फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Venezuela Earthquake LIVE News: वेनेजुएला में भूकंप से तबाही; अब तक 164 लोगों की मौत, 971 घायल

Thu, 25 Jun 2026 04:17 PM IST
Jyoti Bhaskar वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला।

खास बातें

Venezuela Earthquake LIVE News: वेनेजुएला में एक के बाद एक आए दो शक्तिशाली भूकंपों से भारी तबाही हुई। राजधानी काराकास में कई इमारतें ढह गईं, एयरपोर्ट को बंद कर दिया गया है। राष्ट्रपति रोड्रिगेज ने आपातकाल की घोषणा की है। राहत और बचाव कार्य जारी है। समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक हजारों लोगों के मारे जाने की आशंका है। राष्ट्रपति ने कहा है कि 32 मौतों की पुष्टि हुई है। वेनेजुएला में भूकंप से जुड़े तमाम अपडेट्स अमर उजाला के इस लाइव ब्लॉग में पढ़ें
विज्ञापन
विज्ञापन

लाइव अपडेट

04:10 PM, 25-Jun-2026

वेनेजुएला में भूकंप से तबाही, अब तक 164 लोगों की मौत, 971 से अधिक घायल

वेनेजुएला में बुधवार शाम आए दो भीषण भूकंपों ने भयंकर तबाही मचाई है, जिसमें अब तक कम से कम 164 लोगों की मौत हो गई है और 971 से अधिक लोग घायल हुए हैं। देश की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने गुरुवार को इस भारी नुकसान की पुष्टि की। रिक्टर स्केल पर इन भूकंपों की तीव्रता 7.2 और 7.5 मापी गई है। शुरुआत में केवल 32 मौतों की खबर आई थी, लेकिन मलबे को हटाने के साथ ही मरने वालों का आंकड़ा तेजी से बढ़ गया।

यह वेनेजुएला में पिछले 100 साल से भी अधिक समय में आया सबसे विनाशकारी भूकंप है। इसके झटके इतने तेज थे कि वेनेजुएला की राजधानी काराकास से करीब 1,700 किलोमीटर दूर ब्राजील के अमेजन क्षेत्र तक की इमारतें हिल गईं और लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। फिलहाल प्रभावित इलाकों में मलबे के नीचे दबे लोगों को बचाने के लिए युद्ध स्तर पर राहत और बचाव कार्य चलाया जा रहा है।

02:25 PM, 25-Jun-2026

हम आपके साथ हैं: उर्सुला वॉन डेर लेयन

वेनेजुएला में आए विनाशकारी भूकंप से मची तबाही पर यूरोपीय संघ (EU) की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने सोशल मीडिया पर प्रभावित लोगों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं और एकजुटता प्रकट की है। उन्होंने वेनेजुएला के नागरिकों को सांत्वना देते हुए लिखा, कल रात आए विनाशकारी भूकंप के बाद हम सभी वेनेजुएलावासियों के प्रति अपनी एकजुटता व्यक्त करते हैं। मैं विशेष रूप से पीड़ितों और उनके परिवारों के बारे में सोच रही हूं। संकट की इस घड़ी में हम आपके साथ हैं।

01:39 PM, 25-Jun-2026

राष्ट्रपति रोड्रिगेज ने दुनिया भर से मिल रही मदद के लिए जताया आभार

वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने देश में आए दो शक्तिशाली भूकंपों के बाद अंतरराष्ट्रीय समुदाय से मिल रही मदद और सहयोग के लिए वैश्विक नेताओं का धन्यवाद किया है। उन्होंने संकट की इस घड़ी में मानवीय सहायता और बचाव दल भेजने के फैसलों की सराहना की।

विज्ञापन
01:33 PM, 25-Jun-2026

फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने वेनेजुएला में आए भूकंप पर जताया दुख

फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉन ने वेनेजुएला में आए विनाशकारी भूकंप पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक संदेश साझा करते हुए प्रभावित लोगों के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं। मैक्रों ने लिखा, देश में आए भूकंप के बाद वेनेजुएला के लोगों के प्रति मेरी संवेदनाएं और समर्थन। मैं पीड़ितों, उनके प्रियजनों और राहत कार्यों में लगे सभी लोगों के प्रति अपनी गहरी सहानुभूति व्यक्त करता हूं।

01:12 PM, 25-Jun-2026

वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने ट्रंप प्रशासन का जताया आभार

वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनके प्रशासन के प्रति आभार जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स लिखा 'हम अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनके प्रशासन के आभारी हैं, जो वेनेजुएला के अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में रहे हैं और इस त्रासदी के समय वेनेजुएला के लोगों को समर्थन और एकजुटता प्रदान कर रहे हैं, जिसने हमें शोक में डुबो दिया है।

विज्ञापन
12:53 PM, 25-Jun-2026

ब्राजील ने वेनेजुएला में भूकंप से मची तबाही पर जताया दुख

ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला दा सिल्वा ने वेनेजुएला में भूकंप से मची तबाही पर दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा 'वेनेजुएला में भूकंप से हुई तबाही पर मुझे गहरा दुख है। मैंने विदेश मंत्रालय को निर्देश दिया है कि वह काराकास स्थित ब्राजीली दूतावास के साथ मिलकर स्थिति का आकलन करे और हर संभव सहायता के उपाय तलाशे। दुख की इस घड़ी में ब्राजील, कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज की सरकार और वहां के साहसी लोगों के साथ खड़ा है। हम प्रभावित क्षेत्रों के पुनर्निर्माण में पूरा सहयोग देने का संकल्प दोहराते हैं।'

12:34 PM, 25-Jun-2026

वेनेजुएला भूकंप पर मारिया मचाडो का संदेश, लोगों से एकजुट रहने की अपील

वेनेजुएला की विपक्षी नेता मारिया कोरिना मचाडो ने एक पर एक पोस्ट में देश में आए भूकंप पर दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा 'मुश्किल की इस घड़ी में मेरा असीम स्नेह और मेरी प्रार्थनाए वेनेजुएला के हर घर के साथ हैं। इस कठिन समय में हममें हिम्मत, शांति और एकजुटता बनी रहे। ईश्वर वेनेज़ुएला के हर नागरिक, हमारे परिवारों और हमारे घरों की रक्षा करे। आज हम पहले से कहीं ज्यादा एकजुट हैं।

12:02 PM, 25-Jun-2026

वेनेजुएला में भूकंप से भारी तबाही: 32 की मौत, अमेरिका भेजेगा मदद

वेनेजुएला में बुधवार शाम दो शक्तिशाली भूकंप आए। इनकी तीव्रता 7.2 और 7.5 मापी गई। इस प्राकृतिक आपदा ने पूरे देश में भारी तबाही मचाई है। अब तक कम से कम 32 लोगों की जान जा चुकी है। करीब 700 लोग घायल हुए हैं। कई इलाकों में इमारतें गिर गई हैं और संचार व्यवस्था ठप हो गई है। कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने जानकारी दी कि मृतको की संख्या बढ़ सकती है। बचाव दल अभी भी गिरी हुई इमारतों के मलबे में लोगों को तलाश रहे हैं। राहत टीमें प्रभावित जगहों तक पहुंचने की पूरी कोशिश कर रही हैं। इस संकट की घड़ी में अमेरिका ने मदद का हाथ बढ़ाया है। अमेरिकी विदेश मंत्री रुबियो ने सोशल मीडिया पर बड़ी घोषणा की है। उन्होंने कहा कि अमेरिका तुरंत वेनेजुएला में खोज और बचाव दल भेजेगा। इसके साथ ही वहां चिकित्सा संसाधन और मानवीय सहायता भी भेजी जा रही है। अमेरिका की टीमें मलबे में दबे लोगों को सुरक्षित निकालने में स्थानीय प्रशासन की मदद करेंगी।

11:48 AM, 25-Jun-2026

वेनेजुएला में आए भूकंप के बाद की तबाही का मंजर





11:39 AM, 25-Jun-2026

वेनेजुएला भूकंप: तबाही की विचलित करने वाली तस्वीरें आईं सामने





10:55 AM, 25-Jun-2026

राष्ट्रपति रोड्रिगेज देश के नाम संबोधन में क्या बोलीं?

कार्यवाहक राष्ट्रपति रोड्रिगेज ने भूकंप के बाद तबाही के मद्देनजर देश को संबोधित भी किया। उन्होंने देशवासियों से एकजुट रहने की अपील करते हुए कहा कि प्रभावित इलाकों में सरकार और संबंधित राहत और बचाव कार्य एजेंसियां हरसंभव मदद मुहैया करा रही हैं। रोड्रिगेज ने कहा,  मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है, क्योंकि 7.2 और 7.5 तीव्रता वाले भूकंपों से प्रभावित इलाकों में बचावकर्मी इमारतों के मलबों में तलाशी ले रहे हैं। आपातकालीन टीमें को प्रभावित इलाकों में भेजा जा रहा है।

ला गुआइरा राज्य सबसे अधिक प्रभावित
रोड्रिगेज ने कहा, दर्जनों इमारतें ढह गई हैं। एजेंसियां आम लोगों की जान बचाने में जुटी हैं। ला गुआइरा बड़ी त्रासदी का सामना कर रहा है।

10:35 AM, 25-Jun-2026

वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति बोलीं- अब तक 32 मौतें, 700+ घायल

वेनेजुएला में भूकंप के बाद आधिकारिक जानकारी सामने आई है। देश की कार्यवाहक राष्ट्रपति रोड्रिगेज ने कहा है कि अब तक 32 लोगों की मौत होने की पुष्टि हो चुकी है। राहत और बचाव कार्य में लगी एजेंसियों के मुताबिक 700 से अधिक लोग घायल हुए हैं। रात के अंधेरे के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में चुनौतियां सामने आ रही हैं।

10:19 AM, 25-Jun-2026

वेनेजुएला में आए भुकंप पर ट्रंप ने बोले- बड़ी संख्या में लोगों की मौत हुई, हम मदद को तैयार

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने वेनेजुएला में आए दो बड़े भूकंपों पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि वेनेजुएला के महान लोगों पर आए ये दोनों भूकंप बहुत बड़े स्तर के थे। और इसमें बड़ी संख्या में लोगों की मौत हुई है। अमेरिका मदद के लिए पूरी तरह तैयार और इच्छुक है। मैंने अपनी सरकार की सभी एजेंसियों को तेजी से कार्रवाई करने के लिए तैयार रहने का निर्देश दिया है। ट्रंप ने वेनेजुएला के लोगों को अपना नया और अच्छा दोस्त बताया। उन्होंने कहा कि अमेरिका इस संकट की घड़ी में उनके साथ खड़ा रहेगा और हर संभव सहायता पहुंचाएगा। शुरुआती खबरें अच्छी नहीं हैं!!!
 

10:06 AM, 25-Jun-2026

कराकस में दो इमारतें ढहने से 3 की मौत

वेनेजुएला में आए भीषण भूकंप से राजधानी कराकस के बारूटा जिले में दो इमारतें गिर गई हैं, जिससे तीन लोगों की मौत हो गई है। जिले के मेयर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर यह जानकारी साझा की है। इस आपदा में हताहतों की आधिकारिक संख्या धीरे-धीरे सामने आ रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस भूकंप में हताहतों की संख्या हजार में जा सकती है।

09:56 AM, 25-Jun-2026

वेनेजुएला में आए भूकंप पर पीएम मोदी ने जताया दुख

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वेनेजुएला में आए भूकंप और उससे हुई तबाही पर गहरा दुख प्रकट किया है। उन्होंने इस आपदा को लेकर अपनी संवेदनाएं साझा की हैं। पीएम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा 'वेनेजुएला में आए भूकंप से हुई तबाही से मुझे गहरा दुख हुआ है। भारत के लोगों की ओर से, मैं वेनेजुएला की सरकार और वहां के लोगों के प्रति, और खासकर उन परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है। हम घायलों के जल्द ठीक होने की प्रार्थना करते हैं और इस मुश्किल समय में प्रभावित सभी लोगों के साथ एकजुटता से खड़े हैं। भारत हर संभव मदद देने के लिए तैयार है।

09:36 AM, 25-Jun-2026

वेनेजुएला में भूकंप से तबाही

09:30 AM, 25-Jun-2026

वेनेजुएला में भूकंप से तबाही, अमेरिका समेत कई देशों ने बढ़ाया मदद का हाथ

वेनेजुएला में 7.5 तीव्रता के दो भीषण भूकंपों ने 120 साल की सबसे बड़ी तबाही मचाई है। यहां कई इमारतें जमींदोज हो गई हैं और सुनामी का अलर्ट भी जारी किया गया है। वेनेजुएला में हुई इस तबाही के बाद अमेरिका समेत कई देशों ने मदद के लिए हाथ आगे बढ़ाए हैं।

07:48 AM, 25-Jun-2026

वेनेजुएला के गृह मंत्री ने क्या बताया?

वेनेजुएला के गृह मंत्री डियोसदादो काबेलो ने कहा कि भूकंप के झटके कई राज्यों में महसूस किए गए। काराकास के अल्तामीरा इलाके में घरों और इमारतों के ढहने जैसी 'चिंताजनक स्थितियां' सामने आई हैं।

  • काबेलो ने लोगों से अपील की कि वे फिलहाल खुले स्थानों पर ही रहें, क्योंकि भूकंप के बाद झटकों (आफ्टरशॉक) आने की आशंका है और इससे पहले से क्षतिग्रस्त ढांचों को और नुकसान पहुंच सकता है।
  • उन्होंने संकेत दिया कि भूकंप में कुछ लोग घायल भी हुए हैं। काबेलो ने वाहन चालकों से कहा कि वे एंबुलेंस और अन्य आपातकालीन वाहनों को रास्ता देने के लिए सड़कें खाली रखें।
  • सरकारी टेलीविजन पर काबेलो ने कहा, हम समझते हैं कि कुछ लोग घबराए हुए हो सकते हैं। लेकिन हम तय प्रोटोकॉल के तहत राहत और बचाव अभियान सक्रिय कर रहे हैं, ताकि सबसे अधिक जरूरतमंद लोगों तक सहायता पहुंचाई जा सके।  
  • उन्होंने कहा, बच्चों और बुजुर्गों का खास ध्यान रखें। एक-दूसरे से संपर्क करें और यह सुनिश्चित करें कि कोई घायल या प्रभावित न हुआ हो। 

07:36 AM, 25-Jun-2026

Venezuela Earthquake LIVE News: वेनेजुएला में भूकंप से तबाही; अब तक 164 लोगों की मौत, 971 लोग घायल

वेनेजुएला में 7.1 और 7.5 तीव्रता के भूकंप के झटके लगे हैं। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (यूएसजीएस) के अनुसार, पहला भूकंप 7.1 तीव्रता का था। इसका केंद्र देश के कैरेबियाई तट पर स्थित मोरोन शहर के पश्चिम में और कराकास से लगभग 168 किलोमीटर दूर था। भूकंप की गहराई 13 किलोमीटर दर्ज की गई। पहले झटके के कुछ ही मिनट बाद 7.5 तीव्रता का दूसरा और अधिक शक्तिशाली भूकंप आया। इसकी गहराई 10 किलोमीटर थी। इसका केंद्र मोरोन से 16 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में स्थित था।

क्या भूकंप के बाद सुनामी का भी अलर्ट?
भूकंप के बाद अमेरिकी प्रशांत सुनामी चेतावनी केंद्र ने प्यूर्टो रिको और वर्जिन द्वीप समूह के लिए सुनामी अलर्ट जारी किया। वेनेजुएला की राजधानी काराकास में भूकंप के तेज झटकों से इमारतें हिलने लगीं, जिसके बाद लोग तुरंत बाहर निकल आए। कई लोग सड़कों पर खड़े होकर क्षतिग्रस्त इमारतों को देखते रहे। कुछ जगहों पर पूरी दीवारें गिर गईं, जिससे सड़क से ही घरों और दफ्तरों के भीतर रखा फर्नीचर दिखाई देने लगा। राजधानी के दो इलाकों में धूल के बड़े गुबार भी उठते देखे गए। ये ऐसे इलाके हैं, जहां आमतौर पर रेस्तरां और अन्य कारोबारी प्रतिष्ठानों में काफी चहल-पहल रहती है।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें