्रों पर हवाई हमले

इस्राइल सेना ने ईरान के इस्फहान में स्थित सैन्य और हथियार निर्माण केंद्रों पर व्यापक हवाई हमले किए। सेना के बयान के अनुसार, यह हमला ईरान के सबसे महत्वपूर्ण विस्फोटक उत्पादन संयंत्र को निशाना बनाकर किया गया, जिसका इस्तेमाल विभिन्न हथियारों के निर्माण में होता था। इस हमले में मिसाइल लॉन्च साइट, हथियार निर्माण केंद्र और वायु रक्षा प्रणाली सहित दर्जनों लक्ष्य ध्वस्त किए गए, और 120 से अधिक हथियारों का उपयोग किया गया। ईरान ने अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

12:59 AM, 25-Mar-2026

ईरान के शासन में बदलाव आया- ट्रंप

'ईरान में किससे बातचीत हो रही है' इस पर ट्रंप ने कहा कि अमेरिका ने पहले उनके कई नेताओं को निशाना बनाया, फिर नए नेता चुने गए और उनका भी सफाया कर दिया गया। अब उनके सामने एक नया नेतृत्व है, जो पहले के नेताओं से पूरी तरह अलग है और इससे शासन में बदलाव आया है।

ट्रंप ने खाड़ी देशों की तारीफ की
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात (UAE) और कतर की तारीफ की। ट्रंप ने कहा कि खाड़ी देशों ने हालात को संभालने में शानदार काम किया है, जबकि वे खुद भी मिसाइल और ड्रोन हमलों का सामना कर रहे हैं। पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के दौरान ईरान ने कई खाड़ी देशों को निशाना बनाया है, जिससे क्षेत्र में तनाव बढ़ गया। बावजूद इसके, ट्रंप ने खाड़ी देशों के संयम और सहयोग की सराहना की।

12:56 AM, 25-Mar-2026

ईरान परमाणु हथियार नहीं रखेगा- ट्रंप

पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के बीच डोनाल्ड ट्रंप ने बताया कि उन्होंने संघर्ष के बीच शांति स्थापित करने का फैसला क्यों किया। उन्होंने कहा कि ईरान इस समय उनसे बातचीत कर रहा है और समझदारी दिखा रहा है। ट्रंप के मुताबिक उनकी पहली प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना थी कि ईरान के पास कभी परमाणु हथियार न हों। ईरान ने भी मान लिया है कि वे कभी परमाणु हथियार विकसित नहीं करेंगे।

12:44 AM, 25-Mar-2026

ट्रंप का दावा- ईरान पर हमले को बातचीत के चलते टाला, समझौते की संभावना बनी

डोनाल्ड ट्रंप ने पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच ईरान के साथ चल रही बातचीत को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि दोनों पक्ष इस समय बातचीत कर रहे हैं और समझौते की संभावना बनी हुई है। ट्रंप के मुताबिक, ईरान की एयर डिफेंस प्रणाली और अधिकांश मिसाइलें पहले ही निष्क्रिय हो चुकी हैं।
 

उन्होंने यह भी खुलासा किया कि अमेरिका एक बड़े बिजली उत्पादन संयंत्र को निशाना बनाने की तैयारी में था, लेकिन बातचीत को ध्यान में रखते हुए उस कार्रवाई को फिलहाल टाल दिया गया। उन्होंने संकेत दिया कि अगर बातचीत सफल रहती है तो हालात और बिगड़ने से बच सकते हैं।

12:37 AM, 25-Mar-2026

West Asia Conflict Live: अमेरिका के बाद अब ईरान ने रखी अपनी शर्तें, कहा- अपने हिसाब से ही जंग को खत्म करेंगे

Israel Iran War News in Hindi Live: पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष हर दिन और भी भयानक रूप ले रहा है। अमेरिका और इस्राइल के हमलों से क्षेत्र में हालात लगातार तनावपूर्ण बने हुए हैं, वहीं ईरान भी खाड़ी देशों और अमेरिकी ठिकानों पर जबरदस्त पलटवार कर रहा है। मिसाइल और ड्रोन हमलों की गड़गड़ाहट के बीच यह संघर्ष अब चौथे हफ्ते में प्रवेश कर चुका है। इसी बीच, डोनाल्ड ट्रंप ने बड़ा दावा किया कि अमेरिका एक विशाल बिजली उत्पादन संयंत्र को निशाना बनाने वाला था, लेकिन बातचीत को ध्यान में रखते हुए यह हमला टाल दिया गया। अमर उजाला के इस लाइव ब्लॉग में पढ़ें पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष से जुड़े तमाम पल-पल अपडेट्स...

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें