फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

US Venezuela Conflict Live Update: वेनेजुएला में अंतरिम राष्ट्रपति का एलान; भारत ने हालत पर जताई चिंता

Sun, 04 Jan 2026 03:06 PM IST
शुभम कुमार वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, वॉशिंगटन/काराकस

खास बातें

US Venezuela Conflict Live Updates: अमेरिका ने वेनेजुएला के राष्ट्रपति और उनकी पत्नी को बंधक बना लिया। इसके बाद ट्रंप ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करके कहा कि वेनेजुएला पर अब अमेरिका का नियंत्रण होगा, जब तक वहां शांति स्थापित नहीं हो जाती। भारत ने भी हालातों पर चिंता जताई है। 
विज्ञापन
अमेरिका-वेनेजुएला संघर्ष - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विज्ञापन

लाइव अपडेट

09:27 PM, 04-Jan-2026

वेनेजुएला संकट: अमेरिकी कार्रवाई के चलते सैकड़ों उड़ानें रद्द, हजारों यात्री फंसे

वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को पकड़ने के लिए चलाए गए अमेरिकी सैन्य ऑपरेशन का असर सीधे तौर पर पड़ोसी देशों पर भी देखने को मिल रहा है। 

अमेरिका द्वारा वेनेजुएला पर किए गए हमले के बाद बड़ी संख्या में उड़ाने रद्द कर दी गई थीं। जिससे कैरेबियाई देशों में हॉलिडे यात्रा बुरी तरह बाधित हुई है। इस व्यस्त पर्यटन सीजन में कई देशों की उड़ानें रद्द करनी पड़ीं, जिसकी वजह से हजारों यात्री प्रभावित हुए।

हालांकि अमेरिका ने शनिवार को एयरलाइनों को सूचित किया कि कैरिबियाई हवाई क्षेत्र पर लगाए गए प्रतिबंध मध्यरात्रि में समाप्त हो जाएंगे और उड़ानों का संचालन दोबारा शुरू किया जा सकता है। अब प्रतिबंध हटना की जानकारी सामने आने के बाद उड़ानों के शेड्यूल तेजी से अपडेट किए जा रहे हैं।

फ्लाइटरडार24 के अनुसार, सैन्य ऑपरेशन वाले दिन वेनेजुएला के ऊपर से कोई भी यात्री विमान नहीं गुजरा। अमेरिका की फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (एफएए) की ओर से लगाए गए प्रतिबंधों के बाद पूर्वी कैरेबियाई क्षेत्र में सैकड़ों उड़ानें रद्द कर दी गईं। प्यूर्टो रिको, वर्जिन आइलैंड्स, अरूबा और लेसर एंटिल्स के एक दर्जन से अधिक द्वीपों के लिए उड़ानें प्रभावित रहीं। एयरलाइंस ने यात्रियों को टिकट बदलने की फीस में छूट दी। अमेरिकी परिवहन मंत्री सीन डफी ने कहा कि प्रतिबंध शनिवार रात 12 बजे (ईएसटी) खत्म हो गए और रविवार से उड़ानें सामान्य हो सकेंगी।

03:06 PM, 04-Jan-2026

व्हाइट हाउस का मादुरो पर तंज

व्हाइट हाउस ने वेनेजुएला के नेता निकोलस मादुरो का एक पुराना वीडियो शेयर किया है, जिसमें वह अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और अमेरिका को खुली चुनौती देते हुए कहते नजर आते हैं कि आओ और मुझे पकड़ो। यह वीडियो ऐसे समय सामने आया है, जब वॉशिंगटन और काराकास के बीच तनाव लगातार बढ़ रहा है।
 

02:13 PM, 04-Jan-2026

अमेरिका की कार्रवाई पर चीन की कड़ी आपत्ति

चीन ने वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी को जबरन हिरासत में लेकर देश से बाहर ले जाने को लेकर अमेरिका पर गंभीर चिंता जताई है। चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने रविवार को कहा कि यह कदम अंतरराष्ट्रीय कानून, अंतरराष्ट्रीय संबंधों के बुनियादी सिद्धांतों और संयुक्त राष्ट्र चार्टर के उद्देश्यों का स्पष्ट उल्लंघन है।

प्रवक्ता ने कहा कि 3 जनवरी को अमेरिकी बलों द्वारा मादुरो और उनकी पत्नी को पकड़कर देश से बाहर ले जाने की खबरों पर कई देशों ने आपत्ति जताई है। चीन ने अमेरिका से मांग की कि वह राष्ट्रपति मादुरो और उनकी पत्नी की व्यक्तिगत सुरक्षा सुनिश्चित करे, उन्हें तुरंत रिहा करे और वेनेजुएला की सरकार को गिराने की कोशिशें बंद करे। चीन ने यह भी कहा कि अमेरिका को सभी मुद्दों का समाधान बातचीत और कूटनीतिक वार्ता के जरिए करना चाहिए, ताकि क्षेत्र में शांति और स्थिरता बनी रहे।

विज्ञापन
01:42 PM, 04-Jan-2026

वेनेजुएला की हालत पर भारत की चिंता

वेनेजुएला में हालिया घटनाक्रम भारत के लिए चिंता का विषय है। भारत सरकार वहां की बदलती स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। भारत ने वेनेजुएला के लोगों की सुरक्षा और भलाई के प्रति अपना समर्थन दोहराया है और सभी संबंधित पक्षों से अपील की है कि वे मुद्दों का समाधान शांतिपूर्ण तरीके से संवाद के जरिए करें। यहां पढ़ें पूरी खबर...

01:24 PM, 04-Jan-2026

ट्रंप पर भड़कीं कमला हैरिस

पूर्व अमेरिकी उपराष्ट्रपति कमला हैरिस ने वेनेजुएला पर कार्रवाई को लेकर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर सीधा हमला बोला है। हैरिस ने कहा कि यह कदम न तो ड्रग तस्करी रोकने के लिए है और न ही लोकतंत्र की रक्षा के लिए, बल्कि इसके पीछे तेल हित हैं।

विज्ञापन
11:57 AM, 04-Jan-2026

वेनेजुएला को स्टारलिंक का तोहफा, मुफ्त ब्रॉडबैंड सेवा शुरू

स्टारलिंक ने वेनेजुएला में मुफ्त ब्रॉडबैंड इंटरनेट सेवा देने की घोषणा की है। यह फैसला अमेरिका की बड़े पैमाने पर हुई सैन्य कार्रवाई के बाद लिया गया है। एक्स पर किए गए पोस्ट में स्टारलिंक ने बताया कि वह 3 फरवरी तक वेनेजुएला के लोगों को मुफ्त इंटरनेट एक्सेस उपलब्ध कराएगा, ताकि देश में कनेक्टिविटी बनी रहे। 

11:00 AM, 04-Jan-2026

वेनेजुएला मुद्दे पर सोमवार को UN सुरक्षा परिषद की बैठक

अमेरिका द्वारा वेनेजुएला पर हमले और राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को सत्ता से हटाए जाने के बाद संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद सोमवार को बैठक करने जा रही है। संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुतारेस ने इस कार्रवाई को खतरनाक मिसाल बताया है। कूटनीतिक सूत्रों के मुताबिक, कोलंबिया ने रूस और चीन के समर्थन से 15 सदस्यीय सुरक्षा परिषद की इस आपात बैठक की मांग की है। इससे पहले अमेरिका और वेनेजुएला के बीच बढ़ते तनाव को लेकर सुरक्षा परिषद अक्तूबर और दिसंबर में भी दो बार बैठक कर चुकी है।

09:39 AM, 04-Jan-2026

डेल्सी रोड्रिगेज बनीं वेनेजुएला की अंतरिम राष्ट्रपति

अमेरिकी हमलों और राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को बंधक बनाए जाने के बाद वेनेजुएला के सुप्रीम कोर्ट ने उपराष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिग्ज को कार्यवाहक राष्ट्रपति नियुक्त किया। यहां पढ़ें...

09:06 AM, 04-Jan-2026

अमेरिका ने जारी की यात्रा सलाह

अमेरिका ने रविवार को एक यात्रा सलाह जारी कर अपने नागरिकों से कहा है कि वे सुरक्षा से जुड़ी जानकारी पाने के लिए स्मार्ट ट्रैवलर एनरोलमेंट प्रोग्राम में पंजीकरण कराएं। अमेरिका ने चेतावनी दी कि वेनेजुएला में सुरक्षा स्थिति लगातार बदल रही है। यात्रा सलाह में कहा गया है कि वेनेजुएला को लेवल-4: यात्रा न करें श्रेणी में रखा गया है, क्योंकि वहां अमेरिकी नागरिकों के लिए गंभीर खतरे बने हुए हैं। अमेरिका ने वेनेजुएला में मौजूद अपने नागरिकों से सतर्क रहने और आसपास के हालात पर नजर रखने की अपील की है। सलाह में यह भी कहा गया है कि फिलहाल वेनेजुएला से आने-जाने के लिए कोई व्यावसायिक उड़ानें संचालित नहीं हो रही हैं। अमेरिकी नागरिकों को अपने परिवार और दोस्तों से संपर्क बनाए रखने के लिए संचार के कई विकल्प तैयार रखने की सलाह दी गई है।

