पोलैंड के वारसॉ में स्थित भारतीय दूतावास के एक ट्वीट के अनुसार, 437 भारतीय नागरिकों और एक बांग्लादेशी नागरिक के साथ दो और उड़ानें आज पोलैंड से दिल्ली के लिए रवाना हुई हैं।
विश्व बैंक ने रूस और उसके सहयोगी देश बेलारूस में अपनी सभी परियोजनाओं पर रोक लगा दी है।
संयुक्त राष्ट्र महासभा (यूएनजीए) ने एक प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है जिसमें रूस से यूक्रेन में युद्ध को रोकने और सभी सैनिकों को वापस लेने की मांग की गई है।
इस प्रस्ताव के पक्ष में 141 वोट पड़े और 35 देशों ने मतदान से दूरी बनाई, इनमें भारत भी शामिल रहा। वहीं, पांच देशों ने प्रस्ताव के खिलाफ वोट किया।
रूस के खिलाफ यूक्रेन की मदद के लिए स्पेन भी सामने आया है। खबरों के मुताबिक, स्पेन के प्रधानमंत्री ने कहा है कि रूस के खिलाफ जंग में वह यूक्रेन को सैन्य उपकरण भेजेंगे।
यूक्रेन के खरसन शहर को रूस ने चारों ओर से घेर लिया है। खरसन के मेयर ने बताया कि, खरसन शहर की सीमाओं पर रूसी सैनिक तैनात हो गए हैं।
रूस-यूक्रेन की जंग के बीच राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा है कि, यूक्रेन की सेना ने छह दिन में छह हजार से ज्यादा रूसी सैनिकों को मार गिराया है।
खारकीव में एयरट्रूपर्स उतारने के बाद रूसी सेना ने हमले तेज कर दिए हैं। अस्पताल पर हमले के बाद खारकीव से एक और बड़े धमाके की खबरे सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि, इस हमले में 21 लोगों की मौत हो गई, वहीं 112 लोग घायल हुए हैं।
कीव पर कब्जे को लेकर छिड़ी जंग में यूक्रेन से बड़ी संख्या में पलायन हो रहा है। राजधानी कीव से सामने आईं ट्रेनों में भीड़ की तस्वीर डराने वाली हैं। इस बीच सामने आई रिपोर्ट्स के मुताबिक, अब तक करीब सात लाख से ज्यादा लोग यूक्रेन छोड़कर पड़ोसी देशों में रहने लगे हैं। यह संख्या और भी ज्यादा बढ़ सकती है।
यूक्रेन में फंसे भारतीय छात्रों की वतन वापसी के लिए भारतीय वायु सेना के लिए दो विमान रोमानिया और हंगरी के लिए रवाना हो गए। इन दोनों विमानों ने हिंडन एयरबेस से उड़ान भरी।
रूस ने यूक्रेन के दूसरे सबसे बड़े शहर पर हमले तेज कर दिए हैं। यहां पर रूस ने अपने एयरट्रूपर्स को उतारा है। अब खबर आ रही है कि इन एयरट्रूपर्स ने एक अस्पताल पर हमला बोल दिया है। जानकारी के मुताबिक, रूसी और यूक्रेनी सैनिकों के बीच जंग जारी है।
यूक्रेन में फंसे भारतीय छात्रों को लाने के लिए एक सी-17 ग्लोबमास्टर आज सुबह चार बजे रोमानिया रवाना हो गया। वायु सेना ने बताया कि पोलैंड, हंगरी और रोमानिया के लिए वायु सेना के तीन और विमान आज रवाना होंगे। इसके अलावा यूक्रेन में टेंट, कंबल और अन्य मानवीय सहायता ले जा रहे भारतीय वायु सेना के विमान शीघ्र ही हिंडन एयरबेस से उड़ान भरेंगे।
रूस की ओर से यूक्रेन की दूसरे सबसे बड़े शहर खारकीव में जंग तेज कर दी गई है। यूक्रेनी सेना की ओर से पुष्टि की गई है कि रूस ने खारकीव में हेलीकॉप्टर से अपने सैनिकों को उतारा है।