अमेरिका के विदेश मंत्रालय ने बृहस्पतिवार को पुष्टि की कि रूस द्वारा यूक्रेनी शहर पर हुए हमले में मरने वालों लोगों में एक अमेरिकी नागरिक भी शामिल है। हालांकि मंत्रालय ने मारे गए अमेरिकी की पहचान अभी जाहिर नहीं की है। यह दूसरा अमेरिकी नागरिक है जो यूक्रेन युद्ध में मारा गया है। पिछले सप्ताह पत्रकार और फिल्मकार ब्रेंट रेनॉड की भी मौत हो गई थी। चर्नीहिव पुलिस ने फेसबुक पोस्ट में कहा कि शहर पर तोपों से भारी गोलाबारी की जा रही है और मारे गए आम लोगों में एक अमेरिकी नागरिक भी शामिल है।
तुर्की के विदेश मंत्री मेवलुत कावुसोग्लु ने आज अपने यूक्रेनी समकक्ष दिमित्रो कुलेबा से मुलाकात की। लवीव में हुई इस बैठक के बाद उन्होंने कहा कि हमें युद्ध विराम की मजबूत उम्मीद है। हमने मारियुपोल में मानवीय कॉरिडोर के प्रस्ताव पर चर्चा की जहां आवासीय इमारतों पर रूस ने एयर स्ट्राइक की है।
यूक्रेन के मारियुपोल में एक थिएटर पर रूसी बलों की बमबारी के बाद मलबे से लोगों के जिंदा बाहर निकलने की खबरें आ रही हैं। स्थानीय अधिकारियों के अनुसार ड्रामा थिएटर के बेसमेंट में सैकड़ों नागरिक मौजूद थे, जिन्हें बचाने के प्रयास किए जा रहे हैं। डोनेत्स्क क्षेत्र के पूर्व प्रमुख सर्हीय टारुटा ने फेसबुक पर बताया कि मलबे से लोग जिंदा बाहर निकल रहे हैं।
यूक्रेन के राष्ट्रपति के एक सलाहकार ने कहा है कि राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने 1991 में निर्धारित अंतरराष्ट्रीय सीमा को लेकर अपना रुख नहीं बदला है कि इसकी मान्यता जारी रहनी चाहिए। जेलेंस्की बार-बार कह चुके हैं कि यूक्रेन अपनी क्षेत्रीय अखंडता से समझौता नहीं करेगा।
यूक्रेन के रक्षा मंत्री ओलेक्सी रेजनिकोव ने वीडियोलिंक के माध्यम से यूरोपीय संसद के सदस्यों से विदेश मामलों की समिति और सुरक्षा व रक्षा उपसमिति पर बात की। यहां उन्होंने क्रेमलिन के साथ शांति वार्ताओं पर भी बात की। उन्होंने कहा कि हम किसी भी हाल में आत्मसमर्पण का विकल्प स्वीकार नहीं करेंगे। हमारे सशस्त्र बल विरोध करने के लिए तैयार हैं। इसलिए, हम कह सकते हैं कि वार्ता कमोबेश तकनीकी स्तर पर है।
रूस और यूक्रेन के बीच लगातार 22वें दिन भी जंग जारी है। इस युद्ध में रूस आए दिन यूक्रेन पर और अधिक हमलावर होता जा रहा है। वहीं इस संकट के बीच छह देशों ने यूक्रेन में मानवीय स्थिति पर चर्चा करने के लिए आज यूएनएससी की आपातकालीन बैठक बुलाई है। वहीं अंतरराष्ट्रीय अदालत ने रूस को आदेश दिया कि वह यूक्रेन पर तुरंत हमला बंद करे।