अमेरिकी विदेश विभाग ने मार्च 2019 में काराकास स्थित अमेरिकी दूतावास से सभी राजनयिक कर्मचारियों को वापस बुला लिया था और दूतावास की सभी सेवाएं बंद कर दी थीं। इसके चलते वेनेजुएला में अमेरिकी नागरिकों को न तो नियमित और न ही आपातकालीन कांसुलर सेवाएं मिल पा रही हैं।

07:46 AM, 04-Jan-2026

अमेरिका पहुंचने के बाद पहली तस्वीर आई सामने

अमेरिका पहुंचने के बाद पहली बार सामने आई निकोलस मादुरो की तस्वीर। इस वीडियो में मादुरो को न्यूयॉर्क में स्थित अमेरिकी ड्रग प्रवर्तन एजेंसी (DEA) के दफ्तर के एक गलियारे से सुरक्षा कर्मियों के साथ ले जाते हुए देखा जा सकता है।
 

07:37 AM, 04-Jan-2026

असदुद्दीन ओवैसी ने मोदी से पूछा- क्या पाकिस्तान से 26/11 मास्टरमाइंड को लाया जा सकता है

 

मुंबई में AIMIM के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को उनके देश से पकड़कर अमेरिका ले गए। ओवैसी ने इस घटना का उदाहरण देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सवाल किया कि अगर अमेरिका ऐसा कर सकता है, तो क्या भारत भी पाकिस्तान से 26/11 के मास्टरमाइंड को पकड़कर भारत ला सकता है। ओवैसी का बयान भारत-पाक विवाद और आतंकवाद के मामलों में कदम उठाने की संभावना पर ध्यान आकर्षित करता है।

05:34 AM, 04-Jan-2026

मेरे दोस्त को छोड़ो, वरना होगा विश्व युद्ध: किम जोंग

अमेरिका-वेनेजुएला की जंग में उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग भी कूद पड़े हैं। किम जोंग ने मादुरो को अपना दोस्त बताते हुए अमेरिका को विश्व युद्ध की चेतावनी दी है और उनकी तत्काल रिहाई की मांग की है।

05:23 AM, 04-Jan-2026

वेनेजुएला पर अमेरिकी कार्रवाई पर स्टार्मर ने मादुरो को बताया अवैध राष्ट्रपति

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने वेनेजुएला में हुए हालिया घटनाक्रम पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि ब्रिटेन लंबे समय से वेनेजुएला में सत्ता परिवर्तन का समर्थन करता रहा है। प्रधानमंत्री स्टार्मर ने साफ कहा कि ब्रिटेन निकोलस मादुरो को वैध राष्ट्रपति नहीं मानता था और उनके शासन के अंत पर उसे कोई दुख नहीं है।

उन्होंने यह भी कहा कि उन्होंने अंतरराष्ट्रीय कानून के समर्थन की बात दोहराई है। ब्रिटेन सरकार आने वाले दिनों में अमेरिका के साथ इस पूरे मामले पर चर्चा करेगी, ताकि वेनेजुएला में शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से सत्ता का बदलाव हो सके। स्टार्मर ने कहा कि लक्ष्य यह है कि वेनेजुएला में ऐसी सरकार बने जो वहां के लोगों की इच्छा को सही तरीके से दर्शाए और देश में स्थिरता आए।

 

03:50 AM, 04-Jan-2026

मादुरो को लाया गया न्यूयॉर्क

वेनेजुएला पर अमेरिकी कार्रवाई के दौरान गिरफ्तार किए गए वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को लेकर आया विमान न्यूयॉर्क पहुंच गया है। रिपोर्ट में बताया गया है कि मादुरो को अब अमेरिका में कानूनी कार्रवाई और पूछताछ का सामना करना पड़ेगा। अमेरिकी प्रशासन का कहना है कि उन पर ड्रग तस्करी और संगठित अपराध से जुड़े गंभीर आरोप हैं।

