एक टेलीविजन पर दिए भाषण में वोलोदिमिर जेलेंस्की ने कहा कि रूस के साथ शांति वार्ता जारी है "लेकिन फिलहाल केवल शब्द हैं, कुछ भी ठोस नहीं है।" जेलेंस्की ने यह भी कहा कि यूक्रेन डोनबास पर रूसी हमलों को जवाब देने की तैयारी कर रहा है।
रूस के वाणिज्य विभाग में निर्यात प्रशासन के सहायक सचिव थिया केंडलर ने कहा कि रूस के निर्यात पर लगे वैश्विक प्रतिबंधों ने एक कार निर्माता को उत्पादन बंद करने, टैंकों पर काम बंद करने और एक कंप्यूटर निर्माता की आवश्यक सर्किट तक पहुंच को रोकने पर मजबूर कर दिया है। केंडलर ने कहा, "आवश्यकता निर्यात नियंत्रण और अन्य उपायों पर अभूतपूर्व सहयोग कई देशों को एक साथ लाया है, जो पुतिन द्वारा छेड़े गए युद्ध पर सार्थक प्रभाव डाल रहे हैं।
यूक्रेन के शहर डीनिप्रो में रूसी सेना ने हवाई हमले तेज कर दिए हैं। यूक्रेन के एक अधिकारी ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि हमले में एक तेल डिपो को निशाना बनाया गया। हालांकि इस हमले में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
अमेरिका के विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकेन ने क्षेत्रीय प्राथमिकताओं की समीक्षा करने, यूक्रेन में बिगड़ती मानवीय स्थिति और मुक्त हिंद-प्रशांत क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए बुधवार को विदेश मंत्री एस जयशंकर से फोन पर बात की। विदेश विभाग के प्रवक्ता नेड प्राइस ने बताया कि दोनों नेताओं ने ‘‘यूक्रेन में बिगड़ती मानवीय स्थिति तथा स्वतंत्र, खुले, सुरक्षित और समृद्ध हिंद-प्रशांत क्षेत्र को बढ़ावा देने के हमारे साझा प्रयासों समेत क्षेत्रीय प्राथमिकताओं की समीक्षा करने के बारे में बातचीत की।’’ पिछले महीने भी ब्लिंकेन ने जयशंकर के साथ टेलीफोन पर बातचीत की थी और यूक्रेन पर रूस के हमले की निंदा करने के लिए एक मजबूत सामूहिक प्रतिक्रिया के महत्व पर बल दिया था।
अमेरिकी रक्षा विभाग पेंटागन ने बुधवार को कहा कि पिछले 24 घंटे में कीव के आसपास के इलाके में तैनात कुछ रूसी सैनिक उत्तर की ओर या बेलारूस की तरफ जाते हुए दिखे हैं। पेंटागन के प्रेस सचिव जॉन किर्बी ने कहा कि अमेरिका इसे रूसी सेना की मौजूदगी में कमी के तौर पर नहीं देखता, बल्कि रूस अपने सैनिकों को नए सिरे से अन्य स्थानों पर तैनाती की रणनीति अपना रहा है। उन्होंने कहा, ‘‘हमें यह नहीं पता कि ये सैनिक कहां जा रहे हैं।’’ हालांकि, किर्बी ने कहा कि रूस ने डोनबास क्षेत्र को प्राथमिकता देने की बात कही है। किर्बी ने यह भी कहा कि अमेरिकी रक्षा मंत्री लॉयड ऑस्टिन और थल सेना प्रमुख मार्क मिली अपने रूसी समकक्षों से बात करने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन वे बातचीत के लिए इच्छुक नहीं हैं।
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने नार्वे की संसद को संबोधित करते हुए कहा कि रूस यूरोप की बुनियाद को नष्ट कर देना चाहता है। नार्वे की 169 सदस्यीय संसद स्टॉर्टिनजेट को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए जेलेंस्की ने कहा कि यूरोप का भविष्य अब निर्धारित किया जा रहा है। यूक्रेन में रूसी सैन्य गतिविधियों को लेकर जेलेंस्की ने कहा कि रूस के लिए यहां कोई प्रतिबंधित लक्ष्य नहीं है।
संयुक्त राष्ट्र शरणार्थी एजेंसी ने कहा है कि रूस के हमले के बाद से अब तक 40 लाख से ज्यादा लोग यूक्रेन छोड़ चुके हैं। एजेंसी ने कहा कि द्वितीय विश्व युद्ध के बाद से यूरोप में यह सबसे बड़ा शरणार्थी संकट है।
यूक्रेन पर हमलावर रूस के खिलाफ अब पोलैंड भी खुलकर सामने आने लगा है। पोलैंड के प्रधानमंत्री ने कहा है कि वह रूस से होने वाली तेल आपूर्ति में 2022 के अंत तक कटौती करने के लिए कदम उठाएंगे।
गैस संकट के बीच जर्मनी में इमरजेंसी प्लान लागू किया गया है। इसके तहत एक कमेटी गठित की गई है, जो गैस आपूर्ति पर नजर रखेगी। वर्तमान में जर्मनी के गैस भंडार लगभग 25 प्रतिशत क्षमता से भरे हुए हैं।
एक तरफ रूस में यूक्रेन के कीव व चेर्निहीव में हमले कम करने का वादा किया है। लेकिन दूसरी तरह पूरे यूक्रेन में उसने बमबारी जारी रखी है। रिपोर्ट के मुताबिक, कीव, जाइतोमिर, खारकीव देनिप्रो, पोल्टावा में कई जगह धमाकों की आवाज सुनाई दी।
जंग का आज 35वां दिन है। मंगलवार को रूस-यूक्रेन के प्रतिनिधिमंडल के बीच इस्तांबुल में बातचीत हुई। इस दौरान रूस ने कीव और चेर्निहीव में सैन्य अभियान कम करने का एलान किया है।
यूक्रेन के मायकोलायिव शहर पर रूस ने मिसाइल से हमला किया है। इस हमले में अब तक 12 लोगों की मौत चुकी है। वहीं इमारत गिरने से 35 लोग घायल भी हुए हैं।