शुभांशु की यात्रा पर बोले सचिन- भारत के लिए गौरव का क्षण
भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला की प्रशंसा करते हुए क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर ने कहा कि यह भारत के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने कहा, हमें यह सुनिश्चित करना चाहिए कि भारत के हर कोने में हर बच्चा यह वीडियो देखे और ग्रुप कैप्टन शुक्ला और क्रू की यात्रा को देखे। युवा दिमाग की कल्पना को जगाने के लिए प्रेरणा से बढ़कर कुछ भी नहीं है।
अंतरिक्ष मिशन, विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में तरक्की कर रहा भारत
लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने आज उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद दौरे पर थे। उन्होंने महत्वाकांक्षी अंतरिक्ष परियोजना एक्सिओम-4 मिशन पर कहा, 'शुभांशु शुक्ला ने भारत के अंतरिक्ष मिशन को नई ऊंचाइयां दी हैं। भारत अंतरिक्ष मिशन, विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में प्रगति कर रहा है।
सुरक्षित वापसी के लिए प्रार्थना, भारतीयों के लिए प्रेरणा बनेंगे शुभांशु: अभिनेता आर माधवन
अभिनेता आर माधवन ने भी एक्सिओम-4 मिशन में शामिल चारों अंतरिक्ष यात्रियों को शुभकामनाएं दीं। उनकी सुरक्षित वापसी के लिए प्रार्थना करते हुए माधवन ने कहा, 'एक और भारतीय अंतरिक्ष में जा रहा है। सबसे पहले, मैं उसकी सुरक्षित वापसी के लिए प्रार्थना करना चाहूंगा। मुझे उम्मीद है कि वह सुरक्षित और स्वस्थ वापस आएगा। मुझे लगता है कि हमारे जैसे भारतीयों के लिए यह प्रेरणा है। हम अंतिम सीमा को पार करने और अंतरिक्ष में अपना नाम बनाने में सक्षम होंगे।
कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने दीं शुभकामनाएं
शुभांशु शुक्ल की अंतरिक्ष यात्रा को लेकर कांग्रेस सांसद थरूर ने कहा, 41 साल बाद किसी भारतीय को अंतरिक्ष में वापस देखकर गर्व का एहसास हो रहा है। ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला को बधाई। शुभांशु अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन में जाने वाले पहले भारतीय बनने की राह पर हैं। उन्हें और हंगरी, पोलैंड और अमेरिका के उनके साथी अंतरिक्ष यात्रियों को एक्सिओम-4 मिशन में कामयाबी और सुरक्षित घर वापसी के लिए शुभकामनाएं।
ओडिशा के पूर्व सीएम ने भी शुभकामनाएं दीं
बीजेडी अध्यक्ष और ओडिशा के पूर्व सीएम रहे नवीन पटनायक ने वायुसेना के ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला और Axiom-4 मिशन की पूरी टीम को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा, अमेरिका के फ्लोरिडा में कैनेडी स्पेस सेंटर से सफल प्रक्षेपण पर हार्दिक बधाई। पटनायक ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन की उनकी यात्रा देश के लिए एक ऐतिहासिक मील का पत्थर साबित होगी। इससे वैश्विक अंतरिक्ष अन्वेषण समुदाय में भारत की स्थिति मजबूत होगी। देश भर के अनगिनत युवाओं को प्रेरित करने के अलावा यह भविष्य में मानव अंतरिक्ष उड़ान की दिशा में भारत की संभावनाओं को मजबूत बनाएगा। शुभांशु सहित पूरी टीम को सुरक्षित और सफल यात्रा के लिए शुभकामनाएं।
विदेश मंत्री डॉ एस जयशंकर ने भी शुभांशु और अन्य अंतरिक्ष यात्रियों को दीं शुभकामनाएं
एक्सिओम-4 मिशन पर विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा, ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला के साथ पोलैंड, हंगरी और अमेरिका के अंतरिक्ष यात्री अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन रवाना हुए हैं। अंतरिक्ष यात्रियों को इस मिशन के लिए शुभकामनाएं।
रक्षा मंत्रालय ने भी शुभांशु को शुभकामनाएं दीं
अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी- नासा और इसरो के संयुक्त मिशन- एक्सिओम-4 को लेकर रक्षा मंत्रालय ने भी शुभकामनाएं दीं। एक्स हैंडल पर जारी एक संदेश में रक्षा मंत्रालय ने कहा, फ्लोरिडा के कैनेडी स्पेस सेंटर से यान के सफल प्रक्षेपण पर भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन सुभांशु शुक्ला समेत चार अंतरिक्ष यात्रियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर पहुंचने वाले पहले भारतीय के रूप में, ग्रुप कैप्टन शुक्ला की उपलब्धि उल्लेखनीय है। यह उनके साहस, दृढ़ संकल्प और समर्पण का प्रमाण है। एक्सिओम-4 मिशन के लिए यान का सफल प्रक्षेपण पूरे देश के लिए एक गौरवपूर्ण और ऐतिहासिक क्षण है।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने भी शुभांशु को शुभकामनाएं दीं
शुभांशु शुक्ला की अंतरिक्ष यात्रा को लेकर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने एक्सिओम-4 मिशन पर कहा कि शुभांशु शुक्ला ने नया मील का पत्थर स्थापित किया, पूरा देश एक भारतीय की अंतरिक्ष यात्रा से उत्साहित और गौरवान्वित है।
केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला द्वारा संचालित एक्सिओम के प्रक्षेपण पर कहा, "...यह भारत के विकसित भारत के शिखर पर पहुंचने का शंखनाद है।"
भारतीय वायुसेना ने ट्वीट किया, 'आसमान को जीतने से लेकर सितारों को छूने तक भारतीय वायुसेना के योद्धा की अदम्य भावना से प्रेरित एक यात्रा। ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला एक ऐतिहासिक अंतरिक्ष मिशन पर रवाना हुए, जो राष्ट्र के गौरव को पृथ्वी से परे ले जाएगा। यह भारत के लिए एक ऐसा क्षण है, जो स्क्वाड्रन लीडर राकेश शर्मा के मिशन के 41 साल बाद आया है, जिन्होंने पहली बार हमारे तिरंगे को पृथ्वी से परे ले जाया था। एक मिशन से कहीं अधिक होने के नाते, यह भारत के निरंतर विस्तारित क्षितिज की पुष्टि है।'
केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह, भारत में ऑस्ट्रेलियाई उच्चायुक्त फिलिप ग्रीन, दक्षिण ऑस्ट्रेलिया के गवर्नर फ्रांसेस एडमसन ए.सी. और अन्य लोग फ्लोरिडा, अमेरिका में नासा के कैनेडी स्पेस सेंटर से प्रक्षेपण पर जश्न मनाते देखे गए। इस मिशन का संचालन भारत के IAF ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला कर रहे हैं।
एक्सिओम-4 मिशन ने अंतरिक्ष के लिए उड़ान भरी
इतिहास रचने के लिए शुभांशु शुक्ला रवाना हो गए हैं। एक्सिओम-4 मिशन ने अंतरिक्ष के लिए उड़ान भर दी है। लॉन्चिंग के दौरान शुभांशु के माता-पिता की आंखों में आंसू थे। उन्होंने कहा कि पूरे देश को उन पर नाज है।
Axiom-4 मिशन लॉन्च पर जवाहरलाल नेहरू प्लेनेटेरियम के निदेशक डॉ. बीआर गुरुप्रसाद ने कहा कि यह बहुत महत्वपूर्ण है और सभी 140 करोड़ भारतीयों के लिए गर्व, खुशी और उत्साह की बात है क्योंकि शुभांशु इस मिशन में पायलट हैं। मिशन की कमांडर पैगी व्हिटसन हैं, जो नासा में व्यापक अनुभव वाली एक महिला हैं, जो अब एक निजी कंपनी AXIOM-4 में मानव अंतरिक्ष उड़ान निदेशक के रूप में काम कर रही हैं। अन्य दो चालक दल के सदस्य, पोलैंड से स्लावोज उज़्नान्स्की-विस्निएव्स्की और टिबोर हंगरी के कापू दोनों ही मिशन विशेषज्ञ हैं, यानी वे प्रयोग करते हैं। हालांकि, क्रू ड्रैगन अंतरिक्ष यान स्वचालित है, लेकिन पायलट और कमांडर के पास कई जिम्मेदारियां हैं।
तकनीकी खराबी की बात सामने आई
लॉन्च से पहले खबर आई कि एक्सिओम मिशन में कुछ खराबी आ गई है। हालांकि, उसे कुछ ही मिनटों में ठीक कर लिया गया।
गगनयान में होगा शुभांशु की इस यात्रा का लाभ
एक्सिओम मिशन 4 पर शुक्ला के अनुभव का इसरो के गगनयान अंतरिक्ष उड़ान मिशन में बहुत अच्छी तरह से उपयोग किया जाएगा। इसरो एक्सिओम-4 मिशन पर 550 करोड़ रुपये खर्च कर रहा है।
शुभांशु शुक्ला का वीडियो
प्रक्षेपण के लिए मौसम भी 90% अनुकूल
स्पेसएक्स ने बताया है कि मिशन के प्रक्षेपण के लिए मौसम अनुकूल दिख रहा है और सभी प्रणालियां अच्छी तरह से काम कर रही हैं। स्पेसएक्स ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि बुधवार को एक्सिओम स्पेस के एक्स-4 मिशन के प्रक्षेपण के लिए सभी प्रणालियां अच्छी दिख रही हैं। इसके अलावा प्रक्षेपण के लिए मौसम भी 90% अनुकूल है।
कब लॉन्च होगा मिशन?
एक्सिओम-4 मिशन अमेरिका के फ्लोरिडा में नासा के कैनेडी स्पेस सेंटर के लॉन्च कॉम्प्लेक्स 39ए से बुधवार को सुबह 2:31 बजे ईडीटी या दोपहर 12 बजे भारतीय समय पर लॉन्च किया जाएगा। भारत के ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला भी इस मिशन का हिस्सा हैं। वह इस दल में पायलट की भूमिका निभाएंगे। चालक दल फाल्कन 9 रॉकेट लॉन्च के बाद नए स्पेसएक्स ड्रैगन अंतरिक्ष यान के जरिए परिक्रमा प्रयोगशाला (orbiting laboratory) की यात्रा करेगा। लक्षित डॉकिंग समय गुरुवार को सुबह 7 बजे ईडीटी या शाम 4 बजे भारतीय समय के अनुसार है।
Shubhanshu Shukla NASA Axiom 4 Mission Launch News in Hindi: वायुसेना के ग्रुप कैप्टन व भारतीय अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला आज यानी बुधवार को इतिहास रचने को तैयार हैं। वह 41 वर्ष पहले लगातार आठ दिन पृथ्वी के चक्कर लगाने वाले राकेश शर्मा के बाद अंतरिक्ष में रवाना होने वाले दूसरे भारतीय होंगे। इससे पहले, अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा ने मंगलवार को घोषणा की कि भारतीय अंतरिक्ष यात्री ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला को अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (आईएसएस) ले जाने वाले एक्सिओम-4 मिशन के लिए प्रक्षेपण 25 जून को होगा।