 

 

01:48 AM, 04-Jan-2026

वेनेजुएला पर अमेरिकी हमले के बाद कैरेबियन में उड़ानें प्रभावित

 

अमेरिका द्वारा वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी को हिरासत में लेने और देश से बाहर ले जाने की कार्रवाई के बाद कैरेबियन क्षेत्र में यात्रा पर बड़ा असर पड़ा है। मीडिया रिपोर्टस के अनुसार शनिवार को कोई भी एयरलाइन वेनेजुएला के ऊपर से नहीं उड़ रही थी। इसके अलावा, बड़े एयरलाइंस ने पूर्वी कैरेबियन क्षेत्र में सैकड़ों फ्लाइट रद्द कर दीं और यात्रियों को चेतावनी दी कि यह व्यवधान कई दिनों तक जारी रह सकता है।

पोर्टो रिको, वर्जिन आइलैंड्स, अरूबा और वेनेजुएला के पास अन्य गंतव्यों के लिए कई फ्लाइट्स रद्द कर दी गई हैं। एयरलाइंस ने कहा कि जो यात्री अपनी उड़ान बदलना चाहते हैं, उनके लिए परिवर्तन शुल्क नहीं लगेगा।

01:48 AM, 04-Jan-2026

ट्रंप का दावा- वेनेजुएला की उपराष्ट्रपति को बनाया गया राष्ट्रपति

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया कि वेनेजुएला की उपराष्ट्रपति डेलसी रोड्रिगेज को राष्ट्रपति के रूप में शपथ दिलाई गई है। उन्होंने कहा कि रोड्रिगेज ने अमेरिका के साथ सहयोग का भरोसा जताया और “वेनेजुएला को फिर से महान बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाने को तैयार हैं। इससे पहले, विपक्षी नेता मारिया कोरिना माचाडो ने कहा कि 2024 के चुनाव में सही विजेता एडमंडो गोंजालेज हैं और उन्हें सत्ता संभालनी चाहिए।

 

01:47 AM, 04-Jan-2026

संयुक्त राष्ट्र राजदूत सैमुअल मोंकाडा ने सुरक्षा परिषद को लिखा पत्र

वेनेजुएला के संयुक्त राष्ट्र राजदूत सैमुअल मोंकाडा ने शनिवार को यूएन सुरक्षा परिषद को पत्र लिखा। उन्होंने चेताया कि अमेरिका के हमलों के मद्देनजर वेनेजुएला स्वयं की रक्षा करने का अधिकार सुरक्षित रखता है। पत्र में मोंकाडा ने आपात बैठक बुलाने और अमेरिका की कार्रवाई की निंदा करने की मांग की। उन्होंने लिखा कि अमेरिका की कार्रवाई हमारे लोकतांत्रिक सरकार को खत्म करने और प्राकृतिक संसाधनों पर कब्ज़ा करने की औपनिवेशिक नीति है।

 

01:45 AM, 04-Jan-2026

मार्को रुबियो ने दिया इशारा, क्या क्यूबा हो सकता है अगला लक्ष्य?

 

अमेरिका के विदेश सचिव मार्को रुबियो ने कहा है कि वेनेजुएला के राष्ट्रपति मादुरो और उनकी पत्नी को हिरासत में लेने के बाद क्यूबा अगला निशाना हो सकता है। रुबियो ने कहा कि अगर मैं हवाना में सरकार में होता, तो मैं कम से कम थोड़ा चिंता करता। उन्होंने यह भी याद दिलाया कि अमेरिका ने लातिन अमेरिका में पहले भी कई सैन्य हस्तक्षेप किए हैं, जैसे 1961 में क्यूबा में बे ऑफ पिग्स आक्रमण, जिसका उद्देश्य फिदेल कास्त्रो को हटाना था।

 

01:40 AM, 04-Jan-2026

वेनेजुएला के उपराष्ट्रपति ने मादुरे की रिहाई की मांग की

वेनेजुएला के उपराष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिग्ज ने शनिवार को अमेरिकी कार्रवाई की निंदा की। उन्होंने राष्ट्रपति मादुरो की तुरंत रिहाई की मांग की। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को तुरंत रिहा किया जाए। उन्होंने मादुरो को देश का सही और वैध नेता बताया।

