फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

SCO Summit: पीएम मोदी चीन दौरे और एससीओ सम्मेलन के बाद दिल्ली लौटे; रूसी राष्ट्रपति पुतिन से भी की मुलाकात

Mon, 01 Sep 2025 08:33 PM IST
बशु जैन वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, तियानजिन

खास बातें

PM Modi China Visit Live SCO Summit Updates: चीन के तियानजिन में हुआ शंघाई सहयोग संगठन का शिखर सम्मेलन समाप्त हो गया है। सम्मेलन के घोषणा पत्र में पहलगाम आतंकी हमले की निंदा की गई है। सम्मेलन में अपने उद्घाटन संबोधन में चीनी राष्ट्रपति जिनपिंग ने अमेरिका के आधिपत्यवाद पर सख्त संदेश दिया। वहीं पीएम मोदी ने आतंकवाद और संप्रभुता का मुद्दा प्रमुख तौर पर उठाया। राष्ट्रपति पुतिन से मुलाकात के बाद पीएम मोदी दिल्ली के लिए रवाना हो गए।
विज्ञापन
चीन दौरे के बाद भारत लौटे पीएम मोदी - फोटो : एएनआई वीडियो ग्रैब
विज्ञापन

लाइव अपडेट

08:25 PM, 01-Sep-2025

यात्रा समाप्त करके दिल्ली लौटे पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चीन और जापान की अपनी यात्रा समाप्त करके दिल्ली लौट आए हैं। जापान में प्रधानमंत्री ने 15वें भारत-जापान वार्षिक शिखर सम्मेलन में भाग लिया, जबकि चीन में पीएम मोदी शंघाई सहयोग संगठन (SCO) शिखर सम्मेलन में शामिल हुए। उन्होंने रूस के राष्ट्रपति और चीनी राष्ट्राध्यक्ष जिनपिंग के साथ द्विपक्षीय बैठकें भी कीं।

01:19 PM, 01-Sep-2025

दिल्ली के लिए रवाना हुए पीएम मोदी

पीएम मोदी अपना चीन का सफल दौरा पूरा कर दिल्ली के लिए रवाना हो गए हैं। दिल्ली रवाना होने से पहले पीएम मोदी ने रूसी राष्ट्रपति पुतिन के साथ द्विपक्षीय बैठक की। इस बैठक में यूक्रेन युद्ध को जल्द से जल्द समाप्त करने की अपील पीएम मोदी ने की और साथ ही भारत और रूस के रिश्तों को खास बताया। पीएम मोदी का चीन दौरा इसलिए खास रहा क्योंकि इस दौरे से भारत और चीन के रिश्तों में गरमाहट लौटी है और दोनों देश विवाद सुलझाने पर सहमत हुए। साथ ही एससीओ शिखर सम्मेलन के घोषणा पत्र में पहलगाम आतंकी हमले की कड़ी निंदा की गई, जो भारत की कूटनीतिक जीत है। अमेरिका के साथ टैरिफ विवाद के बीच पीएम मोदी के चीन दौरे पर पूरी दुनिया की निगाहें थीं।

12:29 PM, 01-Sep-2025

पुतिन बोले- भारत-रूस के संबंध बहुआयामी

रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने पीएम मोदी से कहा, 'आपसे मिलकर मुझे बहुत खुशी हुई। एससीओ वैश्विक दक्षिण और पूर्व के देशों को एकजुट करने के लिए एक मंच प्रदान करता है। 21 दिसंबर, 2025, भारत-रूस संबंधों को 'विशेष और विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक साझेदारी' के रूप में विकसित करने की 15वीं वर्षगांठ है। हमारे बीच बहुआयामी संबंध हैं। आज की बैठक से भारत-रूस संबंधों को महत्वपूर्ण बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। रूस और भारत के बीच बहुत अच्छे संबंध हैं।'

विज्ञापन
12:22 PM, 01-Sep-2025

पीएम मोदी ने कहा 'भारत और रूस हमेशा कठिन से कठिन परिस्थितियों में भी कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहे हैं। हमारा घनिष्ठ सहयोग न केवल दोनों देशों की जनता के लिए, बल्कि वैश्विक शांति, स्थिरता और समृद्धि के लिए भी महत्वपूर्ण है। हम यूक्रेन में चल रहे संघर्ष पर लगातार चर्चा करते रहे हैं। हम शांति के लिए हाल के सभी प्रयासों का स्वागत करते हैं। हमें उम्मीद है कि सभी पक्ष रचनात्मक रूप से आगे बढ़ेंगे।'

12:16 PM, 01-Sep-2025

'हमारी रूस के साथ विशेष साझेदारी'

पीएम मोदी ने राष्ट्रपति पुतिन से कहा कि 'मुझे हमेशा लगता है कि आपसे मिलना एक यादगार अनुभव रहा है। हमें कई विषयों पर जानकारी का आदान-प्रदान करने का अवसर मिला है। हम निरंतर संपर्क में रहे हैं। दोनों पक्षों के बीच नियमित रूप से कई उच्च-स्तरीय बैठकें हुई हैं। 140 करोड़ भारतीय इस वर्ष दिसंबर में होने वाले हमारे 23वें शिखर सम्मेलन के लिए आपका बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। यह हमारी विशेष और विशेषाधिकार प्राप्त साझेदारी की गहराई और व्यापकता को दर्शाता है।'

विज्ञापन
12:13 PM, 01-Sep-2025

पीएम मोदी ने पुतिन से कहा- जल्द से जल्द यूक्रेन युद्ध समाप्त करने का रास्ता खोजना होगा

चीन के तियानजिन में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ अपनी द्विपक्षीय बैठक के दौरान, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, 'हम यूक्रेन में चल रहे संघर्ष पर लगातार चर्चा कर रहे हैं। हम शांति के लिए हाल के सभी प्रयासों का स्वागत करते हैं। हमें उम्मीद है कि सभी पक्ष रचनात्मक रूप से आगे बढ़ेंगे। संघर्ष को जल्द से जल्द समाप्त करने और स्थायी शांति स्थापित करने का रास्ता खोजना होगा। यह पूरी मानवता का आह्वान है।'
 

11:58 AM, 01-Sep-2025

पीएम मोदी और पुतिन की बैठक शुरू

प्रधानमंत्री मोदी और रूसी राष्ट्रपति पुतिन के बीच द्विपक्षीय बैठक शुरू हो गई है। दोनों देशों के प्रतिनिधि भी बैठक में मौजूद हैं। इस बैठक में टैरिफ नीति और यूक्रेन संकट पर बातचीत हो सकती है। 

11:14 AM, 01-Sep-2025

घोषणापत्र में 'एक पृथ्वी, एक परिवार और एक भविष्य' की भावना होती है। सदस्य देशों ने वैज्ञानिक एवं तकनीकी उपलब्धियों और नवाचारों के क्षेत्र में सहयोग को गहरा करने में पांचवें एससीओ स्टार्टअप फोरम के परिणामों का स्वागत किया। सदस्य देशों ने एससीओ थिंक टैंक फोरम की 20वीं बैठक के आयोजन का उल्लेख किया। उन्होंने सांस्कृतिक और मानवीय आदान-प्रदान को मजबूत करने में भारतीय विश्व मामलों की परिषद में एससीओ अध्ययन केंद्र के योगदान का भी उल्लेख किया।'

11:01 AM, 01-Sep-2025

तियानजिन घोषणा पत्र में पहलगाम आतंकी हमले का जिक्र

शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) का घोषणापत्र जारी कर दिया गया है। खास बात ये है कि इस घोषणा पत्र में पहलगाम आतंकी हमले की कड़ी निंदा की गई है और हमले के दोषियों और प्रायोजकों को न्याय के कटघरे में लाने की प्रतिबद्धता जताई गई है। सदस्य देशों ने आतंकवाद, अलगाववाद और उग्रवाद के खिलाफ लड़ाई के प्रति अपनी दृढ़ प्रतिबद्धता की पुष्टि की। घोषणा पत्र में आतंकवादी, अलगाववादी और उग्रवादी समूहों को अपने फायदे के लिए इस्तेमाल करने के प्रयासों की निंदा की गई। घोषणापत्र में कहा गया है, 'सदस्य देश आतंकवाद के सभी रूपों और अभिव्यक्तियों की कड़ी निंदा करते हैं, इस बात पर बल देते हैं कि आतंकवाद के विरुद्ध लड़ाई में दोहरे मापदंड अस्वीकार्य हैं, और अंतरराष्ट्रीय समुदाय से आतंकवाद, जिसमें आतंकवादियों की सीमा पार गतिविधियां भी शामिल हैं, का मुकाबला करने का आह्वान करते हैं।'
 

10:34 AM, 01-Sep-2025

पुतिन ने यूक्रेन संकट के लिए पश्चिमी देशों को ठहराया जिम्मेदार

पुतिन ने कहा कि 'मैं अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के साथ अपनी अलास्का बैठक का विवरण द्विपक्षीय बैठकों के दौरान नेताओं को बताऊंगा। मैं मास्को के इस रुख को दोहराता हूं कि यूक्रेन में संकट किसी 'आक्रमण' के कारण नहीं, बल्कि कीव में पश्चिमी सहयोगियों द्वारा समर्थित तख्तापलट के परिणामस्वरूप उत्पन्न हुआ है। अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के साथ अलास्का शिखर सम्मेलन में बनी सहमति यूक्रेन में शांति का मार्ग प्रशस्त करती है।'

10:19 AM, 01-Sep-2025

पुतिन ने भारत-चीन को दिया धन्यवाद

एससीओ शिखर सम्मेलन में रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने भारत और चीन को धन्यवाद दिया और कहा कि यूक्रेन संकट को सुलझाने में इन दोनों देशों ने काफी प्रयास किए। 
 

09:59 AM, 01-Sep-2025

पीएम मोदी ने जोर-शोर से उठाया आतंकवाद का मुद्दा

पीएम मोदी ने आतंकवाद के मुद्दे पर कहा कि 'भारत पिछले चार दशकों से आतंकवाद का दंश झेल रहा है। हाल ही में, पहलगाम में हमने आतंकवाद का सबसे बुरा रूप देखा। मैं उन मित्र देशों के प्रति आभार व्यक्त करता हूं जो इस दुःख की घड़ी में हमारे साथ खड़े रहे। हमें साफ तौर पर और सर्वसम्मति से कहना होगा कि आतंकवाद पर कोई भी दोहरा मापदंड स्वीकार्य नहीं है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, 'यह हमला मानवता में विश्वास रखने वाले हर देश और व्यक्ति के लिए एक खुली चुनौती थी। ऐसे में यह सवाल उठना स्वाभाविक है कि क्या कुछ देशों द्वारा आतंकवाद का खुला समर्थन हमें स्वीकार्य हो सकता है। हमें हर रूप और रंग के आतंकवाद का सर्वसम्मति से विरोध करना होगा। मानवता के प्रति यह हमारा कर्तव्य है।'
 

प्रधानमंत्री ने कहा 'सुरक्षा, शांति और स्थिरता किसी भी देश के विकास का आधार होते हैं। लेकिन आतंकवाद, अलगाववाद और उग्रवाद इस राह में बड़ी चुनौतियां हैं। आतंकवाद सिर्फ़ एक देश की सुरक्षा के लिए ही नहीं, बल्कि पूरी मानवता के लिए एक साझा चुनौती है। कोई भी देश, कोई भी समाज, कोई भी नागरिक इससे खुद को सुरक्षित नहीं मान सकता। इसलिए, भारत ने आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में एकता पर ज़ोर दिया है। भारत ने संयुक्त सूचना अभियान का नेतृत्व करके अल-कायदा और उससे जुड़े आतंकवादी संगठनों से लड़ने की पहल की। हमने आतंकवाद के वित्तपोषण के खिलाफ आवाज़ उठाई।'
 
 

09:56 AM, 01-Sep-2025

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एससीओ सम्मेलन में अपने संबोधन में कहा, 'भारत का हमेशा से मानना रहा है कि मजबूत संपर्क न केवल व्यापार को बढ़ावा देता है, बल्कि विकास और विश्वास के द्वार भी खोलता है। इसी को ध्यान में रखते हुए, हम चाबहार बंदरगाह और अंतरराष्ट्रीय उत्तर-दक्षिण परिवहन गलियारे जैसी पहलों पर काम कर रहे हैं। इससे हमें अफगानिस्तान और मध्य पूर्व के साथ संपर्क बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। लेकिन संप्रभुता को दरकिनार करने वाला संपर्क विश्वास और अर्थ खो देता है।'
 

09:46 AM, 01-Sep-2025

पीएम मोदी बोले- 'संप्रभुता का सम्मान जरूरी'

प्रधानमंत्री मोदी ने एससीओ देशों के बीच कनेक्टिविटी बढ़ाने पर जोर दिया। पीएम मोदी ने कहा कि कनेक्टिविटी को बेहतर करना आज के समय की जरूरत है, लेकिन साथ ही संप्रभुता का सम्मान भी जरूरी है। माना जा रहा है कि पीएम मोदी ने इशारों-इशारों में चीन को साफ कह दिया है कि भारत संप्रभुता के मामले में कोई समझौता नहीं करेगा। दरअसल चीन बेल्ट एंड रोड इनीशिएटिव के जरिए एससीओ देशों में संपर्क मजबूत कर रहा है। भारत इसका हिस्सा नहीं है। चीन और पाकिस्तान के बीच कनेक्टिविटी के लिए जो बुनियादी ढांचा बनाया जा रहा है, उसमें पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर का भी हिस्सा आता है, जिस पर भारत को आपत्ति है। पीओके भारत का हिस्सा है और चीन द्वारा वहां सड़कों के निर्माण पर भारत ने आपत्ति जताई थी। 

09:40 AM, 01-Sep-2025

'एससीओ के सदस्य के रूप में भारत ने सकारात्मक भूमिका निभाई'

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चीन के तियानजिन में शंघाई सहयोग परिषद (एससीओ) के शिखर सम्मेलन में दिए अपने संबोधन में कहा कि 'मुझे एससीओ शिखर सम्मेलन में भाग लेकर खुशी हो रही है। मैं राष्ट्रपति शी जिनपिंग को हमारे भव्य स्वागत के लिए धन्यवाद देना चाहता हूं। आज उज्बेकिस्तान का स्वतंत्रता दिवस है, मैं उन्हें भी बधाई देता हूं।' पीएम मोदी ने कहा कि 'एससीओ के सदस्य के रूप में भारत ने अत्यंत सकारात्मक भूमिका निभाई है। एससीओ के लिए भारत का दृष्टिकोण और नीति तीन महत्वपूर्ण स्तंभों पर आधारित है: एस - सुरक्षा, सी - कनेक्टिविटी और ओ - अवसर।
 

09:33 AM, 01-Sep-2025

जिनपिंग बोले- 'आधिपत्यवाद और सत्ता की राजनीति का विरोध करते हैं'

चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने कहा, 'हमने कानून प्रवर्तन और सुरक्षा सहयोग को लगातार बढ़ावा दिया, मतभेदों को उचित ढंग से सुलझाया, बाहरी हस्तक्षेप का स्पष्ट रूप से विरोध किया और क्षेत्र में शांति और स्थिरता बनाए रखी। हम बेल्ट एंड रोड सहयोग शुरू करने वाले पहले देश थे। हम हमेशा अंतरराष्ट्रीय निष्पक्षता और न्याय के पक्ष में खड़े हैं, सभ्यताओं के बीच समावेशिता और आपसी सीख के हिमायती हैं, और आधिपत्यवाद और सत्ता की राजनीति का विरोध करते हैं।'
 

09:29 AM, 01-Sep-2025

'एससीओ, पारस्परिक विश्वास, पारस्परिक लाभ, समानता वाला संगठन'

तियानजिन में एससीओ सदस्य सत्र में अपने उद्घाटन भाषण में, चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने कहा, '24 साल पहले, जब एससीओ का गठन हुआ था, तभी से यह संगठन पारस्परिक विश्वास, पारस्परिक लाभ, समानता, परामर्श, सभ्यताओं की विविधता के प्रति सम्मान और साझा विकास की खोज पर आधारित है। हम अपने सीमावर्ती क्षेत्रों में सैन्य विश्वास-निर्माण तंत्र स्थापित करने वाले पहले देश थे, जिसने हमारी विस्तृत सीमाओं को मित्रता, पारस्परिक विश्वास और सहयोग के बंधन में बदल दिया। हम आतंकवाद, अलगाववाद और उग्रवाद की तीन शक्तियों के विरुद्ध बहुपक्षीय कार्रवाई करने वाले पहले देश थे। हमने कानून प्रवर्तन और सुरक्षा सहयोग को लगातार बढ़ावा दिया।'
 

09:21 AM, 01-Sep-2025

पीएम मोदी ने शिखर सम्मेलन को किया संबोधित

एससीओ शिखर सम्मेलन को पीएम मोदी ने संबोधित किया। अपने संबोधन में पीएम मोदी ने आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में एकजुटता की अपील की। 

09:07 AM, 01-Sep-2025

'एससीओ, वैश्विक दक्षिण और यूरेशियन तथा हिंद-प्रशांत क्षेत्रों के प्रमुख सदस्यों का दृष्टिकोण दे सकता है'

पूर्व विदेश सचिव शशांक ने तियानजिन एससीओ शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री मोदी और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग की मुलाकात पर कहा 'एससीओ, वैश्विक दक्षिण और यूरेशियन तथा हिंद-प्रशांत क्षेत्रों के प्रमुख सदस्यों का दृष्टिकोण प्रदान कर सकता है, जो महत्वपूर्ण है। हालांकि प्राथमिकताएं होनी चाहिए, पहली, आतंकवाद पर लगाम लगाना और दूसरी, भविष्य के लिए बुनियादी ढांचे और कनेक्टिविटी का निर्माण करना।'

08:41 AM, 01-Sep-2025

एससीओ बैठक जारी, सामने आया वीडियो

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग, रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और अन्य राष्ट्राध्यक्ष/शासनाध्यक्ष चीन के तियानजिन में शंघाई सहयोग परिषद (एससीओ) सदस्य सत्र में भाग लेते हुए।
 

08:16 AM, 01-Sep-2025

पीएम मोदी ने किया ट्वीट

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट किया, 'तियानजिन में बातचीत जारी! एससीओ शिखर सम्मेलन के दौरान राष्ट्रपति पुतिन और राष्ट्रपति शी के साथ विचारों का आदान-प्रदान।'

पीएम मोदी ने एक अन्य ट्वीट में रूसी राष्ट्रपति से मुलाकात को लेकर लिखा, 'राष्ट्रपति पुतिन से मिलकर मुझे हमेशा खुशी होती है!'
 
 

07:58 AM, 01-Sep-2025

एससीओ शिखर सम्मेलन शुरू

एससीओ शिखर सम्मेलन की बैठक शुरू हो गई है। बैठक से पहले पीएम मोदी और रूसी राष्ट्रपति पुतिन चर्चा करते दिखाई दिए।
 

07:50 AM, 01-Sep-2025

शिखर सम्मेलन के लिए राष्ट्राध्यक्षों का बैठक स्थल पहुंचना शुरू

25वें एससीओ शिखर सम्मेलन के लिए विभिन्न राष्ट्राध्यक्ष चीन के तियानजिन में मौजूद हैं। आज राष्ट्राध्यक्षों की बैठक होनी है, जिसके लिए नेताओं का बैठक स्थल पहुंचना शुरू हो गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शिखर सम्मेलन के पूर्ण सत्र को संबोधित करेंगे।
 

06:01 AM, 01-Sep-2025

जिनपिंग की खास कार होंगची में सफर कर रहे मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने अपनी पसंदीदा कार होंगची-5 मुहैया कराई है। जिनपिंग अपनी यात्राओं के दौरान इसी कार का इस्तेमाल करते हैं। जिनपिंग 2019 में जब भारत दौरे पर आए थे, तब उन्होंने इसी कार का इस्तेमाल किया था।

06:01 AM, 01-Sep-2025

दुनियाभर के नेता आज करेंगे वैश्विक मुद्दों पर मंथन
शिखर सम्मेलन में परस्पर संवाद का मुख्य आयोजन सोमवार को होगा, जिसमें 10 सदस्य देशों के साथ ही आमंत्रित वैश्विक नेता तमाम अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर अपनी-अपनी बात रखेंगे। चीन ने इस बार सदस्य देशों के अलावा 20 विदेशी नेताओं और संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस सहित 10 अंतरराष्ट्रीय संगठनों के प्रमुखों को आमंत्रित किया है।

06:00 AM, 01-Sep-2025

मोदी के भाषण पर टिकीं नजरें
एससीओ शिखर सम्मेलन में पीएम मोदी के भाषण पर दुनियाभर की उत्सुकता से नजरें टिकी हुई हैं। इस सम्मेलन से सदस्य देशों के संबंधों के लिए एक नया रोडमैप तैयार होने की व्यापक उम्मीद है। प्रमुख उभरते बाजारों और चीन, रूस और भारत जैसे विकासशील देशों के साथ एससीओ दुनिया की लगभग आधी आबादी और वैश्विक अर्थव्यवस्था के एक-चौथाई हिस्से का प्रतिनिधित्व करता है। सदस्य देशों से अगले दशक के लिए संगठन की विकास रणनीति सहित प्रमुख दस्तावेज को अपनाने की उम्मीद है।
 

05:49 AM, 01-Sep-2025

SCO Summit: पीएम मोदी चीन दौरे और एससीओ सम्मेलन के बाद दिल्ली लौटे; रूसी राष्ट्रपति पुतिन से भी की मुलाकात

चीन के तियानजिन में हो रहे शंघाई सहयोग संगठन के शिखर सम्मेलन का मुख्य आयोजन सोमवार को होगा। इस दौरान 10 सदस्य देशों के साथ ही आमंत्रित वैश्विक नेता तमाम अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर अपनी-अपनी बात रखेंगे। इसके अलावा पीएम नरेंद्र मोदी और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की शिखर सम्मेलन से इतर मुलाकात होगी। दोनों नेताओं के बीच यू्क्रेन संघर्ष और ट्रंप के टैरिफ को लेकर चर्चा हो सकती है। वहीं एससीओ शिखर सम्मेलन में पीएम मोदी संबोधन देंगे।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें