संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (यूएनएससी) में यूक्रेन संकट पर हो रही बैठक में अमेरिकी प्रतिनिधि ने कहा कि पिछले सप्ताह हमने रूसी प्रतिनिधि की अजीबोगरीब थ्योरी सुनी थीं। इस सप्ताह हम ऐसी बातें सुन रहे हैं, जिनके बारे में लगता है कि ये बाते उन्हें इंटरनेट के किसी अंधेरे कोने से भेजी गई हैं। अमेरीकी प्रतिनिधि ने कहा कि यूक्रेन के पास बायोलॉजिकल वेपन प्रोग्राम नहीं है। ऐसी प्रयोगशालाएं नहीं हैं, ये न रूस की सीमा के पास हैं न दुनिया में कहीं और। वहां केवल सार्वजनिक स्वास्थ्य केंद्र हैं। असल में रूस ने अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन कर बायोलॉजिकल हथियार बनाए हैं।
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर ने एक ट्वीट में बताया कि मैंने ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन से बात की है और रूस के खिलाफ युद्ध में मजबूत सहयोग के लिए ब्रिटिश सरकार का आभार जताया।
यूक्रेन के मानवाधिकार आयुक्त ल्युडमिला डेनिसोवा ने कहा है कि मारियुपोल के थिएटर के मलबे से अब तक 130 लोगों को निकाला जा चुका है। इस थिएटर पर रूस ने बुधवार को एयर स्ट्राइक कर दी थी। माना जा रहा है कि हमले के वक्त थिएयर में करीब 1300 लोगों ने शरण ले रखी थी।
यूक्रेन के विदेश मंत्री दिमित्रो कुलेबा ने बताया है कि मैंने यूरोपीय संघ के विदेश नीति प्रमुख जोसेप बोरेल से रूस के खिलाफ प्रतिबंधों के एक पैकेज पर बात की है। यूरोपीय ब्लॉक ने इस सप्ताह की शुरुआत में प्रतिबंधों के चौथे दौर को अनुमति दी थी। इसमें रूसी ऊर्जा क्षेत्र में निवेश, लग्जरी उत्पादों के निर्यात और रूस से स्टील उत्पादों के आयात पर प्रतिबंध शामिल हैं।
विश्व खाद्य कार्यक्रम (डब्ल्यूएफपी) के एक अधिकारी ने कहा है कि यूक्रेन में खाद्य आपूर्ति श्रंखला टूट रही है। यहां बुनियादी ढांचों का एक हिस्सा नष्ट हो चुका है और कई किराना स्टोर और वेयरहाउस खाली पड़े हुए हैं। यूक्रेन संकट के लिए डब्ल्यूईपी के आपातकालीन समन्वयक जेकब कर्न ने कहा कि मारियुपोल जैसे शहरों में आपूर्ति समाप्त हो रही है और मानवीय मदद के काफिले शहर तक नहीं पहुंच पा रहे हैं।
यूक्रेन की वायु सेना ने कहा है कि लवीव में एयरक्राफ्ट रिपेयर प्लांट पर ब्लैक सी की ओर से दागी गई मिसाइल से हमला हुआ था। इसने यह भी कहा कि दो और रूसी मिसाइलों को निशाने पर टकराने से पहले ही यूक्रेनी एंटी एयरक्राफ्ट डिफेंस ने मार गिराया था। हमले के समय रिपेयर प्लांट में काम नहीं चल रहा था।
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने आज जर्मनी के चांसलर ओलाफ स्कोल्ज से फोन पर बात की। इस दौरान पुतिन ने कहा कि कीव की ओर से रूस के साथ शांति वार्ता को टालने की कोशिशें की जा रही हैं, लेकिन मॉस्को वार्ता के लिए तत्पर है। पुतिन ने कहा कि कीव वार्ता की प्रक्रिया में देरी करने के हर संभव प्रयास कर रहा है।