फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Shinzo Abe Death News Live: नहीं रहे जापान के पूर्व पीएम शिंजो आबे, पीएम मोदी ने जताया दुख, भारत में राष्ट्रीय शोक का एलान

Fri, 08 Jul 2022 10:56 PM IST
प्रांजुल श्रीवास्तव वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, टोक्यो

खास बातें

Japan Ex PM Shinzo Abe Death News Update in Hindi: जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे का शुक्रवार को निधन हो गया। आबे पर आज सुबह ही हमला हुआ था। यह हमला उस वक्त हुआ जब नारा शहर में शिंजो आबे भाषण दे रहे थे। हमलावर ने पीछे से उन पर दो गोलियां दागीं, जिसके बाद शिंजो आबे जमीन पर गिर पड़े और उनके शरीर से खून बहता दिखाई दिया। 
विज्ञापन
शिंजो आबे को मारी गई गोली - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

लाइव अपडेट

12:08 AM, 09-Jul-2022

10 जुलाई को झुका रहेगा अमेरिका का झंडा

जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे के निधन पर अमेरिका ने भी शोक जताया। व्हाइट हाउस की ओर से जारी बयान के मुताबिक, शिंजो आबे के निधन पर शोक जताते हुए राष्ट्रपति जो बाइडन ने 10 जुलाई को अमेरिकी झंडे को आधा झुकाकर रखने का आदेश दिया है।

10:56 PM, 08-Jul-2022

शिंजो आबे की हत्या दुर्भाग्यपूर्ण: नीतीश
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे के निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। शिंजो आबे की गोली मारकर हत्या किए जाने की घटना को नीतीश ने दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा, भारत-जापान संबंधों को सुदृढ़ बनाने में आबे की बड़ी भूमिका रही है। वह काफी मिलनसार, लोकप्रिय थे और भारत के सच्चे मित्र रहे हैं। भारत से उनका विशेष लगाव था।

08:14 PM, 08-Jul-2022

नेपाल में कल राष्ट्रीय शोक
जापान के पूर्व प्रधानमंत्री के निधन पर नेपाल ने 9 जुलाई को एक दिन के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की।

विज्ञापन
07:45 PM, 08-Jul-2022

श्रीश्री रविशंकर ने शोक जताया
आबे के निधन पर श्रीश्री रविशंकर ने शोक जताया। उन्होंने कहा कि शिंजो आबे एक सच्चे साधक और आध्यात्मिकता के प्रशंसक थे। वे नियमित रूप से ध्यान और सुदर्शन क्रिया का अभ्यास किया। वह एक दशक से भी अधिक समय से हमारे साथ जुड़े हुए थे। उन्होंने प्राचीन और आधुनिक चीजों को एकसाथ लेकर चलने के लिए हमेशा काम किए। उनके व्यावहारिक नेतृत्व को याद किया जाएगा।

05:33 PM, 08-Jul-2022

जयशंकर ने शोक जताया
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने शुक्रवार को जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि यह जापान, भारत और दुनिया के लिए दुखद दिन है। जयशंकर ने ट्वीट किया कि जापान, भारत, दुनिया और व्यक्तिगत रूप से मेरे लिए दुखद दिन है।

विज्ञापन
05:31 PM, 08-Jul-2022

दलाई लामा ने भी किया याद
तिब्बती आध्यात्मिक गुरु दलाई लामा ने कहा कि मुझे यह सुनकर गहरा दुख हुआ है कि मेरे दोस्त शिंजो आबे (पूर्व जापानी पीएम) का आज सुबह एक हमले के बाद निधन हो गया। मैं उनके लिए प्रार्थना करता हूं और आपके और आपके परिवार के सदस्यों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं। मैंने उनकी मित्रता और हमारी समृद्ध बौद्ध सांस्कृतिक विरासत और पहचान को बनाए रखने के हमारे प्रयासों के समर्थन की बहुत सराहना की। आबे ने वास्तव में दूसरों की सेवा में एक सार्थक जीवन जिया।

05:07 PM, 08-Jul-2022

शाह ने व्यक्त की संवेदना
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे की हत्या पर उनके परिवार, अनुयायियों और जापान के लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

04:34 PM, 08-Jul-2022

सोनिया गांधी ने जताया दुख
कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे की हत्या पर दुख जताया। उन्होंनें कहा कि कई वर्षों तक आबे भारत के एक महान मित्र और शुभचिंतक रहे। उन्होंने हमारे दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों को विस्तार और गहरा करने के लिए बहुत कुछ किया। मुझे उनके साथ अपनी मुलाकात बहुत ही प्यार और स्पष्ट रूप से याद है। यह एक बहुत बड़ा दुर्भाग्य है जो जापान और वास्तव में पूरे अंतरराष्ट्रीय समुदाय पर पड़ा है। उनकी कमी खलेगी।

03:43 PM, 08-Jul-2022

राहुल ने आबे की हत्या पर दुख जताया
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे की हत्या पर दुख जताया। राहुल ने भारत-जापान संबंधों को मजबूती देने में उनके योगदान को याद किया। राहुल गांधी ने ट्वीट किया कि जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे के निधन से दुखी हूं। भारत और जापान के बीच रणनीतिक साझेदारी को मजबूत बनाने में उनकी भूमिका सराहनीय थी। वह हिंद-प्रशांत क्षेत्र में अपने पीछे एक मजबूत विरासत छोड़ गए हैं। मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और जापान की जनता के साथ हैं।

03:25 PM, 08-Jul-2022

पीएम मोदी ने आबे के साथ फोटो साझा की
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने टोक्यो में अपने प्रिय मित्र, शिंजो आबे के साथ अपनी सबसे हालिया मुलाकात से एक तस्वीर साझा की। प्रधानमंत्री ने कहा हमेशा भारत-जापान संबंधों को मजबूत करने के लिए भावुक, उन्होंने अभी-अभी जापान-भारत एसोसिएशन के अध्यक्ष के रूप में पदभार संभाला था।

03:24 PM, 08-Jul-2022

भारत ने एक करीबी दोस्त खो दिया: राजनाथ
जापान के पूर्व पीएम शिंजो आबे के निधन पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि भारत ने एक करीबी दोस्त खो दिया है जिसने भारत और जापान के बीच द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने की दिशा में काम किया।

03:23 PM, 08-Jul-2022

पीएम मोदी ने जताया दुख
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आबे भारत-जापान संबंधों को एक विशेष रणनीतिक और वैश्विक साझेदारी के स्तर तक ले जाने में बहुत बड़ा योगदान दिया। आज पूरा भारत जापान के साथ शोक मनाता है और हम इस कठिन क्षण में अपने जापानी भाइयों और बहनों के साथ एकजुटता से खड़े हैं।

02:59 PM, 08-Jul-2022

भारत में कल राष्ट्रीय शोक

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा है कि शिंजो आबे के प्रति हमारे दिल में गहरा सम्मान है, इसलिए कल भारत में एक दिन का राष्ट्रीय शोक रहेगा।

02:55 PM, 08-Jul-2022

पीएम मोदी ने जताया दुख

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शिंजो आबे के निधन पर शोक जताया है। उन्होंने ट्वीट में लिखा, मैं अपने सबसे प्यारे दोस्तों में से एक शिंजो आबे के दुखद निधन पर स्तब्ध और दुखी हूं। वह एक महान वैश्विक राजनेता, प्रशासक थे। उन्होंने जापान और दुनिया को एक बेहतर जगह बनाने के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया।'

02:25 PM, 08-Jul-2022

शिंजो आबे का निधन

जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे का निधन हो गया। आज सुबह ही उन पर हमला हुआ था। हमले के वक्त आबे नारा शहर में एक चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे। 

01:43 PM, 08-Jul-2022

घटना का नया वीडियो आया सामने

जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे को गोली मारने का नया वीडियो सामने आया है। इसमें हमलावर आबे पर पीछे से गोली चलाता दिखता है। इसके बाद धुआं ही धुआं दिखाई देता है। 

01:26 PM, 08-Jul-2022

हमलावर ने कबूल की हत्या के प्रयास की बात 

जापानी मीडिया के हवाले से सामने आई खबर के मुताबिक, शिंजो आबे पर हमले के आरोपी ने अपराध कबूल लिया है। उसने कहा है कि वह आबे की हत्या करना चाहता था। क्योंकि, वह उनसे असंतुष्ट था। 

12:37 PM, 08-Jul-2022

खराब होती जा रही आबे की हालत

जापानी मीडिया के हवाले से समाने आ रही खबरों के मुताबिक, शिंजो आबे की हालत लगातार बिगड़ती जा रही है। डॉक्टर उन्हें बचाने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं, इसके बावजूद उनमें कोई सुधार नहीं दिख रहा है। 

12:08 PM, 08-Jul-2022

मनमोहन सिंह ने की शिंजो आबे पर हुए हमले की निंदा

पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने भी शिंजो आबे पर हुए हमले की निंदा की है। उन्होंने कहा, मेरे मित्र पूर्व प्रधानमंत्री आबे पर हुए दुखद हमले से गहरा सदमा पहुंचा है। मेरी प्रार्थनाएं उनके और परिवार के साथ हैं। 

12:06 PM, 08-Jul-2022

पीएम मोदी ने की स्वस्थ होने की कामना

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ट्वीट भी सामने आया है। उन्होंने शिंजो आबे के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लिखा, मेरे प्यारे दोस्त शिंजो आबे पर हुए हमले से बहुत व्यथित हूं। हम सब की प्रार्थना उनके, उनके परिवार व जापान के लोगों के साथ हैं।

 



 

12:00 PM, 08-Jul-2022

समुद्री आत्मरक्षा बल का पूर्व सदस्य है हमलावर

जापान के सरकारी चैनल एनएचके के मुताबिक हमलावर की पहचान जापानी समुद्री आत्मरक्षा बल के पूर्व सदस्य के रूप में हुई है। पुलिस का कहना है कि बंदूकधारी ने स्वीकार किया कि उसने आबे को मारने की कोशिश की क्योंकि वह उनसे 'असंतुष्ट' था।

11:45 AM, 08-Jul-2022

हमले को बर्दाश्त नहीं किया जा सकता- फुमियो किशिदा

हमले के बाद जापान के प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा, मैं इस हमले की निंदा करता हूं। इस हमले को बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। उन्होंने आगे कहा, हम वह सब कुछ करेंगे जो हम कर सकते हैं। डॉक्टर उन्हें बचाने के लिए मेहनत कर रहे हैं। 

11:37 AM, 08-Jul-2022

घटना की बारीकी से निगरानी कर रहे- व्हाइट हाउस 

शिंजो आबे पर हमले के बाद व्हाइट हाउस का भी बयान सामने आया है। व्हाइट हाउस ने कहा, जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे पर हुए हमले की हम बारीकी से निगरानी कर रहे हैं। हम उनके परिवार व जापान के लोगों के साथ हैं। 
 

11:21 AM, 08-Jul-2022

प्रधानमंत्री मोदी ने किया ट्वीट

शिंजो आबे को गोली मारे जाने की खबर के बाद प्रधानमंत्री ने ट्वीट किया। उन्होंने लिखा, मेरे प्यारे दोस्त शिंजो आबे पर हुए हमले से बहुत व्यथित हूं। हम सब की प्रार्थना उनके, उनके परिवार व जापान के लोगों के साथ हैं। 

10:55 AM, 08-Jul-2022

समुद्री सेना का पूर्व सैनिक रहा है हमलावर

जापान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे पर हमला करने वाले संदिग्ध की पहचान हो गई है। 41 वर्षीय हमलावर का नाम यामागामी तेत्सुया है और वह जापान की समुद्री सेना का पूर्व सैनिक रहा है। 

10:27 AM, 08-Jul-2022

शिंजो आबे की दिल की धड़कने बंद 

न्यूज एजेंसी एपी ने जापान के एक अधिकारी के हवाले से बताया, जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे हमले के बाद वह सांस नहीं ले रहे थे। एयरलिफ्ट करते वक्त उनकी दिल की धड़कने भी बंद थी। वहीं हमले की सूचना के बाद जापान के प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा व अन्य कैबिनेट मंत्री टोक्यो लौट आए हैं। 

10:13 AM, 08-Jul-2022

जापान में बंदूक नियंत्रण के सख्त कानून लागू हैं

दुनिया के सबसे सुरक्षित देशों में से एक माने जाने वाले जापान में यह हमला हैरान करने वाला है। जापान में बंदूक नियंत्रण के सख्त कानून लागू हैं।
 

10:03 AM, 08-Jul-2022

एनएचके’ ने घटना का एक फुटेज प्रसारित किया है, जिसमें शिंजो आबे को सड़क पर गिरते हुए देखा जा सकता है और कई सुरक्षाकर्मी उनकी ओर भागते हुए देखे जा सकते हैं। आबे जब जमीन पर गिरे तो उन्होंने अपने सीने पर हाथ रखा हुआ था तथा उनकी कमीज पर खून लगा हुआ देखा गया। 
 

 

09:57 AM, 08-Jul-2022

शिंजो को दिल का दौरा भी पड़ा

 शिंजो आबे को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कुछ मीडया रिपोर्ट्स में यह बात भी सामने आई है कि गोली लगने के बाद शिंजो आबे को दिल का दौरा भी पड़ा। 

09:51 AM, 08-Jul-2022
शिंजो आबे पर हमला करने वाला गिरफ्तार - फोटो : सोशल मीडिया

हमलावर गिरफ्तार

शिंजो आबे पर हमला करने वाले ने गोली दागने के बाद भागने का प्रयास किया। हालांकि, मौके पर मौजूद सुरक्षा कर्मियों ने उसे पकड़ लिया। 

09:40 AM, 08-Jul-2022

Shinzo Abe Death News Live: नहीं रहे जापान के पूर्व पीएम शिंजो आबे, पीएम मोदी ने जताया दुख, भारत में राष्ट्रीय शोक का एलान

शिंजो आबे पर हमला उस वक्त हुआ जब वह नारा शहर में शिंजो आबे भाषण दे रहे थे। हमलावर ने पीछे से उन पर दो गोलियां दागीं, जिसके बाद शिंजो आबे जमीन पर गिर पड़े और उनके शरीर से खून बहता दिखाई दिया।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें