फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ukraine Russia War Live: रूस ने कुछ देशों से आयात-निर्यात रोका, रूसी सेना ने नष्ट कर दिए यूक्रेन के 61 अस्पताल

Wed, 09 Mar 2022 06:44 AM IST
प्रांजुल श्रीवास्तव वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, कीव/मास्को/ वाशिंगटन

खास बातें

Russia and Ukraine War Reason, Ceasefire News Update: यूक्रेन में रूसी सेना के हमले मंगलवार को 13वें दिन भी जारी रहे। यूक्रेन के स्वास्थ्य मंत्री विक्टर ल्याशको का कहना है कि रूस ने यूक्रेन के 61 अस्पतालों को नष्ट कर दिया है। साथ ही राष्ट्रपति जेलेंस्की ने कहा कि दुनिया रूस के भविष्य में विश्वास नहीं करती है, इसके बारे में बात नहीं करती है।
विज्ञापन
व्लादिमीर पुतिन - फोटो : पीटीआई
विज्ञापन

लाइव अपडेट

05:12 AM, 09-Mar-2022

दुनिया रूस के भविष्य में विश्वास नहीं करती: जेलेंस्की

कीव इंडिपेंडेंट ने यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की के हवाले से कहा कि दुनिया रूस के भविष्य में विश्वास नहीं करती है, इसके बारे में बात नहीं करती है। वे हमारे बारे में बात करते हैं, वे हमारी मदद कर रहे हैं। दुनिया हमें समर्थन करने के लिए तैयार हैं।

03:22 AM, 09-Mar-2022

रूस ने विदेशी मुद्राओं की बिक्री पर लगाई रोक

एएफपी न्यूज एजेंसी ने सेंट्रल बैंक के हवाले से कहा कि रूस ने नौ सितंबर तक विदेशी मुद्राओं की बिक्री पर रोक लगाई।

02:42 AM, 09-Mar-2022

रूस ने कर दिए यूक्रेन के 61 अस्पताल नष्ट

13वें दिन भी रूस और यूक्रेन के बीच जारी है। यूक्रेन के स्वास्थ्य मंत्री विक्टर ल्याशको का कहना है कि रूसी सेना ने इमारतों और चिकित्सा उपकरणों को नुकसान पहुंचाया है। कीव इंडिपेंडेंट की रिपोर्ट के मुताबिक रूस ने यूक्रेन के 61 अस्पतालों को नष्ट कर दिया है।

विज्ञापन
01:59 AM, 09-Mar-2022

पुतिन ने लगाई कुछ देशों में कच्चे माल के आयात और निर्यात पर रोक

रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कुछ देशों में उत्पादों और कच्चे माल के आयात और निर्यात पर रोक लगाने वाले एक आधिकारिक आदेश पर हस्ताक्षर किए हैं।

01:01 AM, 09-Mar-2022

सभी भारतीय यूक्रेन के सूमी से निकले

विदेश मंत्रालय ने मंगलवार को जानकारी दी कि युद्धग्रस्त यूक्रेन के सूमी शहर में फंसे सभी भारतीय छात्रों को बाहर निकाल लिया गया है और ऑपरेशन गंगा के तहत उन्हें स्वदेश वापस लाने के लिए उड़ानें तैयार की जा रही हैं। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने कहा कि सुमी से बाहर निकाले गए भारतीय छात्रों को पोल्टावा ले जाया जा रहा है, जहां से वे पश्चिमी यूक्रेन के लिए ट्रेनों में सवार होंगे। पोल्टावा सुमी से लगभग 175 किमी की दूरी पर है।

विज्ञापन
12:45 AM, 09-Mar-2022

अमेरिका ने यूक्रेन को एक अरब डॉलर से ज्यादा की सहायता दी

अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने ट्वीट किया कि हमने यूक्रेन को एक अरब डॉलर से अधिक की सुरक्षा सहायता प्रदान की है। साथ ही राष्ट्रपति बाइडन ने यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोडिमिर जेलेंस्की के साथ जमीनी स्थिति पर चर्चा की और यूक्रेनी लोगों के लिए अमेरिकी समर्थन जारी रखने पर बात की।

11:50 PM, 08-Mar-2022

मैकडॉनल्ड्स रूस में सभी रेस्तरां करेगा बंद

मैकडॉनल्ड्स ने कहा है कि वह रूस में अपने सभी रेस्तरां बंद कर रहे हैं।

10:52 PM, 08-Mar-2022

ब्रिटिश सांसदों से बोले जेलेंस्की, हम अपना देश नहीं खोना चाहते

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने हाउस ऑफ कॉमंस में ब्रिटिश सांसदों को संबोधित किया। यहां उन्होंने कहा कि यूक्रेनी अपना देश नहीं खोना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि जिस तरह नाजियों के हमले के दौरान ब्रिटिश अपना देश नहीं खोना चाहते थे वैसे ही हम भी अपना देश नहीं खोना चाहते हैं।

 

10:07 PM, 08-Mar-2022

ब्रिटेन इस साल के अंत तक खत्म करेगा रूस से गैस आयात

अमेरिका ने बड़ा फैसला लेते हुए रूस से तेल, गैस और ऊर्जा का आयात बंद कर दिया है। इस बीच ब्रिटेन की सरकार ने कहा है कि हम इस साल के अंत तक रूस से तेल आयात समाप्त कर देंगे। ब्रिटेन के कारोबार मंत्री क्वासी क्वार्टेंग ने कहा कि हम रूसी गैस आयात को समाप्त करने के लिए विकल्पों पर नजर डाल रहे हैं। ब्रिटेन में गैस आयात में रूस की हिस्सेदारी करीब चार फीसदी है।

09:56 PM, 08-Mar-2022

नीदरलैंड्स के प्रधानमंत्री से की पीएम मोदी ने बात

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज नीदरलैंड्स के अपने समकक्ष मार्क रूट से फोन पर बात की। इस दौरान दोनों नेताओं ने यूक्रेन संकट पर चर्चा की। पीएम मोदी ने यूक्रेन में सैन्य कार्रवाई पर रोक लगाने और वार्ता व कूटनीति के जरिए समाधार ढूंढने की अपील दोहराई। पीएम मोदी ने रूट को यूक्रेन से भारतीय छात्रों की निकासी को लेकर भी जानकारी दी।

09:45 PM, 08-Mar-2022

यूक्रेन में दो से चार हजार रूसी सैनिक मारे गए: पेंटागन

पेंटागन के अनुसार यूक्रेन पर रूस के हमले की शुरुआत के बाद से 2000 से 4000 रूसी सैनिक मारे जा चुके हैं।

09:33 PM, 08-Mar-2022

माइकोलाइव में तीन की मौत दो घायल

यूक्रेन की मीडिया ने दावा किया है कि आज माइकोलाइव क्षेत्र में रूस की सेना ने एक माइक्रोबस पर गोलीबारी कर दी। इस माइक्रोबस में एक अनाथालय के कर्मचारी सवार थे। इसमें तीन शिक्षकों की मौत हो गई और दो लोग घायल हुए हैं।

09:21 PM, 08-Mar-2022

अमेरिका में गैसोलीन की कीमतों में रिकॉर्ड इजाफा

रूस से तेल और गैस का आयात खत्म करने की तैयारी के बीच अमेरिका में एक गैलन गैसोलीन की औसत कीमत 4.17 डॉलर (321.73 रुपये) की रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गई है।

09:10 PM, 08-Mar-2022

नाटो की सदस्यता के लिए स्वीडन का आयोजन अस्थिरता लाएगा

स्वीडन की प्रधानमंत्री मैग्लडालेना एंडरसन ने कहा कि इस समय नाटो (उत्तरी अटलांटिक संधि संगठन) की सदस्यता के लिए आवेदन करने से यूरोप में वर्तमान सुरक्षा स्थिति अस्थिर हो सकती है। उन्होंने कहा कि अगर हम इस समय नाटो से जुड़ने के लिए आवेदन करते हैं को यह क्षेत्र में सुरक्षा संबंधी अस्थिरता बढ़ाएगा और इससे चिंताओं में भी इजाफा होगा।

08:57 PM, 08-Mar-2022

रूसी गैस पर निर्भरता खत्म करने की तैयारी में ईयू

यूरोपीय आयोग ने कहा है कि यूरोपीय संघ (ईयू) इस साल रूसी गैस पर अपनी निर्भरता को दो तिहाई तक कम कर सकता है और ईंधन के लिए रूसी आपूर्ति साल 2020 से पहले समाप्त कर सकता है। एनर्जी ट्रांजिशन पर आयोग के उपाध्यक्ष फ्रांस टिमरमैंस ने कहा है कि अपने ऊर्जा विकल्पों में ईयू को और स्वतंत्र होने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि ईयू को रूसी गैस पर अपनी निर्भरता को खत्म करना चाहिए।

08:49 PM, 08-Mar-2022

खारकीव और इरपिन में रूस ने आत्मसमर्पण करने को कहा

कीवपोस्ट की एक रिपोर्ट के अनुसार रूसी बलों ने खारकीव और इरपिन शहर के प्रमुखों को आत्मसमर्पण करने के लिए कहा है।

08:33 PM, 08-Mar-2022

नया रूस प्रभावी क्षेत्र बनाना चाहते हैं पुतिन: जॉनसन

चेक गणराज्य, स्लोवाकिया, हंगरी और पोलैंड के नेताओं के साथ एक बैठक में ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने कहा है कि अगर जरूरत पड़ती है तो हम पोलैंड को और सैन्य सहयोग बढ़ाने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि ब्रिटेन पोलैंड के साथ खड़ा है। 

08:17 PM, 08-Mar-2022

रूसी तेल-गैस आयात पर रोक संबंधी एलान कर सकता है ब्रिटेन

ब्रिटेन की सरकार आज दोपहर बाद चार बजे (भारतीय समयानुसार रात 9.30 बजे) इस बात का एलान कर सकती है कि वह रूसी तेल और गैस आयात पर रोक लगाने की तैयारी किस तरह कर रही है। 

07:52 PM, 08-Mar-2022

केएफसी और पिज्जा हट ने बंद किया रूस में निवेश

केएफसी और पिज्जा हट ने रूस में निवेश करना बंद करने का फैसला किया है और यूक्रेन को मदद उपलब्ध कराने का वादा किया है।

07:41 PM, 08-Mar-2022

रूसी नागरिकों का प्रदर्शन जारी

यूक्रेन पर हमले के लिए रूस की आचोलन बाकी दुनिया में ही नहीं हो रही है, रूसी नागरिक भी इसका विरोध कर रहे हैं। रूस के लोग तुरंत गिरफ्तारी की धमकी के बाद भी शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन कर रहे हैं।

07:33 PM, 08-Mar-2022

इरपिन में सुरक्षित स्थानों पर जाते नागरिक

यूक्रेन की राजधानी कीव के पास स्थित इरपिन में नागरिक रूस की बमबारी और गोलाबारी से बचने के लिए सुरक्षित स्थानों का रुख कर रहे हैं।
 

07:17 PM, 08-Mar-2022

रूस से तेल का आयात बंद करेगा अमेरिका

यूक्रेन पर हमला कर रहे रूस के खिलाफ प्रतिबंधों को और सख्त करते हुए अमेरिका ने रूस से तेल आयात को खत्म करने का फैसला लिया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन जल्द ही इसका एलान कर सकते हैं।

07:12 PM, 08-Mar-2022

यूक्रेन में फंसे चीनी छात्रों ने की अपनी सरकार की आलोचना

युद्ध ग्रस्त देश यूक्रेन में फंसे चीन के कुछ नागरिकों ने अपनी निकासी के लिए कोई खास प्रयास न करने पर चीनी सरकार की आलोचना की है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार कुछ चीनी छात्र यहां बम शेल्टरों में शरण लिए हुए हैं। इन्होंने रूस की ओर से हमले की शुरुआत के बाद ही चीनी दूतावास से संपर्क किया था, लेकिन अभी तक उन्हें कुछ मदद मिल नहीं पाई है। 

06:57 PM, 08-Mar-2022

सुमी से निकले भारतीयों की वापसी के लिए हो रहीं तैयारियां

यूक्रेन में भारतीय दूतावास के अनुसार सुमी में फंसे सभी भारतीय नागरिकों को वहां से निकाल लिया गया है। भारतीय विदेश मंत्रालय ने इसे लेकर बताया है कि इन नागरिकों को घर लाने के लिए ऑपरेशन गंगा के तहत उड़ानों की तैयारी की जा रही है।

06:38 PM, 08-Mar-2022

ब्रिटिश लेखिका ने यूक्रेन के बच्चों के लिए दिए एक करोड़ पाउंड

ब्रिटिश लेखिका जोएन रोलिंग ने युद्ध का सामना कर रहे यूक्रेन के बच्चों की मदद के लिए एक करोड़ पाउंड (लगभग 100 करोड़ 96 लाख 14 हजार 452 रुपये) की राशि दान की है। यह जानकारी कीवपोस्ट ने साझा की है।

06:13 PM, 08-Mar-2022

यूक्रेन की ईयू सदस्यता पर जल्द हो सकता है फैसला

यूरोपीय संघ (ईयू) की सदस्यता के लिए यूक्रेन की ओर से किए गए आवेदन पर 10-11 मार्च को फैसला लिया जा सकता है। कीवपोस्ट ने यह जानकारी दी है। आवेदन करते समय रूस के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने यूरोपीय संसद में जोरदार भाषण दिया था और सदस्यों ने उनके लिए खड़े होकर तालियां बजाई थीं। 

06:06 PM, 08-Mar-2022

यूक्रेन की अपील, अंतरराष्ट्रीय कंपनियां रूस में काम बंद करें

यूक्रेन के विदेश मंत्री दिमित्रो कुलेबा ने अंतरराष्ट्रीय कंपनियों से अपील की है कि वह रूस में अपनी गतिविधियां रोक दें। कुलेबा ने ट्विटर पर जारी एक पत्र में कहा कि मैं आपसे और आपके संगठनों से अपील करता हूं कि वह नैतिक और सामाजिक रूप से जिम्मेदार कारोबारों में शामिल हों, जो पहले ही रूस में अपना काम रोक चुके हैं। ऐसा करके आप रूस की ओर से की जा रही हिंसा और मानवीय अपराधों अपनी ओर से की जा रही मदद रोक पाएंगे। बता दें कि एपल, जारा, कोकाकोला और मैकडोनाल्ड्स जैसी कंपनियां रूस में अपना काम बंद कर चुकी हैं।

06:00 PM, 08-Mar-2022

वायु सेना ने पहुंचाई 32 टन राहत सामग्री

नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने बताया है कि अब तक 75 विशेष नागरिक उड़ानों के जरिए यूक्रेन में फंसे 15,251 भारतीयों को वापस लाया गया है। भारतीय वायु सेना 12 उड़ानों के जरिए 2467 नागरिकों को वापस ला चुकी है और 32 टन राहत सामग्री पहुंचा चुकी है।

05:54 PM, 08-Mar-2022

सुशिवा से आज एयरलिफ्ट किए गए 410 भारतीय

नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने बताया है कि यूक्रेन में फंसे भारतीय नागरिकों को इसके पड़ोसी देशों से निकालने के लिए ऑपरेशन गंगा के तहत आज सुशिवा से दो विशेष नागरिक उड़ानों के जरिए 410 भारतीयों को एयरलिफ्ट किया गया है। इसके साथ ही 22 फरवरी को विशेष उड़ानों की शुरुआत के बाद से अब तक लगभग 18 हजार भारतीयों को देश वापस लाया जा चुका है।

05:49 PM, 08-Mar-2022

भारतीय दूतावास ने की कॉरिडोर से निकलने की अपील

कीव में भारतीय दूतावास ने कहा है कि यूक्रेन के विभिन्न इलाकों में फंसे लोगों की निकासी के लिए आठ मार्च को एक मानवीय कॉरिडोर का एलान किया गया है। सभी फंसे हुए भारतीय नागरिकों से अनुरोध है कि वह इस अवसर का इस्तेमाल करें और ट्रेन या बस या किसी भी तरह वहां से निकल जाएं।

05:35 PM, 08-Mar-2022

यूक्रेन का दावा, रूस की बढ़त धीमी हुई

यूक्रेन सरकार ने दावा किया है कि रूसी बलों की बढ़त तेजी से कम हुई है और यूक्रेन के बल कुछ इलाकों में लगातार जवाब दे रहे हैं। राष्ट्रपति जेलेंस्की के सलाहकार ओलेक्सीव अरेस्टोविच ने कहा कि कुछ दिशाओं में जहां दुश्मन तेजी से बढ़त बना रहा है वहां उसकी रफ्तार बिल्कुल थम गई है। 

05:28 PM, 08-Mar-2022

एस्टोनिया ने कहा- प्रतिबंधों में कमियां दूर करें पश्चिमी देश 

एस्टोनिया की प्रधानमंत्री काजा कालास ने रूस के खिलाफ पश्चिमी प्रतिबंधों में कमियों को दूर करने की मांग उठाई है। अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन के साथ एक प्रेसवार्ता के दौरान कालास ने कहा करि पश्चिमी देशों को प्रतिबंधों में लूपहोल्स को बंद करने के लिए क्रिप्टोकरेंसी पर नियम सख्त करने की जरूरत है। उन्होंने रूस और बेलारूस को पूरी तरह से स्विफ्ट इंटरबैंकिंग मैसेजिंग सिस्टम से बाहर करने की मांग भी की।

05:11 PM, 08-Mar-2022

सुमी से सभी भारतीय नागरिक निकाले गए

यूक्रेन के सुमी में फंसे सभी भारतीय नागरिकों को निकाल लिया गया है। 12 बसों का काफिला इन लोगों को लेकर यहां से निकला। भारतीय दूतावास और रेड क्रॉस के अधिकारी उनके साथ रहे। जानकारी के अनुसार इन बसों में बांग्लादेशी और नेपाली नागरिकों भी लाया जा रहा है। ये बसें पोलटावा क्षेत्र की ओर बढ़ रही हैं।

04:44 PM, 08-Mar-2022

संघर्ष विराम का उल्लंघन कर रहा रूस: यूक्रेन

यूक्रेन के विदेश मंत्रालय ने कहा है कि युद्ध विराम का उल्लंघन हो रहा है। रूसी बल जपोरिजिया से मारियुपोल के लिए मानवीय कॉरिडोर पर गोलाबारी कर रहे हैं। आठ ट्रक और 30 बसें मारियुपोल में मानवीय मदद पहुंचाने और जपोरिजिया से नागरिकों को निकालने के लिए तैयार हैं। रूस पर दबाव बढ़ाया जाना चाहिए।

04:36 PM, 08-Mar-2022

रूसी तेल खरीदने के लिए शेल ने मांगी माफी

तेल के क्षेत्र की दिग्गज कंपनी शेल ने पिछले सप्ताह कम दाम पर रूसी तेल की शिपमेंट खरीदने के बाद इसके लिए माफी मांगी है। कंपनी ने रूस के साथ तेल, गैस और पेट्रोलियम के क्षेत्र में संबंध समाप्त करने का एलान किया है।

04:28 PM, 08-Mar-2022

20 लाख से अधिक यूक्रेनियों ने छोड़ा देश

संयुक्त राष्ट्र ने बताया है कि यूक्रेन पर रूस का हमला शुरू होने के बाद से अब तक 20 लाख से अधिक यूक्रेनी नागरिक शरणार्थियों के रूप में देश छोड़ चुके हैं। इनमें से अधिकांश लोगों ने पोलैंड में शरण ली है।

04:21 PM, 08-Mar-2022

यूक्रेन में अस्पतालों, एंबुलसों पर हमले तेजी से बढ़े: डब्ल्यूएचओ

विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने चेतावनी दी है कि यूक्रेन के अस्पतालों, एंबुलेंसो और अन्य हेल्थकेयर केंद्रों पर हाल के दिनों में हमले तेजी से बढ़े हैं। इसने कहा कि जरूरी चिकित्सा आपूर्ति की रफ्तार भी धीमी हुई है। डब्ल्यूएचओ ने सोमवार को पुष्टि की ती कि रूस के हमले की शुरुआत के बाद से हेल्थकेयर केंद्रों पर हुए 16 हमलों में कम से कम नौ लोगों की मौत हो चुकी है। 

04:08 PM, 08-Mar-2022

रूस-बेलारूस पर नए प्रतिबंध लगाएगा यूरोपीय आयोग

यूरोपीय आयोग ने रूस और बेलारूस के खिलाफ नए प्रतिबंधों की तैयारी की है।  मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार ये प्रतिबंध रूस के राजनेताओं और कुलीन वर्ग के साथ बेलारूस के तीन बैंकों पर असर डालेंगे।

03:57 PM, 08-Mar-2022

मारियुपोल से शुरू हुआ एक और कॉरिडोर

यूक्रेन में नागरिकों की निकासी के लिए मारियुपोल और जपोरिजिया के बीच एक दूसरा मानवीय कॉरिडोर शुरू किया गया है। यूक्रेन की उप प्रधानमंत्री ने इसकी घोषणा की है।

03:49 PM, 08-Mar-2022

माइकोलाइव पोर्ट पर फंसे 23 नाविकों की निकासी के हो रहे प्रयास

कीव में भारतीय दूतावास ने बताया कि मिशन ने माइकोलाइव पोर्ट पर फंसे 75 भारतीय नाविकों को निकालने के लिए दखल दिया। सोमवार को बसों ने 57 वानाविकों को निकाला था, जिनमें दो लेबनीज और तीन सीरियाई नागरिक भी शामिल थे। कुछ बाधाओं के चलते 23 नाविकों को नहीं निकाला जा सका। मिशन आज उन्हें निकालने का प्रयास कर रहा है।

03:38 PM, 08-Mar-2022

खारकीव और पीशोचिन से सभी भारतीय निकाले गए

केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने बताया है कि यूक्रेन के खारकीव और पीशोचिन से सभी भारतीयों को निकाल लिया गया है। सुमी में कल रात करीब 700 बच्चे थे, लेकिन वे भी बसों के जरिए अब वहां से निकलकर पोलटोवा जा रहे हैं। बचे हुए सभी बच्चों को सुरक्षित देश में वापस लाया जाएगा।

02:47 PM, 08-Mar-2022

सूमी से 694 भारतीय रवाना- केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी

केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी ने मंगलवार को बताया कि, कल रात तक 694 भारतीय यूक्रेन के सूमी में मौजूद थे। इन सभी को बसों से पोल्टावा के लिए रवाना कर दिया गया है। अब सूमी में एक भी भारतीय नहीं है। 

02:30 PM, 08-Mar-2022

सूमी से आम नागरिकों की निकासी शुरू

यूक्रेन के सूमी में सीजफायर के बाद मानवीय कॉरिडोर को खोल दिया गया है। स्पुतनिक न्यूज के मुताबिक, यूक्रेन के डिप्टी पीएम ने बताया कि मानवीय कॉरिडोर के जरिए पहले जत्थे को रवाना कर दिया गया है। 

01:53 PM, 08-Mar-2022

किसी भी कीमत पर रोको रक्तपात- यानुकोविच, यूक्रेन के पूर्व राष्ट्रपति 

यूक्रेन के पूर्व राष्ट्रपति विक्टर यानुकोविच ने वोलोदिमिर जेलेंस्की पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा है कि, उन्हें किसी भी कीमत पर इस रक्तपात को रोकना चाहिए। उन्होंने कहा कि, हर कीमत पर जेलेंस्की को शांति समझौते पर पहुंचना चाहिए। 

12:55 PM, 08-Mar-2022

सूमी में बमबारी, कम से कम नौ की मौत

रूस-यूक्रेन के बीच हुई बमबारी में सूमी में कम से कम नौ लोगों की मौत की खबर है। जानकारी के मुताबिक, बचाव दल ने कम से कम नौ लोगों की मौत की पुष्टि की है। मरने वालों में दो बच्चे भी शामिल हैं। 

12:35 PM, 08-Mar-2022

यूक्रेन के 202 स्कूल व 34 अस्पताल तबाह

मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि, यूक्रेन पर रूस के हमले में 202 से ज्यादा स्कूल, 34 अस्पताल पूरी तरह तबाह हो गए हैं। इसके अलावा 1500 से ज्यादा आवासीय इमारतों को भी नुकसान पहुंचा है। 

12:27 PM, 08-Mar-2022

ब्रिटेन की संसद को संबोधित करेंगे जेलेंस्की

रूस-यूक्रेन जंग के बीच राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की आज रूस की संसद को संबोधित करेंगे। वह वर्चुअली हाउस ऑफ कॉमन्स का हिस्सा होंगे। इस दौरान वह यूक्रेन के लिए हथियार और नो-फ्लाई जोन की मांग कर सकते हैं। 

11:14 AM, 08-Mar-2022

यूक्रेन में बमबारी रुकने के बाद भारत आएगा नवीन का शव- कर्नाटक सीएम

यूक्रेन में रूसी हमले का शिकार हुए कर्नाटक के नवीन शेखरप्पा का शव जंग समाप्त होने के बाद भारत लाया जाएगा। कर्नाटक की सीएम बसवराज बोम्मई ने मंगलवार को बताया कि, इस मामले में विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर से बात हुई है। उन्होंने सूचित किया है कि नवीन का शव मुर्दाघर में रखा गया है। गोलाबारी रुकने के बाद उनका पार्थिव शरीर भारत लाया जाएगा। 

10:32 AM, 08-Mar-2022

रूस ने तबाह किए यूक्रेन के 26 सैन्य ढांचे

रूस की ओर से यूक्रेन के कई सैन्य ठिकानों पर एयरस्ट्राइक की गई है। रूसी रक्षा मंत्रालय की ओर से कहा गया है कि, इस एयरस्ट्राइक में उसने यूक्रेन के 26 सैन्य ढांचों को पूरी तरह से बर्बाद कर दिया है। 

09:47 AM, 08-Mar-2022

आज 12ः30 बजे से रूस का सीजफायर

भारत में रूसी दूतावास ने बताया कि, यूक्रेन के युद्धग्रस्त क्षेत्रों से लोगों को निकालने के लिए आज दोपहर 12ः30 बजे(भारतीय समयानुसार) से सीजफायर रहेगा। इस दौरान लोगों को निकालने के लिए मानवीय कॉरिडोर बनाया जाएगा। 

09:35 AM, 08-Mar-2022

रूस पर लगे सबसे ज्यादा प्रतिबंध

यूक्रेन पर हमले के बाद रूस सबसे ज्यादा प्रतिबंधों वाला देश बन गया है। यहां तक कि, प्रतिबंधों के मामले में रूस ने ईरान व उत्तर कोरिया को भी पीछे छोड़ दिया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 2,778 नए प्रतिबंधों के साथ कुल 5,530 प्रतिबंध रूस पर अब तक लगाए गए हैं। 

08:31 AM, 08-Mar-2022

खारकीव में परमाणु ऊर्जा केंद्र पर हुई गोलीबारी

इंटरनेशनल एटॉमिक एनर्जी एजेंसी का कहना है कि रूस की ओर से गोलीबारी में यूक्रेन के दूसरे सबसे बड़े शहर खारकीव में परमाणु ऊर्जा केंद्र को नुकसान पहुंचने की खबर है। हालांकि, अभी तक किसी भी प्रकार के रेडिएशन की सूचना नहीं है। 

08:23 AM, 08-Mar-2022

खारकीव में मारा गया रूसी जनरल- यू्क्रेन

13वें दिन की जंग के बीच यूक्रेन की ओर से बड़ा दावा किया गया है। यूक्रेनी सेना के खुफिया विभाग का कहना है कि खारकीव में उसने रूसी जनरल को मार गिराया है। इसकी पहचान मेजर जनरल विटैली गेरासिमोव के रूप में हुई है। अधिकारियों का कहना है कि इस मेजर जनरल ने रूस की ओर से क्रीमिया, चेचन और सीरिया की लड़ाई में भाग लिया था। हालांकि, रूस की ओर से अभी तक इस पर कोई टिप्पणी नहीं की गई है। 

07:57 AM, 08-Mar-2022

यूक्रेन के ट्रांसपोर्टेशन को 10 अरब डॉलर का नुकसान

रूस-यूक्रेन के बीच जारी जंग में दोनों देशों को भारी नुकसान हो रहा है। इस बीच यूक्रेन की ओर से दावा किया गया है कि, उसे ट्रांसपोर्टेशन में अब तक करीब 10 अरब डॉलर का नुकसान हो चुका है।

07:32 AM, 08-Mar-2022

Ukraine Russia War Live: रूस ने कुछ देशों से आयात-निर्यात रोका, रूसी सेना ने नष्ट कर दिए यूक्रेन के 61 अस्पताल

यूक्रेन में फंसे 200 छात्रों को लेकर एक और फ्लाइट आज सुबह दिल्ली पहुंच गई। इन छात्रों को रोमानिया के रास्ते एयरलिफ्ट कराया गया। एक छात्र का कहना है कि हम जिस रास्ते पर थे, वहां कोई बमबारी नहीं हुई। दूतावास के अधिकारियों ने हमारी हर कदम पर मदद की। 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें