एएफपी की रिपोर्ट के अनुसार, यूक्रेन युद्ध और अन्य सुरक्षा मुद्दों पर सात घंटे तक उच्च पदस्थ अमेरिकी और चीनी अधिकारियों की मुलाकात के बाद अमेरिका ने सोमवार को रूस और चीन के बीच मिलीभगत को लेकर चिंता व्यक्त की। एक वरिष्ठ अमेरिकी अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर संवाददाताओं से कहा, "रूस के साथ चीन की मिलीभगत को लेकर हमें गहरी चिंता है।" उन्होंने कहा कि "दोनों देशों के अधिकारियों ने इसे लेकर बहुत ही स्पष्ट बातचीत की थी।"
स्लोवाकिया के विदेश मंत्रालय ने कहा कि उसने देश के खुफिया सेवा विभाग से मिली सूचना की समीक्षा करने के बाद रूस के तीन राजनयिकों को निष्कासित करने का निर्णय लिया है। मंत्रालय ने कहा कि यह निर्णय सोमवार को लिया गया और राजधानी ब्रातिस्लावा स्थित रूस के दूतावास के राजनयिकों के पास देश छोड़ने के लिए 72 घंटे का समय है। मंत्रालय के अनुसार, इन अधिकारियों ने राजनयिक संबधों पर वियना प्रस्ताव का उल्लंघन किया।
न्यूज एजेंसी रायटर्स के मुताबिक, अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन यूक्रेन को लेकर चर्चा करने के लिए सहयोगियों से मिलने यूरोप जा सकते हैं। फिलहाल बाइडन प्रशासन इस बात पर चर्चा कर रहा है कि क्या बाइडन को नाटो सहयोगियों के साथ व्यक्तिगत रूप से बैठक के लिए यूरोप की यात्रा करनी चाहिए। सोमवार को स्थिति से परिचित दो सूत्रों ने कहा, व्हाइट हाउस के अधिकारी रूस और यूक्रेन संघर्ष को लेकर सहयोगियों के साथ चर्चा करने के लिए आने वाले हफ्तों में अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन की यूरोप यात्रा की संभावना पर चर्चा कर रहे हैं। चर्चा के तहत एक योजना में बाइडन को 23 मार्च को ब्रसेल्स में नाटो गठबंधन के अन्य नेताओं के साथ मिलने और फिर पोलैंड की यात्रा करने का आह्वान किया गया है। सूत्रों में से एक ने कहा कि यात्रा के बारे में कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है।
खारकीव के मेयर इहोर तेरेखोव ने कहा है कि शहर पर रूसी बल लगातार हमला कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि रूसी सेना ने केंद्रीय जिलों पर हमले किए हैं जिनमें कई लोग हताहत हुए हैं।
यूक्रेन की सरकारी बिजली कंपनी यूक्रेनर्गो ने कहा है कि रूसी बलों ने चेर्नोबिल परमाणु पावर प्लांट को पावर ग्रिड से जोड़ने वाली हाई वोल्टेज लाइन को क्षतिग्रस्त कर दिया है। कंपनी के प्रमुख वोलोदिमिर कुद्रित्स्की ने कहा कि अब प्लांट डीजल जनरेटर से उत्पन्न होने वाली बिजली पर निर्भर है। उन्होंने कहा कि चेर्नोबिल संयंत्र और स्लावुतिच कस्बे को बिजनी पहुंचाने वाली लाइन को रूसी बलों ने क्षतिग्रस्त कर दिया है।
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के एक करीबी सहयोगी ने स्वीकार किया है कि यूक्रेन में रूस का सैन्य अभियान उतनी तेजी से नहीं चला जितनी कि क्रेमलिन को उम्मीद थी। नेशनल गार्ड के प्रमुख विक्टर जोलोटोव ने कहा कि ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि यूक्रोनी बल नागरिकों के पीछे छिप रहे हैं।
चीन के विदेश मंत्रालय ने उन रिपोर्ट पर तीखी प्रतिक्रिया दी है जिनमें कहा जा रहा है अमेरिकी सरकार ने दावा किया है कि रूस ने सैन्य उपकरणों के लिए चीन से मदद मांगी है। चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता झाओ लिजियान ने कहा कि अमेरिका गलत और भ्रामक जानकारियां फैला रहा है। यूक्रेन मामले पर चीन की स्थिति स्पष्ट है। हम शांति वार्ता को बढ़ाने के लिए रचनात्मक योगदान दे रहे हैं।
जर्मनी की मल्टीनेशनल फार्मास्यूटिकल कंपनी बेयर ने रूस में विज्ञापन और निवेश को समाप्त कर दिया है। कंपनी ने आज एक बयान में कहा कि यूक्रेन पर रूस के हमले की प्रतिक्रिया में बेयर रूस और बेलारूस में सभी खर्च रोकती है जिनका संबंध स्वास्थ्य व कृषि में आवश्यक उत्पादों की आपूर्ति से नहीं हैं।
ब्रिटेन के स्वास्थ्य सचिव साजिद जाविद ने कहा है कि यूक्रेन में युद्ध अपराधों को लिए व्लादिमीर पुतिन को इंटरनेशनल क्रिमिनल कोर्ट में जिम्मेदार ठहराया जाएगा। उन्होंने कहा कि ब्रिटेन इसके लिए जरूरी सबूत जुटाने में मदद करेगा।
यूक्रेन के विदेश मंत्रालय ने दावा किया है कि 24 फरवरी को रूस की ओर से हमले की शुरुआत करने के बाद से 12 हजार से अधिक रूसी सैनिक मारे जा चुके हैं। यूक्रेनी सशस्त्र बलों ने रूस के 77 विमान और 90 हेलिकॉप्टर मार गिराए हैं। मंत्रालय के अनुसार रूस के 389 टैंक भी तबाह किए जा चुके हैं।
यूक्रेन और रूस के बीच चौथे दौर की बातचीत आज होनी है। इससे पहले दोनों देशों के प्रतिनिधिमंडल तीन बार मुलाकात कर चुके हैं, लेकिन युद्ध रोकने के लिए दोनों के बीच आम सहमति नहीं बन पाई है। ऐसे में चौथे दौर की बातचीत के दौरान दोनों के बीच आम सहमति बनाने पर जोर होगा।
ऑस्ट्रेलिया ने रूस के 33 व्यापारियों व रणनीतिकारों को प्रतिबंधित कर दिया है। इसमें रोमन अब्रामोविच, Gazprom के सीईओ एलेक्सी मिलर और रोसिया बैंक के अध्यक्ष दिमित्री लेबदेव शामिल हैं।