यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने सोमवार रात एक बार फिर देश को संबोधित किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि डर हमेशा आपको अपराध का सहयोगी बनाता है। उन्होंने अन्य देशों से साहस के साथ कार्य करने का आग्रह किया। जेलेंस्की ने कहा, "यूक्रेनियन को सिर्फ इसलिए नहीं मरना चाहिए क्योंकि किसी को यूक्रेन को आवश्यक हथियार सौंपने के लिए पर्याप्त साहस नहीं मिल रहा है। डर हमेशा आपको अपराध का साथी बनाता है।"
अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने कहा कि वह पिछले हफ्ते पुतिन को हटाने का आह्वान करने को लेकर "कोई माफी नहीं मांगेंगे"। उन्होंने कहा कि "मैं उस नैतिक आक्रोश को व्यक्त किया था जो मैंने महसूस किया।" एक रिपोर्टर द्वारा यह पूछे जाने पर कि क्या उन्हें यह कहने पर खेद है कि पुतिन को सत्ता में नहीं रहना चाहिए, बिडेन ने कहा, "मैं अपनी बात से पीछे नहीं हट रहा हूं। ... मैंने तब भी ऐसा नहीं कहा था, और न ही अब मैं नीति परिवर्तन की बात कर रहा हूं। मैं नैतिक आक्रोश व्यक्त कर रहा था जो मैंने महसूस किया और मैं इसके लिए माफी नहीं मांगूंगा।"
यूक्रेन के विदेश मंत्री दिमित्रो कुलेबा ने सोमवार को दोहराया कि इस सप्ताह रूस के साथ शांति वार्ता से पहले यूक्रेन का सबसे महत्वाकांक्षी लक्ष्य युद्धविराम के लिए सहमत होना है। उन्होंने कहा कि वार्ता में न्यूनतम कार्यक्रम मानवीय सहायता से जुड़े होंगे, और अधिकतम कार्यक्रम युद्धविराम के समझौते पर पहुंचना है। रूस और यूक्रेन के बीच ताजा शांति वार्ता तुर्की में मंगलवार से शुरू होने की संभावना है।
यूरोपीय आयोग ने सोमवार को यूरोपीय संघ के सदस्य देशों से 'गोल्डन पासपोर्ट योजना' को समाप्त करने की सिफारिश की। इसके साथ ही यह अनुरोध भी किया कि वे इस बात पर विचार करें कि क्रेमलिन से जुड़े कुलीन लोगों अथवा ऐसे लोगों को पूर्व में दिए गए नागरिकता संबंधी अधिकारों को समाप्त किया जाए, जिन्होंने यूक्रेन पर रूसी हमले को सही ठहराया है।
रूस के विदेश मंत्री सर्गी लैवरोव ने कहा है कि यूक्रेन के साथ संभावित समझौते के प्रमुख बिंदुओं पर स्पष्टता के बाद ही रूस और यूक्रेन के राष्ट्रपति बातचीत के लिए बैठक कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि सभी प्रमुख बिंदुओं के समाधान के लिए एक बार स्पष्टता होने के बाद ही बैठक हो सकेगी।