01:38 AM, 04-Jan-2026

शूमर ने ट्रंप की वेनेजुएला पर कार्रवाई को बताया लापरवाह

संयुक्त राज्य अमेरिका के सेनेट डेमोक्रेटिक लीडर चक शूमर ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की वेनेजुएला में हालिया कार्रवाई को लापरवाह बताया है। शूमर ने कहा कि यह सोचकर ही अमेरिकी नागरिकों के दिलों में डर बैठ जाना चाहिए कि ट्रंप अब वेनेजुएला को चलाने की योजना बना रहे हैं। न्यूयॉर्क के सीनेटर शूमर ने बताया कि ट्रंप प्रशासन ने उन्हें कई बार आश्वासन दिया था कि अमेरिका वेनेजुएला में शासन परिवर्तन या सैन्य कार्रवाई नहीं करेगा, लेकिन अब लगता है कि अमेरिकियों के साथ साफ-साफ नहीं कहा जा रहा। साथ ही, कुछ रिपब्लिकन नेताओं जैसे मार्को रुबियो ने इशारा किया है कि मादुरो को हटाने के बाद क्यूबा भी अगला लक्ष्य हो सकता है।

01:24 AM, 04-Jan-2026

अमेरिकी कार्रवाई की नेतन्याहू ने की तारीफ

इस्राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने अमेरिका की तरफ से वेनेजुएला पर की गई कार्रवाई की तारीफ की है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट में कहा कि स्वतंत्रता और न्याय के पक्ष में ट्रंप को साहसी और ऐतिहासिक नेतृत्व के लिए बधाई। मैं आपकी निर्णायक सोच और आपके बहादुर सैनिकों की शानदार कार्रवाई को सलाम करता हूं।

 

01:23 AM, 04-Jan-2026

जोहरान मामदानी ने क्या बोला?

वहीं इस पूरे मामले में न्यूयॉर्क सिटी के मेयर जोहरान मामदानी ने कहा है कि उन्हें इस बात की जानकारी दी गई है कि अमेरिका ने वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी को हिरासत में लेकर न्यूयॉर्क में फेडरल जेल में भेजने की योजना बनाई है। मेयर ने कहा कि किसी संप्रभु देश पर एकतरफा हमला करना युद्ध की कार्रवाई है और यह फेडरल और अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन है। उन्होंने इसे अमेरिका की तरफ से स्पष्ट शासन परिवर्तन की कोशिश बताया। मामदानी ने चेताया कि इस तरह की कार्रवाई सिर्फ विदेश में ही नहीं, बल्कि न्यूयॉर्क में रहने वाले लोगों पर भी असर डालती है, जिनमें हजारों वेनेजुएला मूल के लोग शामिल हैं।

01:17 AM, 04-Jan-2026

स्पेन ने दिया मध्यस्थता का प्रस्ताव

इसी बीच यूरोपीय देश स्पेन ने शांतिपूर्ण समाधान की तलाश के लिए मध्यस्थता का प्रस्ताव दिया है। स्पेन के विदेश मंत्रालय ने अपने बयान में कहा कि स्पेन, तनाव कम करने और संयम की अपील करता है। हम लोकतांत्रिक, वार्ता आधारित और शांतिपूर्ण समाधान की तलाश में मदद करने के लिए तैयार हैं।

01:01 AM, 04-Jan-2026

US Venezuela Conflict Live Update: वेनेजुएला में अंतरिम राष्ट्रपति का एलान; भारत ने स्थिति पर जताई चिंता

अमेरिका और वेनेजुएला के बीच संघर्ष सातवें आसमान पर है। जहां शुक्रवार रात अमेरिका ने वेनेजुएला पर बड़े पैमाने पर सैन्य हमला किया। इस दौरान अमेरिका ने वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी को उनके घर से हिरासत में लेकर देश से बाहर ले जाया गया है। दोनों को अमेरिकी युद्धपोत के जरिए न्यूयॉर्क ले जाया जा रहा है, जहां उन पर आपराधिक मामलों में कार्रवाई होगी।

इसके साथ ही अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि वेनेजुएला में हालात सामान्य होने तक अमेरिका वहां की सरकार का नियंत्रण अस्थायी रूप से संभालेगा। उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका पहले से ही इस दिशा में काम कर रहा है। हालांकि, इस हमले के लिए कानूनी अनुमति क्या थी और क्या राष्ट्रपति ट्रंप ने पहले अमेरिकी संसद (कांग्रेस) से सलाह ली थी, यह अभी तक साफ नहीं हो पाया है।
 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें